प्रेम चंद बैरवा शुक्रवार ने राजस्थान के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। 54 वर्षीय बैरवा दूदू विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हैं। दलित समुदाय से आने वाले प्रेम चंद बैरवा का शुरुआती जीवन संघर्षों से भरा था। उन्होंने जीवनयापन के लिए हर वो काम किया, जो वह कर सकते थे।
बकरी चराने से लेकर दूसरों की खेतों में मजदूरी करने तक
प्रेम चंद बैरवा का जन्म साल 1969 में एक गरीब किसान परिवार में हुआ था। घर के नाम घास-फूस की झोपड़ी थी। पिता राम चंद्र बैरवा के पास खेती के लिए थोड़ी जमीन थी, जो परिवार को पालने के लिए पर्याप्त नहीं थी। यही वजह रही कि प्रेम चंद बैरवा कम उम्र में ही काम करने लगे। वह पढ़ाई के साथ-साथ अपने और दूसरों की खेतों में काम किया करते थे।
इसके अलावा उन्होंने बकरी चराने, मजदूरी करने और सिलाई करने भी काम किया। धीरे-धीरे मेहनत रंग लाई। सिलाई के साथ-साथ कपड़ों के एक्सपोर्ट का भी शुरू कर दिया। इस क्षेत्र का स्थापित व्यापारी बनने से पहले 3-4 साल तक LIC एजेंट के रूप में भी काम किया।
जब पैसा आने लगा तो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करने लगे और राजनीति में भी उतर गए। कॉलेज के दिनों में ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में सक्रिय हो गए और 24 साल की उम्र में भाजपा में चले गए। यहां भी उन्हें कामयाबी मिलती गई और 2013 में पहली बार विधायक बने।
परिवार में कौन-कौन?
प्रेम चंद बैरवा के परिवार में उनकी पत्नी नारायणी देवी हैं, जो घर संभालती हैं। दंपत्ति को कुल चार संतान है- तीन बेटी और एक बेटा। दो बड़ी बेटियों की शादी हो गई है। बेटा सबसे छोटा है। सबसे छोटी बेटी पूजा (24) और इकलौता बेटा चिन्मय (17) पिता पर आश्रित हैं।
खाने में बैरवा को लौकी बहुत पसंद है। हरी साग-सब्जी के भी शौकीन हैं। भजन गाना और भजन पर झूमना भी उन्हें खूब आता है। मंजीरा और ढोलक भी बढ़िया बजा लेते हैं। वॉलीबॉल खेलना अब भी पसंद है। स्वस्थ रहने के लिए रोज सुबह टहलते हैं।
बैरवा के खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है। ना ही वह किसी आपराधिक मामले में दोषी पाए गए हैं।
आज पेट्रोल पंप और तीन करोड़ के खेत के हैं मालिक
अपना शुरुआती जीवन भयंकर गरीबी में बिताने वाले प्रेम चंद बैरवा अब करोड़ों के मालिक हैं। उनके पास सोना, चांदी, घर, गाड़ी और बड़ी संख्या में जमीन है। वह कृषि योग्य तीन करोड़ रुपये की जमीन के मालिक हैं। 55 लाख रुपये की गैर कृषि भूमि है। बैरवा के नौ बैंक खातों में तीन लाख 83 हजार 871 रुपये हैं। खुद के पास 200 ग्राम सोना (6 लाख 50 हजार रुपये) और पत्नी के पास 250 ग्राम सोना (7 लाख 50 हजार रुपये) है।
पत्नी-पत्नी के पास लाखों रुपये की गाड़ी है। बैरवा एक पेट्रोल पंप (BPCL) के डीलर भी हैं। प्रेम चंद बैरवा की संपत्ति के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए फोटो पर क्लिक करें:

कभी मजदूर थे प्रेमचंद बैरवा, आज हैं पेट्रोल पंप और तीन करोड़ के खेत के मालिक