रविवार को रेलवे ने यात्री किराये में इजाफे का ऐलान किया था। यह इस साल दूसरी बार है जब रेलवे की तरफ से यात्री किराया बढ़ाया गया है। यात्री किराया बढ़ाने को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर प्रहार किया है।
कांग्रेस ने रेलवे द्वारा यात्री किराया बढ़ाने पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग की है और कहा कि उनके राज में रेलवे की हालत खराब हो गई है।
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने X पर एक पोस्ट कर कहा, “मोदी सरकार आम जनता को लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। केंद्रीय बजट से कुछ दिन पहले, एक ही वर्ष में दूसरी बार रेलवे किराया बढ़ाया गया। अलग रेल बजट नहीं होने से जवाबदेही खत्म हो गई है।”
रेलवे ने कितना किराया बढ़ाया?
रेलवे द्वारा रविवार को की गई घोषणा के अनुसार, 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा के लिए साधारण श्रेणी का टिकट अब एक पैसा प्रति किलोमीटर महंगा होगा।
इसी तरह मेल / एक्सप्रेस रेलगाड़ियों की गैर-वातानुकूलित श्रेणी व सभी ट्रेन की वातानुकूलित श्रेणियों में प्रति किलोमीटर दो पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की जाएगी। रेलवे के आदेश के अनुसार, नॉन एसी कोच में पांच सौ किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा पर यात्रियों को सिर्फ दस रुपये ज्यादा देने होंगे।
रेलवे को उम्मीद है कि किराये में की गई इस बढ़ोतरी से उसे 31 मार्च 2026 तक करीब 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा। रेल मंत्रालय के अनुसार, जुलाई 2025 में की गई किराया वृद्धि से अब तक लगभग 700 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है।
आसान शब्दों में समझिए कितना किराया बढ़ा?
| क्रम संख्या | रेल रूट | दूरी (अनुमानित) | साधारण कोच (किराये में अनुमानित इजाफा) | स्लीपर कोच (किराये में अनुमानित इजाफा) | एसी कोच (किराये में अनुमानित इजाफा) |
| 1 | नई दिल्ली से भोपाल | 701 | 5 | 10 | 14 |
| 2 | नई दिल्ली से कटरा वैष्णो देवी | 655 | 4-5 | 10 | 13-14 |
| 3 | नई दिल्ली से कानपुर</td> | 439 | 2-3 | 8-9 | 9 |
| 4 | पाटलिपुत्र से लोकमान्य तिलक टर्मिनस | 1691 | 10 | 10 | 34 |
| 5 | नई दिल्ली से पटना | 1001 | 7-8 | 10 | 20 |
| 6. | नई दिल्ली से मुंबई | 1384 | 10 | 10 | 28 |
| 7 | निजामुद्दीन से चेन्नई | 2174 | 10 | 10 | 43 – 45 |
नई दिल्ली से भोपाल – नई दिल्ली से भोपाल की दूसरी करीब 701 किलोमीटर का सफर तय करती है। ऐसे में भोपाल शताब्दी सहित नई दिल्ली से भोपाल के बीच चलने वाली ट्रेनों के एसी कोच में किराया लगभग 14 बढ़ेगा।
नई दिल्ली से कटरा वैष्णो देवी – नई दिल्ली से वैष्णो देवी कटरा की दूरी लगभग 655 किलोमीटर है। इस रूट पर एसी कोच की यात्रा के किराया में 13 से 14 रुपये का इजाफा होने की उम्मीद है।
नई दिल्ली से कानपुर – नई दिल्ली से कानपुर की दूरी 439 किलोमीटर है। ऐसे में इस रूट पर एसी कोच के सफर के लिए यात्रियों को नौ रुपये ज्यादा देने होंगे।
पाटलिपुत्र से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंंबई) – इन दोनों स्टेशनों के बीच करीब 1691 किमी दूरी है। ऐसे में इन स्टेशनों के बीच एसी कोच में यात्रा करने के लिए यात्रियों को अब 34 रुपये अधिक देने होंगे।
नई दिल्ली से पटना – देश की राजधानी नई दिल्ली से पटना की दूसरी लगभग 1001 किमी है। ऐसे में इस रूट पर एसी कोच की यात्रा के लिए अब रेल यात्रियों को करीब बीस रुपये अधिक देने होंगे।
नई दिल्ली से मुंबई सेंट्रल– नई दिल्ली से मुंबई सेंट्रल की दूरी करीब 1384 किमी है। इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों के एसी कोच के किराये में करीब 28 रुपये तक की बढ़ोतरी देखने को मिलने वाली है।
हजरत निजामुद्दीन से चेन्नई सेंट्रल – इन दोनों रेलवे स्टेशनों के बीच दूरी करीब 2174 किलोमीटर है। एसी कोच में यह दूरी तय करने के लिए अब यात्रियों को 43 से 45 रुपये अधिक खर्च करने होंगे।
यह भी पढ़ें: 16 कोच या 24? वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर बड़ा अपडेट, जानिए यात्रियों को मिलेगा क्या फायदा
(नोट: विभिन्न रेलवे स्टेशनों के बीच यह दूरी अनुमानित है। किसी भी ट्रेन के किराये में बढ़ोतरी उसके रेल रूट पर निर्भर करती है। अगर ट्रेन का रेल रूट लंबा है तो किराये में अधिक इजाफा हो सकता है।)
