सुरक्षा के हाई अलर्ट के बीच दुनिया भर में लाखों लोगों ने नव वर्ष का स्वागत किया। हालांकि म्यूनिख के स्टेशनों को आतंक के खतरे की वजह से खाली कराया गया, पेरिस और ब्रसेल्स में आतिशबाजी नहीं की गई और दुबई के एक होटल में भीषण आग लग गई। जर्मनी के दक्षिणी शहर म्यूनिख में इस्लामिक उग्रवादियों द्वारा आतंकी हमले की योजना बनाए जाने के संकेतों के बाद जर्मन पुलिस ने लोगों को इस शहर के दो रेलवे स्टेशनों से दूर रहने और बड़ी संख्या में एकत्र होने से बचने के लिए चेताया। अधिकारियों ने आज तड़के इस्लामिक स्टेट समूह द्वारा आत्मघाती हमला करने की आशंका जताई और पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली है कि नव वर्ष के मौके पर आयोजनों को निशाना बनाने की साजिश रची गई है।
यूरोप में भी आतंक का साया साफ नजर आया और ब्रसेल्स और पेरिस में नव वर्ष के जश्न में आतिशबाजी नहीं की गई। फ्रांस की राजधानी पेरिस में कुछ सप्ताह पहले जिहादी हमलों में करीब 130 लोगों की जान चली गई थी। आयोजनों पर नजर रखने के लिए पूरे फ्रांस में 100,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पेरिस में कुछ लोग नववर्ष का स्वागत करने के लिए चैम्प्स एलिसीज में एकत्र हुए। बीते बरस 13 नवंबर को हुए जिहादी हमलों के बाद लोगों का यह सबसे बड़ा जमावड़ा था।
राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलोंद ने नव वर्ष पर अपने संदेश में कहा कि फ्रांस अब तक आतंकवाद को खत्म नहीं कर पाया है और उच्चतम स्तर पर एक अन्य हमले का खतरा बरकरार है। बेल्यिजम में पुलिस ने ब्रसेल्स में नववर्ष पर हमले की कथित साजिश रचने को लेकर पांच लोगों को हिरासत में लिया है और पेरिस हमलों के सिलसिले में दसवें संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।
नव वर्ष के जश्न में परंपरागत रूप से सबसे आगे रहने वाले सिडनी ने आधी रात को साल 2016 का स्वागत किया और वैश्विक आयोजनों की शुरुआत हो गई। एशिया के बाद, पश्चिम एशिया, यूरोप और अफ्रीका में और आखिर में अमेरिका में मध्य रात्रि को नव वर्ष के आगमन का स्वागत किया गया। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में हाईअलर्ट रहा। वहां आतंकवाद निरोधक पुलिस ने नव वर्ष पर जकार्ता में आत्मघाती हमले की कथित साजिश नाकाम कर दी थी। तुर्की पुलिस ने राजधानी अंकारा के मध्य में हमने की कथित साजिश रचने के आरोप में इस्लामिक स्टेट के दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।