सिक्किम में हुए विधानसभा चुनाव में क्षेत्रीय दल सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) को रिकॉर्ड जीत मिली है। राज्य की 32 विधानसभा सीटों में से 31 सीटें एसकेएम ने ही जीती हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग की पार्टी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) को सिर्फ एक सीट से संतोष करना पड़ा है। एसकेएम को 58.38 प्रतिशत वोट मिले जबकि एसडीएफ को 27.37 प्रतिशत वोट मिले।
इस विधानसभा चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस दोनों का ही सिक्किम में खाता नहीं खुल सका।
सिक्किम के लोगों ने शुरू से ही किसी राष्ट्रीय पार्टी पर भरोसा नहीं जताया है। यहां शुरू से ही क्षेत्रीय पार्टियों को सत्ता मिलती रही है। बीजेपी 20 साल में भी अपना वोट प्रतिशत का आंकड़ा दहाई में नहीं पहुंचा सकी है। 2004 में बीजेपी को 0.34 फीसदी वोट मिले थे और 2024 में यह आंकड़ा 5.18 प्रतिशत तक ही पहुंच सका।
Sikkim Assembly Election: सिक्किम में कब किसे मिलीं कितनी सीटें और वोट प्रतिशत
| साल | कितनी सीटें मिली | मिले वोट (प्रतिशत में) |
| 1979 | एसजेपी – 16 एससीआर – 11 | कांग्रेस – 2.04 एससीआर – 20.58 एसजेपी – 31.49 |
| 1985 | कांग्रेस- 1 एसएसपी- 30 | कांग्रेस- 24.15 एसएसपी- 62.2 |
| 1989 | एसएसपी- 32 | कांग्रेस- 18.05 एसएसपी- 70.41 |
| 1994 | कांग्रेस- 2 एसएसपी- 10 एसडीएफ- 19 | कांग्रेस- 15.02 एसएसपी- 35.08 एसडीएफ- 42 |
| 1999 | एसएसपी- 7 एसडीएफ- 24 | कांग्रेस- 3.67 एसएसपी- 41.88 एसडीएफ- 52.32 |
| 2004 | कांग्रेस- 1 एसडीएफ- 27 | कांग्रेस- 26.13 एसएसपी- 0.05 एसडीएफ- 71.09 बीजेपी – 0.34 |
| 2009 | एसडीएफ- 32 | कांग्रेस- 27.64 एसडीएफ- 65.91 बीजेपी – 0.78 |
| 2014 | एसडीएफ- 22 एसकेएम- 10 | एसकेएम- 40.8 एसडीएफ- 55.03 कांग्रेस- 1.42 बीजेपी – 0.71 |
| 2019 | एसडीएफ- 15 एसकेएम- 17 | एसकेएम- 47.03 एसडीएफ- 47.63 कांग्रेस- 0.77 बीजेपी – 1.62 |
| 2024 | एसडीएफ- 1 एसकेएम- 31 | एसकेएम- 58.38 एसडीएफ- 27.37 कांग्रेस- 0.32 बीजेपी – 5.18% |
सिक्किम में कांग्रेस का वोट शेयर बहुत तेजी से गिरा है। 2009 में यहां कांग्रेस को 27.64% वोट मिले थे जो 2024 में आधा प्रतिशत से भी कम रह गया। कांग्रेस को 2004 में सिक्किम में एक सीट मिली थी लेकिन उसके बाद से वह यहां कोई सीट नहीं जीत पाई है। बीजेपी आज तक यहां एक भी सीट नहीं जीत सकी है।
सिक्किम के साथ ही अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे भी आ चुके हैं और यहां भाजपा ने 60 में से 46 सीटों पर जीत हासिल कर सत्ता में वापसी की है।
लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को आने हैं और इसी दिन आंध्र प्रदेश और ओड़िशा में भी किसकी सरकार बनेगी, इसका भी फैसला होना है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में छह सीटों पर उपचुनाव के नतीजे भी आने हैं।

