देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस की बागडोर जहां एक ओर राहुल गांधी को देने की तैयारी चल रही है वहीं पार्टी के कुछ नेता इसके लिए प्रियंका गांधी की वकालत कर रहे हैं। इसी को लेकर राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय के बाहर प्रियंका के पक्ष में एक होर्डिंग लगाया गया, जिससे पार्टी में खलबली मच गई। मामला तूल पकड़ता उससे पहले ही पोस्टर को हटा दिया गया। यह पोस्टर पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के एक नेता ने लगवाया था।

उत्तर प्रदेश के बाद अब जयपुर में भी कांग्रेस के दोयम दर्जे के नेता पार्टी के चेहरे के तौर पर प्रियंका गांधी को आगे लाने की मांग रखने लगे हैं। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर होर्डिंग लगवाकर इस मामले को बड़े नेताओं की निगाहों में लाने का काम किया। इस होर्डिंग में प्रियंका के साथ इंदिरा गांधी की फोटो भी लगाई गई थी। प्रियंका की तुलना इंदिरा गांधी से करते हुए एक नारा भी लिखा गया था। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय आने वाले कार्यकर्ताओं की निगाह में जब यह होर्डिंग आया तो इसकी शिकायत की गई। प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय का जिम्मा संभालने वाले महासचिव गिरिराज गर्ग ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं। उनका कहना है कि यह कुछ कार्यकर्ताओं की भावना हो सकती है। पार्टी के सर्वेसर्वा तो सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही हैं।

प्रदेश में कांग्रेस इन दिनों जमीनी स्तर पर मजबूती का अभियान चलाए हुए है। प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने संगठन को मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी बांट रखी है। पायलट के निर्देशों पर ही जिलों में कांग्रेस संगठन भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाने में जुटा हुआ है।