लोकसभा चुनाव-2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने इंटरनेट पर अपनी धमक बढ़ा दी है। भाजपा ने Google Ads पर 30 दिनों में (29 जनवरी से 28 फरवरी तक) 29.7 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
इतने पैसों से एक महीने में इंटरनेट पर भाजपा के 12,600 से अधिक विज्ञापन प्रसारित किए गए, जिनमें से अधिकांश (75%) वीडियो फॉर्मेट में थे। कई भारतीय भाषाओं में तैयार किए गए इन विज्ञापनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार था।
भाजपा ने इन विज्ञापनों के माध्यम से मुख्य रूप से उत्तर भारतीय मतदाताओं को टारगेट किया है। टॉप पांच राज्यों की बात करें तो इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात का नाम आता है।
द न्यूज मिनट और द न्यूज लॉन्ड्री ने अपनी रिपोर्ट के लिए इन सभी जानकारियों को Google Ads ट्रांसपेरेंसी सेंटर के आंकड़ों से निकाला है।
इन 10 राज्यों पर भाजपा का ज्यादा फोकस
राज्य | खर्च |
उत्तर प्रदेश | ₹2.34 करोड़ |
बिहार | ₹1.87 करोड़ |
ओडिशा | ₹1.85 करोड़ |
महाराष्ट्र | ₹1.84 करोड़ |
गुजरात | ₹1.83 करोड़ |
मध्य प्रदेश | ₹1.78 करोड़ |
दिल्ली | ₹1.73 करोड़ |
राजस्थान | ₹1.72 करोड़ |
पंजाब | ₹1.58 करोड़ |
हरियाणा | ₹1.57 करोड़ |
पिछले आम चुनाव से ज्यादा पैसा खर्च कर रही है भाजपा
जहां इस बार भाजपा ने एक महीने में करीब 30 करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं। वहीं पिछले आम चुनाव से पहले के चार महीनों (फरवरी से मई) की अवधि में पार्टी ने केवल 12.3 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
2019 में फरवरी से मई के बीच भाजपा द्वारा दिए गए विज्ञापनों में से 50% से अधिक वीडियो विज्ञापनों को प्लेटफ़ॉर्म पॉलिसी के उल्लंघन के कारण Google द्वारा हटा लिया गया था।
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने फरवरी 2019 से मई 2019 के बीच Google Ads पर 2.99 करोड़ रुपये खर्च किया था। वहीं फरवरी 2024 में कांग्रेस ने Google Ads के माध्यम से कोई विज्ञापन नहीं दिया।
पिछले आम चुनाव के टॉप 10 राज्य:
राज्य | खर्च |
दिल्ली | ₹2.02 करोड़ |
उत्तर प्रदेश | ₹1.45 करोड़ |
राजस्थान | ₹1.24 करोड़ |
मध्य प्रदेश | ₹1.17 करोड़ |
बिहार | ₹1.15 करोड़ |
महाराष्ट्र | ₹0.78 करोड़ |
हरियाणा | ₹0.72 करोड़ |
चंडीगढ़ | ₹0.66 करोड़ |
गुजरात | ₹0.61 करोड़ |
पंजाब | ₹0.56 करोड़ |
भाजपा ने पांच साल में Google Ads पर कितना खर्च किया?
भाजपा साल 2019 से Google Ads पर 79.16 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है और इस कीमत पर पार्टी के 52,000 से अधिक विज्ञापन चलाए गए हैं। बिजनेस लाइन की रिपोर्ट बताती है कि भाजपा ने फरवरी 2019 और फरवरी 2023 के बीच Facebook Ads पर 33 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
इसी अवधि में कांग्रेस ने Facebook Ads 10.58 करोड़ रुपये खर्च किए। इस लिस्ट में अगला नाम टीएमसी (8.04 करोड़ रुपये) और डीएमके (4.31 करोड़ रुपये) का है। ध्यान रहे कि यह पार्टियों द्वारा दिए विज्ञापनों की कीमत का आंकड़ा है, नेताओं द्वारा व्यक्तिगत तौर पर चलवाए जाने वाले विज्ञापनों की कीमत को इसमें नहीं जोड़ा गया है।