रूस और यूक्रेन के बीच करीब साढ़े तीन साल से युद्ध जारी है। 15 अगस्त को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मीटिंग करने वाले हैं। बैठक के दौरान इस युद्ध के अलावा अमेरिका और रूस के बीच परस्पर रिश्तों पर भी चर्चा होगी। इस मुलाकात पर दुनिया भर की नजरें हैं खासकर तब से, जब से डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने को लेकर कई देशों पर टैरिफ लगाया है। इसमें भारत भी शामिल है।

अलास्का में क्यों मिलेंगे ट्रंप-पुतिन

पुतिन और ट्रंप अमेरिका के 49वें राज्य अलास्का में मिलेंगे। अब बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर पुतिन अलास्का में ही मुलाकात के लिए क्यों तैयार हो गए, जो कि अमेरिका का एक राज्य है।

अलास्का को मीटिंग के लिए क्यों चुना गया?

इस बैठक के लिए अलास्का को चुनने की बड़ी वजह कानूनी और जियोग्राफिकल कंडीशन (भौगोलिक स्थिति) है। रूस के राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) से गिरफ्तारी का वारंट जारी है। ऐसे में जो देश आईसीसी के सदस्य हैं, वहां पर पुतिन की गिरफ्तारी हो सकती है।

Trump-Putin Meeting Explained: ट्रंप-पुतिन की अगले हफ्ते होने वाली मुलाकात के क्या हैं मायने? जानें भारत पर इसका क्या होगा असर

अहम बात यह है कि अमेरिका खुद आईसीसी का सदस्य नहीं है। ऐसे में यहां पर पुतिन को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। वहीं अगर अलास्का की भौगोलिक स्थिति का जिक्र करें तो रूस के मिलिट्री बेस से इसकी दूरी 88 किलोमीटर है।

रूस ने अमेरिका को बेचा था अलास्का

बता दें कि अलास्का कभी रूस का ही हिस्सा था। 18वीं शताब्दी में रूसी साम्राज्य ने यहां पर लोगों को भी बसाना शुरू कर दिया था और ट्रेड के लिए चेक पोस्ट भी बना दिए गए थे। हालांकि 1867 में रूस और अमेरिका के बीच एक समझौता होता है। इस समझौते के तहत रूस, अमेरिका को अलास्का 72 लाख डॉलर में बेच देता है। हालांकि जब यह बिका था तब रूस के लिए अलास्का काफी महत्वपूर्ण भी नहीं था।

यह इलाका इतना बड़ा है कि यहां पर बड़ी संख्या में रूसी सैनिकों को तैनात करना होता। बता दें कि अलास्का राजस्थान से करीब 5 गुना बड़ा है। रूस को यह भी डर था की अगर भविष्य में युद्ध होता है तो अमेरिका, अलास्का पर ब्रिटेन की मदद से कब्जा कर सकता है। ऐसे में रूस को यह डील अच्छी लगी और उसने 72 लाख डॉलर में अलास्का को बेच दिया था। अलास्का अमेरिका का 49वां राज्य है और यह रिच मिनरल स्टेट है। यानी अमेरिका के लिए यह एक बड़ा खजाना है। यहां पर सोने के भंडार, हीरे और रिच मिनरल्स मौजूद हैं।

अमेरिका के लिए अहम अलास्का

हालांकि अब अलास्का अमेरिका के लिए काफी महत्वपूर्ण है। यहां पर बड़ी मात्रा में प्राकृतिक गैस और पेट्रोलियम संसाधन है। यहां पर कई तेल की फैक्ट्रियां हैं। अमेरिका की कुल तेल खपत का लगभग 20 फ़ीसदी पेट्रोल अलास्का से ही मिलता है। अलास्का में हीरे और सोने की खदाने भी खोजी गई हैं। वहीं यहां पर मछली पालन और पर्यटन का भी बड़ा व्यापार है। हर साल दुनियाभर से लाखों की संख्या में लोग अलास्का घूमने के लिए जाते हैं। वहीं सुरक्षा के लिहाज से भी अलास्का अमेरिका के लिए काफी अहम है।