ब्रिटेन की कंजरवेटिव पार्टी के सदस्यों ने लिज ट्रस को नए प्रधानमंत्री (PM Liz Truss) के रूप में चुना है। ट्रस पिछली बोरिस जॉनसन सरकार में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री थीं। पार्टी के साथी सांसदों के विद्रोह के बीच वह जॉनसन के प्रति वफादार रहीं। ट्रस पूर्व ट्रेजरी प्रमुख भारतीय मूल के ऋषि सुनक को हराकर प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंची हैं। ट्रस यूके सरकार का नेतृत्व करने वाली तीसरी महिला हैं। आइए जानते हैं लिज ट्रस की निजी जिंदगी और राजनीतिक यात्रा के बारे में:
कौन हैं लिज ट्रस?
47 साल की लिज ट्रस कंजरवेटिव हैं। 12 साल से सांसद हैं। आठ से कैबिनेट मंत्री हैं। तीन प्रधानमंत्रियों के अधीन काम किया है। ट्रस का जन्म साल 1975 में ऑक्सफोर्ड शहर में हुआ था। उनका पालन-पोषण स्कॉटलैंड और नॉर्थ इंग्लैंड में वामपंथी माता-पिता ने की। ट्रस की मां पेशे से नर्स और पिता गणित के प्रोफेसर रहे हैं।
ट्रस ने भी अपनी राजनीतिक सफर की शुरुआत लेफ्ट से ही की थी। उन्होंने दर्शनशास्त्र, राजनीति और अर्थशास्त्र की शिक्षा ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से हासिल की। विश्वविद्यालय में रहते हुए वह लिबरल डेमोक्रेट्स का हिस्सा रहीं और राजशाही उन्मूलन अभियान चलाया। हालांकि बाद में वह पूरी तरह दक्षिणपंथी राजनीति का हिस्सा बन गईं। ट्रस की पहचान एक उदारवादी नेता की है, जो छोटे राज्यों और टैक्स को कम रखने की समर्थक हैं।
राजनीतिक सफर और फैसले
परिवार के राजनीतिक मतभेद के बावजूद लिज ने 2010 में कंजरवेटिव पार्टी से चुनाव लड़ा। पिता बेटी के इस महत्वपूर्ण चुनाव से दूर रहे। हालांकि ट्रस चुनाव जीत गईं और पहली बार सांसद बनीं। शिक्षा मंत्री के रूप में चर्चा में रहने के बाद साल 2014 में वह पर्यावरण मंत्री बनीं। ट्रस शुरुआत में ब्रेक्जिट विरोधी रही हैं। लेकिन बाद में विचार बदल लिया।
विदेश सचिव रहते हुए ट्रस ने पश्चिम को ताइवान को बांटने के लिए तैयार रहने का सुझाव देकर चीन से नाराजगी मोल ली थी। रूस के आक्रमणकारी तेवर से डरे हुए बाल्टिक राज्य ट्रस को ऐसे नेता के रूप में देख रहे हैं, जो कठिन समय में उनके लिए खड़ी होंगी।
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में लिज ट्रस के चयन पर रूस ने नकारात्म प्रतिक्रिया दी है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा है, अब मॉस्को और लंदन के बीच ठंडे पड़े संबंध और बिगड़ सकते हैं। वहीं चीन ने भी ट्रस पर तंज कसा है।
ट्रस कई बार असहज करने देने वाली बात भी पूरे साहस से कहती हैं। साल 2015 में देश की खाद्य समस्या पर बोलते हुए ट्रस ने कहा था, “हम अपने उपयोग का दो-तिहाई चीज (cheese) आयात करते हैं, यह एक अपमानजनक है!”
पहली बार टॉप चार मंत्रालयों में कोई श्वेत पुरुष नहीं
मंगलवार को ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ ने कंजर्वेटिव पार्टी की नेता लिज ट्रस को औपचारिक रूप से देश का प्रधानमंत्री नियुक्त किया। प्रधानमंत्री ट्रस का कैबिनेट बहुत की अनोखा है। पहली बार किसी श्वेत व्यक्ति को देश के चार सबसे महत्वपूर्ण मंत्री पदों में से किसी पर नहीं रखा गया है। ट्रस ने ब्रिटेन के पहले अश्वेत वित्त मंत्री के रूप में क्वासी क्वार्टेंग को नियुक्त किया। क्वार्टेंग के माता-पिता 1960 के दशक में घाना से आए थे।
इसी तरह जेम्स क्लीवरली को ब्रिटेन के पहले अश्वेत विदेश मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है। भारतीय मूल की प्रीति पटेल की जगह सुएला ब्रेवरमैन को गृह मंत्री बनाया गया है। ब्रेवरमैन के माता-पिता छह दशक पहले केन्या और मॉरीशस से ब्रिटेन आए थे। 42 वर्षीय ब्रेवरमैन का संबंध गोवा और तमिल से भी बताया जा रहा है।