दुबई के करोड़पति शासक की पत्नी प्रिंसेस हाया बिंत अल हुसैन अपने पति को छोड़कर संयुक्त अरब अमीरात से भाग गई हैं। खबर है कि वे अपने दोनों बच्चों के साथ ही 5.6 करोड़ अमेरिकी डॉलर भी ले गई हैं। बताया जा रहा है कि वह अब अपनी नई जिंदगी शुरू करेंगी। प्रिंसेस हाया दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल-मकतूम की छठी बीवी हैं।
‘द सन’ की रिपोर्ट के अनुसार वह अपने 7 साल के बेटे जायद और 11 साल की बेटी अल जलीला के साथ जर्मनी चली गई हैं। यहां उन्होंने राजनीतिक शरण दिए जाने का आग्रह किया है। बताया जा रहा है कि शेख ने बर्लिन में अधिकारियों से अपने पत्नी और बच्चों को वापस भेजने को कहा है। हालांकि, बर्लिन प्रशासन की तरफ से इससे इनकार कर दिया गया है।
मीडिया की अपुष्ट रिपोर्टों में यह बात सामने आई है कि प्रिंसेस हाया को दुबई से बाहर निकलने में एक जर्मन राजनयिक ने मदद की। इस घटना के बाद से दोनों देशों के बीच संभावित राजनीतिक संकट पैदा हो सकता है। प्रिंसेस हाया ने अपने एक दोस्त को बताया कि उसने जर्मनी को इसलिए चुना क्योंकि उसे ब्रिटेन के अधिकारियों पर भरोसा नहीं था।
प्रिंसेस हाया जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला की सौतेली बहन हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने उपाध्यक्ष और दुबई के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिल राशिद अल-मकतूम से तलाक मांगा है। ऑक्सफोर्ड से पढ़ाई करने वाली प्रिंसेस हाया 20 मई के बाद सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दी हैं।
वे आमतौर पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपने चैरिटेबल वर्क से जुड़ी तस्वीरें साझा करती रहती थीं। अभी कुछ समय पहले ही शेख की बेटी प्रिंसेस लतीफा ने भी अपने पिता को छोड़कर दुबई से भागने का प्रयास किया था। हांलाकि, उसे भारतीय तट के पास पकड़ लिया गया था। इसके बाद से वह दिखाई नहीं दी है। माना जा रहा है कि उसे दुबई में ही बंधक बना कर रखा गया है। मानवाधिकार से जुड़े लोग प्रिंसेस हाया के देश छोड़कर भागने की घटना को काफी ‘गंभीर मुद्दा’ बता रहे हैं।