अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद से ही महिलाएं उनका विरोध कर रही हैं। कई महिलाएं ट्रंप को वोट देने वाले लोगों के साथ संबंध बनाने से इनकार कर दिया है। अब महिलाओं में गर्भ निरोधक गोलियां खरीदने की हो मची हुई है। यहां तक कि इन गोलियों का स्टॉक भी खत्म हो गया है। कई इलाकों में इन दवाओं की बिक्री में करीब एक हजार फीसदी का इजाफा हुआ है।
एपी की खबर के मुताबिक ट्रंप की जीत के बाद आईयूडी बदलने को लेकर कुछ महिलाओं ने डॉक्टर से संपर्क किया है। इसके अलावा तीन महिलाओं ने ट्यूब बंधवाने के बारे में पूछताछ की। इन महिलाओं का कहना था कि वह चुनाव के कारण ऐसा कर रही हैं। खबर के मुताबिक पूरे अमेरिका में गर्भ निरोधक और स्थायी नसबंदी के लिए उपायों में वृद्धि हो रही है। इन दवाओं को बनानी वाली कंपनियों का कहना है कि चुनाव खत्म होने के कुछ घंटों बाद ही इन गोलियों में 966 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। ऐसी ही बढ़ोतरी 2016 में ट्रंप के चुनाव के बाद और 2022 में रो बनाम वेड के पलट जाने के बाद यह उछाल देखा था।
अमेरिका में अबॉर्शन को लेकर क्या है कानून?
दो साल पहले तक अमेरिका में अबॉर्शन को लेकर एक जैसे कानून थे। यहां अबॉर्शन का अधिकार दिया गया था। 1973 में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने रो बनाम वेड मामले में फैसला देते हुए महिलाओं को अबॉर्शन को अधिकार दिया था। हालांकि महिलाएं 24 सप्ताह तक अबॉर्शन करा सकती थीं। जून 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने अपने पुराने फैसले को पलट दिया। कोर्ट ने कहा कि राज्य अपने-अपने हिसाब से अबॉर्शन पर कानून बना सकते हैं।
अमेरिका के अलग-अलग राज्यों में अबॉर्शन को लेकर अलग कानून है। कुछ राज्यों में अबॉर्शन पर पूरी तरह रोक है तो कहीं इसे लीगल माना गया है। अमेरिका में कुल 50 राज्य हैं। इनमें से कुछ राज्य ऐसे हैं जहां अबॉर्शन की इजाजत नहीं दी गई है। अमेरिका में अलाबामा, अर्कांसास, लुईसियाना, मिसिसिपी, नॉर्थ डकोटा, साउथ डकोटा, ओक्लाहामा, टेनेसी, इडाहो, इंडियाना, केंटकी, मिसूरी, टेक्सास और वेस्ट वर्जीनिया ऐसे राज्य हैं जहां किसी भी परिस्थिति में अबॉर्शन नहीं कराया जा सकता है। यहां तक कि रेप पीड़िताओं को भी कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के 22 राज्य ऐसे हैं, जहां अबॉर्शन पर या तो पूरी तरह प्रतिबंध है या फिर आंशिक रूप से लगाया गया है।
इन राज्यों में शर्त के साथ अबॉर्शन की इजाजत
अमेरिका में 8 ऐसे राज्य हैं जहां शर्तों के साथ अबॉर्शन की इजाजत है। जॉर्जिया, आयोवा, साउथ कैरोलिना और फ्लोरिजा में 6 सप्ताह तक गर्भपात की इजाजत है। वहीं नेब्रास्का और नॉर्थ कैरोलिना में ये सीमा 12 हफ्तों की है। इसके अलावा एरिजोना में 15 हफ्ते तक अबॉर्शन कराने की इजाजत दी गई है। यूटा राज्य की महिलाएं 18 हफ्ते तक अबॉर्शन करा सकती हैं।