ऑस्ट्रिया में दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने एक महिला की हत्या कर उसकी सिर कटी लाश को झील में फेंक दिया था। उसने शव के कुछ टुकड़े को अपने पास रख लिया था, ताकि बाद में उसका स्वाद लिया जा सके। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना की है। आरोपी शख्स भी वियना का ही निवासी है। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। अभियोजन पक्ष ने बुधवार (3 मई) को घटना की जानकारी दी। जांच अधिकारियों की मानें तो शव को 13 अप्रैल को नुसीडेल झील से बरामद किया गया था। यह झील वॉटर स्पोर्ट्स के लिए मशहूर है। पुलिस को संदेह है कि शव महीनों से झील की तलहटी में होगा जो बाद में सतह पर आ गया। महिला के शव का सिर गायब था। पुलिस के गोताखोर जवानों ने बाद में सिर को ढूंढ़ा था। इसके बाद संदिग्ध को 27 अप्रैल को दबोचा गया था। शव के अन्य हिस्से आरोपी के वियना स्थित फ्लैट से बरामद किए गए थे। एएफपी न्यूज एजेंसी के अनुसार, अभियोजन पक्ष के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बाद में स्वाद लेने का खुलासा किया था।
जांच अधिकारी शव की पहचान नहीं कर सके हैं। महिला की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान लगाया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के चेक या स्लोवाकिया के नागरिक होने की बात कही जा रही है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। दूसरी तरफ, अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। पूर्व में उसे यौन हिंसा से जुड़े अपराध को लेकर गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि वियना को यूरोप की सत्ता के केंद्र के तौर पर जाना जाता है। यहां यूरोपीय संघ के अलावा अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के मुख्यालय स्थित हैं। इसे देखते हुए यहां की सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रहती है। ऐसे में आमलोगों के बीच मशहूर एक झील से महिला की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी।