रूस-यूक्रेन युद्ध ने दुनिया भर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए पश्चिमी देशों के संकल्प को और मजबूत कर दिया है। अपने कीव दौरे के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को पौलेंड में इस बात पर जोर दिया। बाइडन ने साफ कहा कि रूस कभी भी यूक्रेन पर जीत हासिल नहीं कर पाएगा। पोलैंड की राजधानी वारसा में उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मैसेज देते हुए कहा कि रूसी सेना ने युद्ध के दौरान अपराध किए और यूक्रेन में आम नागरिकों को भी निशाना बनाया गया है।

यूक्रेन की मदद करता रहेगा अमेरिका- जो बाइडन

वारसा स्थित राष्ट्रपति भवन में पोलैंड के राष्ट्रपति एंड्रयूज डी से मुलाकात के बाद यूक्रेन के शरणार्थियों और पौलेंड के लोगों को संबोधित करते हुए बाइडन ने कहा, ‘दुनिया के लोकतंत्र आज, कल और हमेशा स्वतंत्रता की रक्षा के लिए खड़े रहेंगे।’ जो बाइडन ने वारसा में रूस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बात में किसी को शक नहीं होना चाहिए कि अमेरिका हर वक्त और हर हाल में यूक्रेन के साथ खड़ा है। अमेरिका बिना रुके और बिना थके यूक्रेन की मदद करता रहेगा। हमें यूरोप में हर हाल में शांति की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।

पुतिन को सख्त संदेश, रूस की सेना पर घिनौने आरोप

बाइडन ने पुतिन को संदेश देते हुए कहा कि पुतिन यूक्रेन की जमीन पर कब्जे के लिए यह सब कर रहे हैं। वह याद रखें कि नाटो में बंटवारा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में रूस की फौज ने बेरहमी भरा काम किया है। यह इंसानियत के खिलाफ अपराध है।

NATO और Europe की ओर से भारत के Brahmos उत्पादन पर बैन का साया, Russia- Ukraine War से है संबंध

पुतिन पर आरोप लगाते हुए बाइडन ने कहा कि पुतिन की सेना ने यूक्रेन में क्या नहीं किया। आम लोगों का नरसंहार किया। घर उजाड़ दिया। हथियार की तरह रेप जैसे घिनौने अपराध का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि रूस ने यूक्रेन के बच्चों का भविष्य छीन लिया। ट्रेन, स्कूल, हॉस्पिटल और अनाथालय पर तक बम बरसाए। इसके बावजूद उन्हें शर्म नहीं आती। इन सब को कैसे नजरअंदाज किया जाए।

रूस कभी यूक्रेन को युद्ध में नहीं जीत सकता- बाइडन का दावा

जो बाइडन ने पोलैंड की राजधानी में कहा कि यूक्रेन के लोग भी खास हैं। मैं दावे से कह सकता हूं कि रूस कभी यूक्रेन को युद्ध में नहीं जीत सकता।
उन्होंने कहा, ‘यूक्रेन में अपने दुर्व्यवहार की कीमत रूस चुका रहा है। हमने दुनिया के एक प्रमुख अर्थव्यवस्था पर अब तक का सबसे बड़ा और सख्त प्रतिबंध लगाया है। इस सप्ताह हम कई और घोषणा करने वाले हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध के लिए जिम्मेदार लोगों को हम गुनाहगार ठहराएंगे और मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए इंसाफ की मांग करेंगे।”