Russia-Ukraine War, Trump Putin Talks: रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की है। दोनों वैश्विक नेताओं के बीच करीब दो घंटे तक फोन कॉल चली है और दोनों ने ही युक्रेन युद्ध को खत्म करने की बात कही है। खास बात यह भी है कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत की थी। इस बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका यूक्रेन युद्ध संघर्ष विराम से पीछे भी हट सकता है।
समाचार एजेंसी नेक्स्टा के मुताबिक रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि सोमवार को अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हुई बातचीत महत्वपूर्ण, स्पष्ट और बहुत उपयोगी थी। उन्होंने मॉस्को और कीव के बीच सीधी बातचीत फिर से शुरू करने में मदद के लिए अपने अमेरिकी समकक्ष को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन के साथ भविष्य के शांति समझौते के बारे में एक ज्ञापन पर काम करने के लिए तैयार है।
समझौते हुए तो सीजफायर होगा- पुतिन
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस और यूक्रेन को दोनों पक्षों को स्वीकार्य समझौता करना चाहिए। यदि संबंधित समझौते हो जाते हैं तो यूक्रेन के साथ युद्धविराम संभव है। पुतिन ने कहा कि दस्तावेज में समाधान के सिद्धांतों, संभावित शांति समझौते के समय आदि को रेखांकित किया जा सकता है जिसमें उचित समझौते होने पर एक निश्चित अवधि के लिए संभावित युद्धविराम भी शामिल है।
India-US Trade Deal: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, बोले – भारत 100% टैरिफ घटाने को तैयार
जेडी वेंस बोले- अमेरिका पीछे हट सकता
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि दोनों राष्ट्र प्रमुखों के बीच बातचीत से पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा था कि वाशिंगटन शांति प्रक्रिया से अलग हो सकता है और यह निष्कर्ष निकाल सकता है कि यह हमारा युद्ध नहीं है। ट्रंप लगातार यह दावा कर रहे हैं कि वे द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप के सबसे घातक युद्ध का शीघ्र का खत्म कर देंगे। हालांकि एक तथ्य ये भी है कि इस युद्ध के लिए रूस के खिलाफ अमेरिका और अन्य यूरोपीय पश्चिमी देश यूक्रेन को लड़ाई के लिए हथियार और सैन्य सहायता भी प्रदान कर रहे हैं।
2022 के बाद हुई थी रूस-यूक्रेन के प्रतिनिधियों की मुलाकात
डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने 2022 के बाद पहली बार पिछले सप्ताह इस्तांबुल में मुलाकात की थी। हालांकि वे युद्धविराम पर सहमत होने में विफल रहे। कीव का कहना है कि वह अब युद्धविराम के लिए तैयार है। दूसरी ओर मास्को का कहना है कि पहले शर्तें पूरी होनी चाहिए। इस मामले में यूरोपीय नेताओं ने कहा है कि वे चाहते हैं कि युद्ध विराम से इनकार करने के कारण रूस पर कड़े नए प्रतिबंध लगाने में अमेरिका भी उनका साथ दे।
यूरोपीय देशों के नेताओं ने की थी ट्रंप से बात
बता दें कि पुतिन से बातचीत से पहले ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और इटली के नेताओं ने रविवार को ट्रंप से बात की थी। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि ट्रंप और पुतिन के बीच फोन पर बातचीत हुई है। पुतिन रूस के ब्लैक सी रिसॉर्ट सोची से बात कर रहे थे, जबकि ट्रम्प वाशिंगटन में थे।