लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में बीजेपी और सपा ने कई नेताओं के बेटे-बेटियों को चुनाव मैदान में उतार दिया है। इसके अलावा क्षेत्रीय दल भी वंशवाद की राह पर हैं। विश्लेषण से पता चलता है कि दूसरे राजनीतिक दलों को वंशवाद पर भाषण देने वाली बीजेपी ने भी नेताओं के बच्चों को खुलकर टिकट बांटे हैं।
Deoria Lok Sabha Election 2024: शशांक मणि त्रिपाठी को उतारा मैदान में
उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश की देवरिया सीट पर बीजेपी ने शशांक मणि त्रिपाठी को टिकट दिया है। शशांक मणि त्रिपाठी के पिता प्रकाशमणि त्रिपाठी दो बार सांसद रह चुके हैं। बीजेपी ने शशांक मणि को टिकट देने के लिए देवरिया से मौजूदा सांसद रमापति राम त्रिपाठी का भी टिकट काट दिया है।

पीलीभीत से बीजेपी के उम्मीदवार जितिन प्रसाद के पिता जितेंद्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे और वह दो पूर्व प्रधानमंत्रियों- राजीव गांधी और पीवी नरसिम्हा राव के राजनीतिक सलाहकार भी रहे थे। जितिन प्रसाद योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं।
उत्तर प्रदेश की बहराइच लोकसभा सीट से बीजेपी के सांसद अक्षय वर लाल गोंड के बेटे डॉक्टर आनंद गोंड को बीजेपी ने इस बार टिकट दिया है।
इसके अलावा बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष रहे केशरी नाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी को इलाहाबाद लोकसभा सीट से टिकट दिया है। केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर मोहनलालगंज से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनकी पत्नी जयादेवी मलिहाबाद से विधायक हैं। अंबेडकर नगर लोकसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार रितेश पांडे के पिता राकेश पांडे सपा के विधायक हैं। गोंडा से बीजेपी उम्मीदवार कीर्तिवर्धन सिंह के पिता कुंवर आनंद सिंह सांसद, विधायक और मंत्री रहे थे।
Ghosi Lok Sabha seat 2024: घोसी से ओमप्रकाश राजभर के बेटे मैदान में
एनडीए गठबंधन में शामिल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर घोसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। ओम प्रकाश राजभर खुद योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।

Bijnor Lok Sabha seat 2024: चंदन चौहान के पिता रहे हैं सांसद
पश्चिम उत्तर प्रदेश में अपना असर रखने वाली रालोद को एनडीए से गठबंधन के तहत दो सीटें मिली हैं। रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बिजनौर सीट पर चंदन चौहान को अपना प्रत्याशी बनाया है। चंदन चौहान के पिता भी बिजनौर से सांसद रहे हैं। जयंत चौधरी के पिता चौधरी अजित सिंह केंद्र सरकार में मंत्री रहे थे जबकि दादा चौधरी चरण सिंह देश के प्रधानमंत्री रह चुके थे।
UP BJP Assembly Election 2022: विस चुनाव में कई नेताओं को दिया टिकट
इतना ही नहीं साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भी कई राजनीतिक घरानों के युवाओं को बीजेपी ने टिकट दिया और ये जीत कर विधानसभा पहुंचे थे। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह, बीजेपी सांसद कमलेश पासवान के भाई विमलेश पासवान, पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह के बेटे फतेह बहादुर सिंह, पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह की पत्नी रानी पक्षालिका सिंह, पूर्व विधायक अखिलेश सिंह की बेटी अतिथि सिंह, सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे प्रतीक भूषण सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह के बेटे अनुराग सिंह, पार्टी के वरिष्ठ नेता रामकुमार वर्मा के बेटे शशांक वर्मा, पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र श्रीवास्तव के बेटे सौरव श्रीवास्तव, पूर्व विधायक अशोक वाजपेयी के बेटे हर्षवर्धन वाजपेयी, वरिष्ठ नेता ब्रहमदत्त द्विवेदी के बेटे सुनील द्विवेदी, लखनऊ के पूर्व मेयर डीपी वोरा के बेटे नीरज वोरा और राम प्रकाश त्रिपाठी की बेटी अर्चना पांडे का नाम शामिल है।

