विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे ने दक्षिण पूर्व लंदन की बेलमार्श जेल में बुधवार (23 मार्च, 2022) को अपनी वकील मंगेतर से शादी कर ली।शादी के जोड़े में 38 वर्षीय मोरिस अपने बेटों (चार वर्षीय गैब्रियल और दो वर्षीय मैक्स) और असांजे के पिता रिचर्ड के साथ जेल पहुंचीं। मोरिस ने कड़े जेल नियमों के तहत एक छोटे से कार्यक्रम से पहले वहां के अखबार गार्जियन में लिखा था, ‘‘आज मेरी शादी का दिन है। मैं अपने जीवन के प्यार के साथ शादी रचाउंगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे दो बेटों के पिता मेरे पति एक शानदार व्यक्ति, बुद्धिमान और मजाकिया हैं। उनमें सही और गलत की गहरी समझ है और वह साहसी प्रकाशक के तौर पर अपने काम के लिए दुनियाभर में जाने जाते हैं।’’
मोरिस ने शादी पर साटिन (Lilac Satin) की सफेद रंग की ड्रेस पहनी थी, जिसे ब्रिटिश फैशन डिजाइनर विविनी वेस्टवुड ने डिजाइन किया था। बताया जाता है कि यह दंपत्ति शादी का खर्च खुद ही उठाया। साथ ही जोड़े ने अपने समर्थकों से शादी के तोहफे देने के बजाय असांजे के लिए डोनेशन (दान) की अपील की है ताकि उन्हें जेल से छुड़ाया जा सके।

जूलियन असांजे और स्टेला मोरिस ने इससे पहले नवंबर में अपनी सगाई का ऐलान किया था। साथ ही बताया था कि उन्हें लंदन की बेलमार्श जेल में शादी करने के लिए इजाजत दे दी गई है, जहां पर वह हिरासत में हैं।
ऑस्ट्रेलियाई एडिटर, पब्लिशर और ऐक्टिविस्ट लंदन की इस जेल में साल 2019 से बंद हैं। उम्र में असांजे से लगभग 12 साल छोटी मोरिस और उनसे साल 2011 में मिली थीं। वह तब उनकी लीगल टीम में काम किया करती थीं। हालांकि, दोनों के बीच चार साल बाद यानी कि 2015 में रिलेशनशिप की शुरुआत हुई थी।
आपको बता दें कि 50 साल के असांजे और दक्षिण अफ्रीका में पैदा हुई उनकी दोस्त स्टेला मोरिस (38) के दो बेटे हैं। गोपनीय दस्तावेजों को कथित तौर पर लीक करने के आरोपों पर अमेरिका में प्रत्यर्पित किये जाने के विरूद्ध अपनी कानूनी लड़ाई के तहत वह यहां जेल में हैं।