अंकिता देशकर

सोशल मीडिया पर एक वीडियो धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के साथ पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि ये चंद्रयान 3 की लॉन्चिंग से जुड़ा है। हमनें अपनी जांच में पाया कि वीडियो असल में फिल्म ट्रांसफॉर्मर्स 3 का एक क्लिप है। इसका चंद्रयान 3 की लॉन्चिंग से कोई लेना-देना नहीं है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर Just Smile88 ने वायरल वीडियो क्लिप अपने फेसबुक प्रोफ़ाइल पर साझा की है। देखें…

 इस पोस्ट का आर्काइव वर्जन देखें।

अन्य यूजर्स भी इस पोस्ट को शेयर कर रहे हैं। देखें कुछ ट्वीट

जांच पड़ताल:

हमनें वीडियो से कुछ कीफ़्रेम निकालकर उसे InVid टूल में अपलोड करते हुए अपनी जांच शुरू की। फिर हमने तस्वीर को क्रॉप किया, ताकि इसपर रिवर्स इमेज सर्च चला सकें। इसके बाद हमने इस तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज सर्च के जरिये ढूंढना शुरू किया।

हमें एक यूट्यूब वीडियो मिला, जो 6 मिनट 47 सेकंड लंबा था। करीब 3 मिनट 27 सेकेंड पर वायरल क्लिप के दृश्य देखे जा सकते हैं।

वीडियो दो साल पहले अपलोड किया गया था और अब तक इसे 30 हजार बार देखा जा चुका है। इस वीडियो के विवरण में उल्लेख किया गया है: अपोलो 11 चंद्रमा पर पहुंचने के बाद दुर्घटनाग्रस्त ऑटोबोट अंतरिक्ष यान को ढूंढता हुआ..। ट्रांसफॉर्मर्स: डार्क ऑफ द मून 2011 का एक सीन।

आपको बता दें कि ट्रांसफॉर्मर्स: डार्क ऑफ द मून 2011 की अमेरिकी साइंस फिक्शन एक्शन फिल्म है, जिसका निर्देशन माइकल बे ने किया है।

https://michaelbaystransformers.fandom.com/wiki/Transformers:_Dark_of_the_Moon

गौरतलब है कि चंद्रयान 3 भारत का तीसरा मानवरहित चंद्रमा मिशन है। हाल ही में, इसरो ने लैंडर हैज़र्ड डिटेक्शन एंड अवॉइडेंस कैमरा (एलएचडीएसी) द्वारा ली गई तस्वीरें भी जारी की हैं।

निष्कर्ष: चंद्रयान 3 अंतरिक्ष यात्रियों या अनुसंधान दल को नहीं ले जा रहा है। वायरल वीडियो 2011 की हॉलीवुड फिल्म ट्रांसफॉर्मर्स 3- डार्क ऑफ द मून का है। (सोर्स- लाइटहाउस जर्नलिज्म)