करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) 90 के दशक की सबसे पसंदीदा अभिनेत्रियों (Actress) में से एक हैं। उन्होंने कई हीट फिल्में की हैं, जिनमें बीवी नंबर 1, हीरो नंबर 1, दिल तो पागल है और राजा हिंदुस्तानी शामिल है। करिश्मा अपने पेशे में तो सफल रहीं। लेकिन निजी जिंदगी में उन्हें कठिन दौर से गुजरना पड़ा।
उनके निजी जीवन ने उस वक्त सबसे अधिक सुर्खियां बटोरीं जब उन्होंने बिजनेस टाइकून संजय कपूर के साथ गुपचुप शादी कर ली। बताया जाता है कि अभिषेक बच्चन से ब्रेकअप के बाद वह साल 2003 में संजय के साथ शादी के बंधन में बंध गयी थीं। लेकिन शादी का अंत उनके लिए बहुत दुखद था।
करिश्मा ने संजय के खिलाफ दर्ज कराई थी शिकायत
एक रिपोर्ट के मुताबिक, करिश्मा कपूर ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करते हुए उन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। अभिनेत्री ने खुलासा किया था कि एक बार संजय ने अपनी मां से करिश्मा को थप्पड़ मारने के लिए कहा था क्योंकि वह गर्भावस्था के ठीक बाद एक ड्रेस में फिट नहीं हो पा रही थीं।
अपनी शिकायत में करिश्मा ने यह भी बताया था कि, ”बाद में मुझे यह अहसास हुआ कि उसने मुझसे इसलिए शादी की थी क्योंकि मैं एक प्रसिद्ध और सफल फिल्म स्टार थी। वह मेरे जरिए मीडिया में दिखना चाहता था। वह हमेशा प्रसिद्ध होना चाहता था लेकिन चूंकि उसने कभी भी कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया, इसलिए वह ध्यान आकर्षित करने में सक्षम नहीं था। वह मुझे दिल्ली में उस संभ्रांत सामाजिक दायरे में अपनी ट्रॉफी पत्नी के रूप में पेश करता था, जहां तब वह प्रमुखता हासिल करने की कोशिश कर रहा था।” साल 2014 में करिश्मा और संजय ने तलाक के लिए अर्जी दी। 2016 में दोनों को तलाक मिल गया। करिश्मा और संजय की शादी के बाद हुए दोनों बच्चे करिश्मा के पास ही हैं।
करिश्मा कपूर अब सिंगल मदर की तरह अपने बच्चों को पाल रही हैं। उनकी बेटी समायरा कपूर 17 साल और बेटा कियान 12 साल का है। वहीं करिश्मा से तलाक के बाद संजय कपूर ने प्रिया सचदेव से दूसरी शादी कर ली थी।