अमेरिकी राज्य मैसाचुसेट्स में रविवार (5 मार्च, 2023) को उड़ती फ्लाइट का दरवाजा खोलने को कोशिश करने पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में यात्रा कर रहे एक शख्स ने इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश की और जब उसको रोका गया तो उसने फ्लाइट अटेंडेंट पर हमला कर दिया। इसके बाद विमान को बोस्टन में सुरक्षित उतारा गया। हालांकि, इस हरकत के बाद यह शख्स एयरलाइन की फ्लाइट में कभी यात्रा नहीं कर सकेगा।
यह मामला रविवार को यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट का है। फ्लाइट में यात्रा कर रहा एक शख्स इमरजेंसी एग्जिट विंडो खोलने की कोशिश करने लगा। इसके बाद क्रू अटेंडेंट ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश की तो उसने उन पर हमला कर दिया। फ्लाइट उतरने तक लोगों ने किसी तरह उसे रोक कर रखा। इसके बाद बोस्टन में फ्लाइट को सुरक्षित उतारा गया।
शख्स पर लगे हैं ये आरोप
मैसाचुसेट्स के यूएस अटॉर्नी कार्यालय ने एक बयान में कहा कि यह घटना रविवार को लॉस एंजिल्स से बोस्टन जाने वाली क्रॉस-कंट्री फ्लाइट में हुई थी। बोस्टन लोगान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के एक घंटे से भी कम समय पहले, उड़ान के चालक दल को सतर्क किया गया था कि एक तरफ के दरवाजे को निष्क्रिय कर दिया गया है।
एक फ्लाइट अटेंडेंट ने दरवाजे का निरीक्षण किया और पता चला कि लॉकिंग हैंडल को पूरी तरह से लॉक स्थिति से हटा दिया गया था और दरवाजे की आपातकालीन स्लाइड के लिए लीवर को निष्क्रिय कर दिया गया था। चालक दल ने तब स्लाइड और दरवाजे दोनों को सुरक्षित कर लिया। फ्लाइट क्रू को 33 वर्षीय एक यात्री पर दरवाजे से छेड़छाड़ करने का शक था। इस शख्स को कुछ देर पहले ही इमरजेंसी एग्जिट गेट के पास खड़े हुए देखा गया था।
अभियोजकों ने कहा कि उस समय संदिग्ध अपनी सीट से बाहर निकला और मेटल की टूटी हुई चम्मच से एक क्रू मेंबर पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि शख्स ने तीन बार फ्लाइट अटेंडेंट की गर्दन पर वार किया। इसके बाद अन्य यात्रियों ने आदमी को काबू में करने की कोशिश की और फ्लाइट के उतरने तक उसको रोके रखने में चालक दल की मदद की।
एयरलाइन ने दी प्रतिक्रिया
यूनाइटेड एयरलाइंस ने यात्री पर यात्रा करने के लिए रोक लगा दी है। एयरलाइन ने कहा, “हमारी फ्लाइट में किसी भी प्रकार की हिंसा के लिए जीरो टॉलरेंस है और इस यात्री को को यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में यात्रा करने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।”