रूसी सैनिक एक-एक कर लगातार यूक्रेन के शहरों पर कब्जा करते जा रहे हैं। वो राजधानी कीव में घुस चुके हैं। दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध का आज तीसरा दिन है। इस बीच सोशल मीडिया से लेकर कई न्यूज चैनलों में यूक्रेन के आसमान को रूस से बचाने की कोशिश करते एक रहस्यमय मिग-29 फाइटर प्लेन के देखे जाने का दावा किया जा रहा है। यूक्रेन के लोग लोग इसे ‘घोस्ट ऑफ कीव’ का नाम दे रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एक अकेला यूक्रेनी पायलट बेखौफ होकर कीव के आसमान में अचंभित करने वाले काम कर रहा है। वो रूस को नुकसान पहुंचा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर इस भूत को लेकर दावे किए जा रहे हैं। एक यूजर ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा- दो यूक्रेनी विमानों को कीव की ओर बढ़ते हुए और फिर वापस आते हुए देखा। यह उनमें से एक है। यह भूत हो सकता है?

एक दूसरे ट्वीट में कहा गया कि एक यूक्रेनी पायलट ने छह रूसी एयरक्राफ्ट को मार गिराया है। पायलट को ‘घोस्ट ऑफ कीव’ कहा रहा है। उसके मिग-29 विमान को आज कई वीडियो में देखा गया है। यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको ने भी एक इमेज शेयर कर इस पायलट को ‘घोस्ट ऑफ कीव’ का नाम दिया। सोशल मीडिया पर फिलहाल इस पायलट की जांबाजी ने कोहराम मचा रखा है। कई वीडियो शेयर किए जा चुके हैं।

सोशल मीडिया पर लोग यूक्रेनी पायलट की क्लिप को शेयर कर रहे हैं। एक ट्विटर यूजर ने मिग-29 फाइटर जेट का एक वीडियो शेयर किया, जिसने कथित रूसी प्लेन का पीछा किया था। यूजर ने कहा कि कई सारे रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि यूक्रेन के एक पायलट ने शुक्रवार को छह रूसी विमानों को मार गिराया था, जिससे वह 21वीं सदी का पहला लड़ाकू बन गया है।

रूस और यूक्रेन के बीच घमासान लड़ाई जारी है। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको ने कहा है कि रूस के हमले में 198 लोग मारे गए हैं और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ल्याशको ने बताया कि मरने वालों में तीन बच्चे भी हैं। उनके बयान से यह स्पष्ट नहीं हुआ कि हताहतों में कितने सैनिक और आम नागरिक हैं।

ल्याशको ने कहा कि बृहस्पतिवार को बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइल हमलों तथा उत्तर, पूर्व और दक्षिण से यूक्रेन में सैनिकों के अभियान के साथ शुरू हुए रूसी आक्रमण में 33 बच्चों सहित 1,115 लोग घायल हो गए।