अमेरिका ने शनिवार को कनाडा के आसमान में उड़ रहे एक अज्ञात ऑब्जेक्ट को मार गिराया है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी है। अमेरिकी आसमान में चीनी जासूसी बैलून उड़ने की घटना के बाद से बाइडेन प्रशासन काफी सतर्क है।
जस्टिन ट्रूडो ने जो बाइडेन से की थी बात
ट्रूडो ने ट्विटर पर घोषणा करते हुए कहा कि अमेरिकी F-22 फाइटर जेट से युकोन क्षेत्र में उड़ रहे कार जैसे ऑब्जेक्ट को मार गिराया है। उन्होंने कहा कि कनाडाई सेना वस्तु से मलबे को पुनर्प्राप्त कर उसका विश्लेषण करेगी। ट्रूडो ने बताया कि उन्होंने जो बाइडेन को कनाडा के एयरस्पेस में एक अज्ञात ऑब्जेक्ट उड़ते दिखाई देने की सूचना दी थी। इसके एक दिन बाद अमेरिका ने अलास्का के पास समुद्री बर्फ पर इस उड़ने वाली वस्तु को गोली मारने का आदेश दिया था। हालांकि, अमेरिकी सेना ने इस बारे में कुछ नहीं कहा है।
40,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ता देखा गया था ऑब्जेक्ट
शुक्रवार को पेंटागन ने जानकारी देते हुए बताया था कि कार के आकार का एक मानवरहित छोटा ऑब्जेक्ट 40,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ता हुआ दिखाई दिया था। गुरुवार को पहली बार इसे देखा गया था, जिसके बाद से अमेरिकी अधिकारी इस वस्तु के बारे में जानने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, उत्तरी कमान ने शनिवार को कहा कि फिलहाल ऑब्जेक्ट की क्षमता, उद्देश्य या उत्पत्ति सहित अन्य विवरण के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसके अलावा, हवा की ठंडक, बर्फ और लिमिडेट डे लाइट इसकी खोज और पुनर्प्राप्ति प्रयासों में बाधा डाल रहे हैं।
इससे पहले 4 फरवरी को अमेरिका ने आसमान में उड़ रहे चीनी स्पाई बैलून को मार गिराया था। हालांकि, चीन का कहना था कि यह एक नागरिक अनुसंधान पोत था। अमेरिका ने एक हफ्ते के इंतेजार के बाद इसे ध्वस्त कर दिया था, जिसे लेकर कुछ अमेरिकी सांसदों ने सरकार की आलोचना की है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार ने इसे गिराने में इतना समय क्यों लिया। पेंटागन ने कहा है कि गुब्बारे की एक महत्वपूर्ण मात्रा पहले ही बरामद कर ली गई है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों को जल्द ही पोत पर सवार किसी भी चीनी जासूसी क्षमताओं के बारे में अधिक जानकारी मिल सकती है।