उत्तर प्रदेश से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अलीगढ़ जिले के एक व्यक्ति को पाकिस्तान में गिरफ्तार किया गया है। वह एक महिला से मिलने सीमापार चला गया और उसकी दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। महिला से मिलने के लिए अवैध रूप से सीमा पार करने के आरोप में आरोपी व्यक्ति को पाकिस्तान में गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार
अलीगढ़ जिले के नगला खटकरी गांव के निवासी 30 वर्षीय बादल बाबू के रूप में पहचाने जाने वाले आरोपी व्यक्ति को पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने मंडी बहाउद्दीन शहर में गिरफ्तार किया था। पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि बादल बाबू ने पूछताछ के दौरान कबूल किया कि उसने सोशल मीडिया पर महिला के साथ रोमांटिक रिश्ता डेवेलप किया था। वह महिला से व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए बेताब होकर वैलिड वीजा या यात्रा दस्तावेजों के बिना पाकिस्तान में प्रवेश किया।
अदालत ने आरोपी व्यक्ति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी व्यक्ति को 10 जनवरी, 2025 को फिर से पेश किया जाएगा। प्राथमिक जांच से पता चला है कि यूपी के व्यक्ति ने पहले भी दो बार भारत-पाकिस्तान सीमा पार करने का प्रयास किया था लेकिन असफल रहा। अपने तीसरे प्रयास में वह सफलतापूर्वक पाकिस्तान में प्रवेश कर गया और मंडी बहाउद्दीन पहुंच गया। यहां कथित तौर पर उसकी मुलाकात उस महिला से हुई जिसके साथ वह ऑनलाइन बातचीत कर रहा था। अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या बाबू का पाकिस्तान में अवैध प्रवेश पूरी तरह से उसकी रोमांटिक फ्रेंडशिप से प्रेरित था या इसके पीछे कोई अन्य मकसद था।
दो महीने पहले भी आया था ऐसा ही मामला
यह पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय व्यक्ति ने पाकिस्तान पहुंचने और अपने साथी से मिलने के लिए सीमा पार करने का प्रयास किया है। इस साल जुलाई में इसी तरह की एक घटना में उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने ऑनलाइन मिली एक पाकिस्तानी महिला से शादी करने के लिए सीमा पार करने की कोशिश की।
हालांकि उसकी कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने नाकाम कर दिया। जवानों ने उन्हें जम्मू-कश्मीर में खोखर सीमा चौकी पर हिरासत में लिया और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस को सौंप दिया। पढ़ें सीमा हैदर के प्रेग्नेंट होने की जानकारी मिलते ही भड़का पाकिस्तानी शौहर गुलाम