लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की अगुवाई कर रही सपा का सबसे बड़ा कंफ्यूजन तो खत्म हो गया है लेकिन शायद कांग्रेस का कन्फ्यूजन अभी बरकरार है। तमाम अटकलों, ना-नुकर के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव कन्नौज से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। लेकिन कांग्रेस में अमेठी और रायबरेली को लेकर अभी आशंका के बादल नहीं छंटे हैं।
Kannauj Lok Sabha Election 2024: मुलायम, डिंपल भी रहे यहां से सांसद
कन्नौज से साल 1999 में अखिलेश के पिता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, 2000 से 2012 तक खुद अखिलेश यादव और 2012 से 2019 तक उतनी उनकी पत्नी डिंपल यादव सांसद रह चुकी हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के सुब्रत पाठक ने डिंपल यादव को हराया था।
कन्नौज से समाजवादी पार्टी ने पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के दामाद तेज प्रताप यादव को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन 2 दिन के भीतर ही सपा की ओर से यह संदेश आ गया कि अब खुद पार्टी के मुखिया यहां से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
बीजेपी ने एक बार फिर यहां से सुब्रत पाठक को ही उम्मीदवार बनाया है। अखिलेश यादव के चुनाव मैदान में उतरने के बाद यह तय माना जा रहा है कि कन्नौज में चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प होगा।
Akhilesh Yadav Lok sabha chunav 2024: जबरदस्त कंफ्यूजन में दिखे अखिलेश
उत्तर प्रदेश में टिकट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव जबरदस्त कंफ्यूजन में दिखाई दिए। उन्होंने कई सीटों पर प्रत्याशियों का पहले तो ऐलान किया लेकिन फिर उनकी जगह दूसरे प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया। ऐसी सीटों में कन्नौज के अलावा मेरठ-हापुड़, बदायूं, बागपत, मुरादाबाद, मिश्रिख, गौतम बुद्ध नगर और बिजनौर शामिल हैं।
कुछ लोकसभा सीटें तो ऐसी हैं जहां पर प्रत्याशियों को दो बार बदला गया। उदाहरण के लिए बदायूं से सबसे पहले अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव को उम्मीदवार बनाया गया लेकिन बाद में अखिलेश ने यहां से अपने चाचा शिवपाल यादव को टिकट दे दिया। कुछ दिन बाद शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव पार्टी के उम्मीदवार बना दिए गए।
इसी तरह मेरठ-हापुड़ सीट से सपा ने पहले एडवोकेट भानु प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया। लेकिन बाद में मेरठ की सरधना सीट से विधायक अतुल प्रधान को टिकट थमा दिया। लेकिन नामांकन से ठीक पहले अतुल प्रधान का भी टिकट काटकर सुनीता वर्मा को दे दिया।

Amethi Lok Sabha Seat 2024: क्या अमेठी से लड़ेंगे राहुल?
राजनीति और मीडिया के गलियारों में इस बात की जबरदस्त चर्चा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी सीट से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। राहुल 2004 से 2019 तक अमेठी से सांसद रह चुके हैं। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हराया था। तब राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़े थे और वहां से जीत कर संसद में पहुंचे थे। राहुल गांधी ने इस बार भी वायनाड सीट से नामांकन किया है। बीजेपी ने इस बार फिर से स्मृति ईरानी को यहां से चुनाव मैदान में उतारा है।
खबरों के मुताबिक, कांग्रेस 26 अप्रैल के बाद अमेठी और रायबरेली सीट पर उम्मीदवार उतार सकती है। ऐसी भी चर्चा है कि राहुल गांधी 1 मई को अमेठी से नामांकन करेंगे।

Raebareli Lok Sabha Seat 2024: प्रियंका को लेकर स्थिति साफ नहीं
कांग्रेस में अमेठी से ज्यादा कन्फ्यूजन रायबरेली सीट को लेकर दिखाई देता है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी साल 2004 से लगातार रायबरेली सीट से चुनाव जीतती रही हैं। लेकिन इस बार पार्टी ने उन्हें राजस्थान से राज्यसभा का सदस्य बनाया है। इसके बाद से ही रायबरेली में कांग्रेस का उम्मीदवार कौन होगा, इसे लेकर अटकलों का दौर जारी है।
कहा जा रहा है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी यहां से चुनाव लड़ा सकती है लेकिन इसे लेकर भी स्थिति कुछ साफ नहीं है। निश्चित रूप से रायबरेली और अमेठी जैसी परंपरागत सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों का ऐलान होने का इंतजार इन संसदीय सीटों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी है।
इस तरह की चर्चा है कि कांग्रेस यहां से वरुण गांधी को टिकट दे सकती है। वरुण गांधी को बीजेपी ने इस बार पीलीभीत सीट से टिकट नहीं दिया है। वरुण गांधी पार्टी के सांसद रहते हुए कई मुद्दों पर मोदी सरकार की आलोचना कर चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी रायबरेली सीट का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
प्रियंका गांधी की टीम रायबरेली में सक्रिय है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक इस बात को लेकर पार्टी की ओर से पॉजिटिव मैसेज है कि अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ सकती हैं।

Raebareli BJP Candidate 2024: बीजेपी भी है इंतजार में
रायबरेली सीट से बीजेपी ने भी अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। शायद वह कांग्रेस के उम्मीदवार का ऐलान होने के बाद ही अपना प्रत्याशी घोषित करेगी। बीजेपी रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर विधायक रहे मनोज पांडे और कांग्रेस की पूर्व विधायक अदिति सिंह को अपने पाले में लाकर खुद को मजबूत कर चुकी है।