Yogi Government Dynasts Politics: योगी कैबिनेट में भी परिवारवाद
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल में भी 6 मंत्री ऐसे हैं जो वंशवाद का उदाहरण हैं। इनमें सूर्य प्रताप शाही का नाम सबसे पहले है। शाही के चाचा रविंद्र किशोर शाही भारतीय जनसंघ की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष थे और 1977 में उत्तर प्रदेश में बनी जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री भी थे।
बता दें कि 1980 में बीजेपी का गठन होने से पहले इसका पुराना नाम भारतीय जनसंघ ही था। रविंद्र किशोर शाही के निधन के बाद सूर्य प्रताप शाही उनकी राजनीतिक विरासत को संभाल रहे हैं।
योगी सरकार में स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल के पिता नरेश अग्रवाल लंबे समय तक सपा और बसपा में रहने के बाद 2018 में बीजेपी में शामिल हो गए थे। बीजेपी के दिग्गज नेता रहे कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया एटा से सांसद हैं तो उनके पोते संदीप सिंह योगी सरकार में स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री हैं। राजू भैया की पत्नी प्रेमलता वर्मा भी विधायक रह चुकी हैं।

UP SP Candidates List 2024: आदित्य यादव बदायूं से लड़ रहे चुनाव
अब बात सपा की करें तो सपा ने बदायूं सीट से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव को टिकट दिया है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव व कई बार विधायक रहे इंद्रजीत सरोज के बेटे पुष्पेंद्र सरोज को कौशांबी से चुनाव लड़ाया जा रहा है। केराकत सीट से सपा विधायक तूफानी सरोज की बेटी प्रिया सरोज को मछलीशहर सीट से टिकट दिया गया है।
Kairana Lok Sabha seat Iqra Hasan: कैराना से इकरा हसन मैदान में
पश्चिम उत्तर प्रदेश की कैराना सीट से सपा ने पूर्व सांसद मुनव्वर हसन व तबस्सुम हसन की बेटी इकरा हसन को अपना प्रत्याशी बनाया है। इकरा हसन के भाई नाहिद हसन सपा के विधायक हैं। गोंडा सीट से सपा के बड़े नेता रहे बेनी प्रसाद वर्मा की पोती श्रेया वर्मा को टिकट दिया गया है।
सपा ने संभल सीट से कई बार सांसद और विधायक रहे शफीकुर रहमान बर्क के पोते जियाउर रहमान बर्क को संभल से टिकट दिया है। शफीकुर रहमान बर्क का कुछ महीने पहले निधन हो गया था।

Amethi Lok Sabha Seat 2024: अमेठी, रायबरेली से लड़ सकते हैं राहुल और प्रियंका
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में बाराबंकी सीट पर पूर्व सांसद और पूर्व नौकरशाह पीएल पूनिया के बेटे तनुज पूनिया को टिकट दिया है। अगर राहुल गांधी अमेठी और प्रियंका गांधी रायबरेली सीट से चुनाव मैदान में उतरते हैं तो यह आंकड़ा बढ़ सकता है।
मायावती ने हालांकि अपने भतीजे आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया है और उन्हें बसपा का नेशनल को-ऑर्डिनेटर भी बनाया है। मायावती ने अपने भाई आनंद कुमार को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। जौनपुर सीट पर बसपा ने पूर्व सांसद धनजंय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
टीएमसी को इंडिया गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश में एक सीट (भदोही) मिली है। इस सीट से कांग्रेस के कद्दावर नेता कमलापति त्रिपाठी के पड़पोते ललितेश पति त्रिपाठी चुनाव लड़ रहे हैं।