पिछले एक साल में दुनिया भर के अरबपतियों की सूची में 94 नए अरबपति भारत से भी शामिल हुए हैं। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2024 के अनुसार, भारत में कुल अरबपतियों की संख्या 271 हैं। संयुक्त रूप से सभी भारतीय अरबपतियों की कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर है। भारत के कुल संपत्ति का 7 प्रतिशत इन अरबपतियों के पास है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के शीर्ष 10 नामों में जगह बनाई है। पिछली बार इस लिस्ट में अंबानी 9वें नंबर पर थे। एक स्थान लुढकने के बावजूद, जिस अवधि यह रिपोर्ट तैयार की गई है उसमें अंबानी की संपत्ति 40% बढ़कर 115 अरब डॉलर हो गई।
अंबानी के बाद इस लिस्ट में दूसरे भारतीय अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी हैं। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट में वह 15वें स्थान पर हैं। अदाणी की संपत्ति 62% (33 अरब डॉलर) बढ़कर 86 अरब डॉलर हो गई। इसी सूची में तीसरे भारतीय एचसीएल के शिव नादर हैं। लिस्ट में उनका नाम 34वें नंबर है। 42% की वृद्धि के साथ उनकी कुल संपत्ति 37 अरब डॉलर है।
नाम | कंपनी | रैंक | संपत्ति (अरब डॉलर में) | कितनी बढ़ी/घटी (% में) |
मुकेश अंबानी | रिलायंस इंडस्ट्रीज | 10 | 115 | 40 |
गौतम अदानी | अदानी समूह | 15 | 86 | 62 |
शिव नादर | एचसीएल | 34 | 37 | 42 |
साइरस पूनावाला | सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया | 55 | 25 | -7 |
दिलीप संघवी | सन फार्मास्युटिकल | 61 | 24 | 41 |
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 15 जनवरी, 2023 से 15 जनवरी, 2024 के बीच की तस्वीर पेश करता है। लिस्ट तैयार करने वाली संस्था उन्हें ही अरबपति मानती हैं, जिनके पास कम से कम 1 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो। भारतीय मुद्रा में यह 83 अरब रुपये से ज्यादा होगा।
आम भारतीयों की आय कितनी बढ़ी?
इसी माह की शुरुआत में भारत सरकार ने वित्त वर्ष 2024 के लिए प्रति व्यक्ति आय में 8% की वृद्धि का अनुमान लगाया था। यानी लोगों की कमाई एक साल में 2.14 लाख रुपये रह सकती है।
एशिया का बिलेनियर्स कैपिटल बना मुंबई
भारत दुनिया का तीसरा सबसे अधिक अरबपतियों वाला देश है। आज दुनिया में 3,279 अरबपति हैं, जिनमें से 167 पिछले वर्ष में शामिल हुए हैं। चीन में सबसे अधिक अरबपति (814) हैं, उसके बाद संयुक्त राज्य अमेरिका (800) और भारत (271) है। हालांकि, अमेरिका और भारत ने पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः 109 और 94 अरबपति जोड़े, वहीं चीन ने 155 अरबपति खोए हैं।
देश | अरबपतियों की संख्या | नए अरबपति | टॉप-100 में कितने अरबपति | महिला अरबपति |
चीन | 814 | 55 | 15 | 178 |
अमेरिका | 800 | 132 | 40 | 113 |
भारत | 271 | 94 | 5 | 19 |
ग्लोबल रिच लिस्ट 2024 के मुताबिक, मुंबई एशिया की बिलेनियर्स कैपिटल के रूप में उभरा है। भारत में सबसे ज्यादा अरबपति मुंबई (92) में पाए जाते हैं। अरबपति शहरों की सूची में मुंबई तीसरे नंबर पर और भारत की राजधानी नई दिल्ली नौवें नंबर पर है। नई दिल्ली पहली बार अरबपतियों के टॉप 10 शहरों में शामिल हुई है।
शहर | अरबपतियों की संख्या | कितने अरबपति बढ़े/घटे |
न्यूयॉर्क | 119 | 14 |
लंदन | 97 | 10 |
मुबई | 92 | 26 |
बीजिंग | 91 | -18 |
शंघाई | 87 | -16 |