Prem Singh Tamang Golay: गोले ने 2013 में बनाई थी एसकेएम
एसकेएम का गठन प्रेम सिंह तमांग गोले ने 2013 में किया था। उससे पहले वह पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के सबसे भरोसेमंद शख्श थे। प्रेम सिंह तमांग गोले दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़कर दोनों से जीत दर्ज करने में कामयाब रहे।
Pawan Kumar Chamling: 25 साल तक मुख्यमंत्री रहे चामलिंग
पवन कुमार चामलिंग 1984 से 2019 तक लगातार सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे उनके नाम सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड है। इस बार के विधानसभा चुनाव में पवन कुमार चामलिंग दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़े थे और उन्हें दोनों पर हार का मुंह देखना पड़ा।
Sikkim Congress: कांग्रेस को मिले सिर्फ 0.32% वोट
कांग्रेस को सिक्किम में सिर्फ 0.32% वोट मिले हैं जबकि उससे ज्यादा वोट नोटा ले आया है। नोटा को यहां पर 0.99% वोट मिले हैं।
बीजेपी को 5.18% वोट मिले हैं। बीजेपी ने सिक्किम में 31 सीटों पर विधानसभा का चुनाव लड़ा लेकिन पार्टी का खाता भी नहीं खुला। सिक्किम भाजपा के अध्यक्ष दिली राम थापा अपर बर्टुक विधानसभा क्षेत्र में एसकेएम उम्मीदवार कला राय से चुनाव हार गए।

Arunachal Pradesh Assembly Elections 2024: बीजेपी ने प्रदर्शन सुधारा, कांग्रेस और पिछड़ी
सिक्किम के पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी ने इस बार अपने वोट शेयर और सीटों की संख्या में बढ़ोतरी की है। 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को यहां 50% वोट मिले थे और उसने 41 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि इस बार उसने 54% वोट शेयर के साथ 46 सीटें अपनी झोली में डाली हैं। कांग्रेस को यहां सिर्फ एक सीट मिली है और 5% वोट मिले हैं।
2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 4 सीटें मिली थी और उसने 16% वोट हासिल किए थे। आंकड़ों से पता चलता है कि इस बार उसका प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस की हालत इतनी खराब थी कि वह 60 सीटों वाले राज्य में सिर्फ 19 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार उतार सकी।

Exit Poll Andhra Pradesh, Odisha: आंध्र, ओडिशा में बीजेपी के अच्छे प्रदर्शन का अनुमान
तमाम टीवी चैनलों के एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक बीजेपी इस बार आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। आंध्र प्रदेश में एनडीए गठबंधन में शामिल बीजेपी, टीडीपी और जनसेना को राज्य की 25 में से 22 सीटें मिलने की बात कही गई है।
India Today-Axis My India के मुताबिक, ओडिशा में बीजेपी और बीजेडी के बीच कड़ी टक्कर है। बीजेपी 2024 में राज्य की 21 लोकसभा सीटों में से 18-20 सीटें जीत सकती है। 2019 में बीजेपी को 8 जबकि बीजेडी को 12 सीटें मिली थीं।
Exit Poll Results Lok Sabha Chunav 2024: किस एग्जिट पोल ने किसे दीं कितनी सीटें
2024 के चुनाव नतीजों को लेकर अब तक आए तमाम एग्जिट पोल्स ने एनडीए गठबंधन की सत्ता में वापस आने की भविष्यवाणी की है। तीन एग्जिट पोल ऐसे हैं जिन्होंने एनडीए को 400 से ज्यादा सीटें मिलने का दावा किया है।
| चैनल/एजेंसी | एनडीए | इंडिया | अन्य |
| इंडिया टुडे-एक्सिस-माई इंडिया | 361-401 | 131-166 | 8-20 |
| एबीपी न्यूज-सी वोटर | 353-383 | 152-182 | 4-12 |
| इंडिया टीवी-सीएनएक्स | 371-401 | 109-139 | 28-38 |
| रिपब्लिक भारत-मैट्रीज | 353-368 | 118-133 | 43-48 |
| न्यूज 24-टुडेज चाणक्या | 400 | 107 | 36 |
| जन की बात | 362-392 | 141-161 | 10-20 |
| न्यूज नेशन | 342-378 | 153-169 | 21-23 |
| रिपब्लिक टीवी-पी मार्क | 359 | 154 | 30 |
| इंडिया न्यूज-डी डायनामिक्स | 371 | 125 | 47 |
| दैनिक भास्कर | 281-350 | 145-201 | 33-49 |
| टाइम्स नाऊ-ईटीजी | 358 | 152 | 33 |
| टीवी9 भारतवर्ष-पोलस्ट्रैट | 342 | 166 | 35 |
| इंडिया डेली लाइव | 360-406 | 96-116 | 30-60 |
