SSC JE Notification 2022: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा जूनियर इंजीनियर पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। ‌अभ्यर्थी SSC Junior Engineer Recruitment 2022 के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर आज यानी 12 अगस्त 2022 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 2 सितंबर 2022 निर्धारित की गई है।

आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, इस प्रक्रिया के माध्यम से बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन, सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट, सेंट्रल वॉटर कमिशन और मिलिट्री इंजीनियर सर्विस सहित अन्य विभागों में सिविल / इलेक्ट्रिकल / मैकेनिकल ट्रेड में जूनियर इंजीनियर पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों पर भर्ती के लिए चयन दो चरणों की लिखित परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। यह लिखित परीक्षा नवंबर में आयोजित किए जाने की संभावना है।

जूनियर इंजीनियर पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थी के पास संबंधित ट्रेड में इंजीनियरिंग की डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा आयु 30 / 32 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। हालांकि, सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन चेक कर सकते हैं।

जूनियर इंजीनियर पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 35400 रुपए से 112400 रुपए महीने तक का वेतन दिया जाएगा। अभ्यर्थी SSC JE Recruitment 2022 के लिए आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर 12 अगस्त से 2 सितंबर 2022 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को 100 रुपए आवेदन शुल्क जमा करना होगा। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं।