Russia Ukraine War: यूक्रेन संकट से अपने लोगों को निकालने के काम के लिए सरकार एक तरफ अपनी पीठ थपथपाने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। लेकिन दूसरी तरफ तस्वीर काफी भयावह है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक रूसी सीमा के पास स्थित Sumy स्टेट यूनिवर्सिटी के 600-700 छात्र अपनी जान बचाने के लिए इंडियन एंबेसी के अफसरों से गुहार लगाने की कोशिश कर रहे हैं पर उनके नंबर नॉट रीचेबल हैं। केरल की छात्रा निरंजना संतोष ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए भी वो अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं पर कोई कामयाबी हाथ नहीं लग रही। हम बहुत डरे हुए हैं। हमें घर लौटना है पर कोई भारतीय अफसर उनके पास नहीं आ रहा।

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि 18 हजार भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से सुरक्षित भारत लाया जा चुका है। बीते 24 घंटो में 15 फ्लाइटे भारत आई हैं। अगले 24 घंटो के लिए 18 फ्लाइटों को यूक्रेन भेजा जाएगा। उधर, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि मॉस्को यूक्रेन में लड़ाई खत्म करने के लिए बातचीत को तैयार है। लेकिन यूक्रेन के सैन्य ढांचे को नष्ट करने के अपने प्रयास जारी रखेगा।

लावरोव ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के वार्ताकारों को अपनी मांगें सौंपी है। अब वो बृहस्पतिवार को होने वाली वार्ता में कीव की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम ने यूक्रेन को लगातार हथियारों से लैस किया है। इन देशों ने यूक्रेन में ठिकाने बनाए हैं। ये मॉस्को की सुरक्षा के लिए खतरा है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि रूस पर प्रतिबंध लगने से भारत की भी मुश्किलें बढ़ेंगी। सीनेट फॉरेन रिलेशन कमेटी की बैठक में एक अधिकारी ने कहा कि अब हथियारों से जुड़े हार्डवेयर रूस से लेने में भारत को परेशानी होगी। यूक्रेन पर हमले की वजह से दुनिया के तमाम देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि उनका कहना था कि अमेरिका S-400 एयर डिफेंस की खरीद पर रोक लगाने की बात पर विचार नहीं कर रहा। भारत उसका साझीदार है।

अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) के अभियोजक ने एक जांच शुरू की है। वो यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई के दौरान नागरिकों की मौत, संपत्ति नुकसान को देखेंगे। आईसीसी के अभियोजक करीम खान ने बुधवार देर रात उस समय जांच की घोषणा की, जब अंतरराष्ट्रीय अदालत के दर्जनों सदस्य देशों ने उनसे मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने कहा कि आईसीसी को यूक्रेन जाने की जरूरत है। इसके जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना जरूरी है। ब्रिटेन न्याय के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम करेगा।

बता दें कि रूस ने यूक्रेन के कीव, खारेसान और खारकीव में हमले तेज रखे। इस दौरान खारकीव में जबदस्त तबाही की खबर है। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने फिर से हुंकार भरी है। उन्होंने चेताते हुए कहा है कि जो भी उनके मुल्क में घुसेगा या फिर हमला करेगा, वह उसे कड़ा जवाब देंगे। साथ ही जो उन लोगों (यूक्रेनियों) का है, वह वे किसी और को नहीं देंगे।

वहीं, विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से कुछ समाचार चैनल्स ने बताया कि खारकीव में रक्षा विभाग के हेडक्वार्टर पर क्रूज मिसाइल अटैक किया गया है। इस बीच, खारकीव में रात भर की गई बमबारी में आठ लोगों के मारे जाने की खबर है। मृतकों में कौन-कौन (मुल्क आदि) शामिल था? यह फिलहाल साफ नहीं हो सका है।

इस बीच, विदेश मंत्रालय की ओर साफ किया गया है कि यूक्रेन में कोई भी भारतीय को बंधक नहीं बनाया गया है और न ही उन्हें इस बारे में जानकारी है। दरअसल, बुधवार को कुछ खबरों में दावा किया गया था कि यूक्रेन में कुछ भारतीय छात्र-छात्राओं को बंधक बना लिया गया है।

उधर, खबर है कि यूक्रेन की तरह सोवियत संघ का हिस्सा रहा जॉर्जिया यूरोपियन यूनियन में हिस्सा बन सकता है। बता दें कि आज रूस और यूक्रेन के बीच जंग का आठवां दिन है। पर युद्ध रूकने के आसार नहीं नजर नहीं आ रहे हैं।

Live Updates

Russia और Ukraine के बीच नहीं थमा है विवाद, आठ दिन से जारी है जंगः यहां पाएं पूरे विवाद से जुड़े पल-पल के LIVE Updates

21:56 (IST) 3 Mar 2022
यूक्रेन से लौटे छात्रों ने बयां की दर्दभरी दास्तां

यूक्रेन संकट के बीच छात्रों का एक जत्था हाजीपुर पहुंचा। यूक्रेन से भारत लौटी एक छात्रा ने बताया कि ये हमारे लिए काफी मुश्किल था क्योंकि वहां हालात सामान्य नहीं है। हम सो नहीं पाए, आपातकाल की स्थिति बनी हुई है, बिना रूके लगातार यात्रा करना पड़ रहा है।

21:48 (IST) 3 Mar 2022
रूसी सरकार ने जताई वार्ता के सफल होने की उम्मीद

रूस के विदेश मंत्रालय ने बेलारूसी क्षेत्र में रूसी और यूक्रेनी प्रतिनिधियों के बीच सीधी बातचीत पर कहा कि बातचीत चल रही है। हमें उम्मीद है कि वे इस स्थिति को समाप्त करेंगे, शांति बहाल करेंगे और यूक्रेन में सभी लोगों को शांतिपूर्ण जीवन में लौटने में सक्षम बनाएंगे।

20:40 (IST) 3 Mar 2022
रूसी सेना ने यूक्रेन के प्रमुख बंदरगाह पर कब्जा किया

रूसी सेना ने यूक्रेन के एक प्रमुख बंदरगाह पर नियंत्रण कर लिया और देश को उसकी तटरेखा से अलग करने के प्रयासों के तहत एक अन्य की घेराबंदी कर दी। आजोव सागर, मारियुपोल पर एक और रणनीतिक बंदरगाह शहर के बाहरी इलाके में बृहस्पतिवार को जबरदस्त लड़ाई जारी रही। रूसी ने कहा कि उसके पास खेरसॉन का नियंत्रण था।

20:27 (IST) 3 Mar 2022
रिजीजू ने यूक्रेन से लगी सीमा का दौरा किया

यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकालने के लिए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन से लगी सीमा का दौरा किया। उन्होंने कहा- आज सुबह मैं यूक्रेन से आने वाले अपने देश के नागरिकों के लिए बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा के सिलसिले में स्लोवाकिया के बिडोवसे गया था। कठिनाइयों को अब दूर किया जा रहा है।

20:23 (IST) 3 Mar 2022
भारत की आवाज़ दुनिया में सुनी जाती हैः फ्रांसीसी राजदूत

भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनिन ने कहा है कि भारत ने क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर बयान दिए हैं जिनका हम स्वागत करते हैं। हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र पर भरोसा करते हैं। भारत की आवाज़ बहुत महत्वपूर्ण है। भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी जिम्मेदारी चाहता है। हमारा देश भारत को यूएनएससी में स्थायी सीट मिलने का प्रबल समर्थक है। भारत की आवाज़ दुनिया में सुनी जाती है।

19:54 (IST) 3 Mar 2022
अभी भी बहुत से भारतीय यूक्रेन में फंसेः विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा है कि शुरुआत में 20 हजार भारतीय नागरिकों का पंजीकरण किया गया था, लेकिन कई ऐसे भी थे जिन्होंने पंजीकरण नहीं कराया था। हमारा अनुमान है कि कुछ सौ नागरिक अभी भी खार्किव में रह रहे हैं। हमारी प्राथमिकता छात्रों को सुरक्षित रूप से बाहर ले जाना है।

19:49 (IST) 3 Mar 2022
सुरक्षा को लेकर वीडियो जारी कर रही सरकार

यूक्रेन में कई भारतीयों के फंसे होने के बीच सरकार सोशल मीडिया समेत विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर वीडिया डालकर यह बता रही है कि युद्धग्रस्त क्षेत्र में वह किस प्रकार सुरक्षित रहें। इस सिलसिले में सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन ने युद्धग्रस्त क्षेत्रों में गोलाबारी और मिसाइल हमलों के बीच सुरक्षित रहने के तरीकों के बारे में पूर्व सैन्य जनरलों के साक्षात्कार लिए हैं।

18:46 (IST) 3 Mar 2022
भारतीयों के लिए बसों की व्यवस्था कीः रूस

यूक्रेन के खारकोव और सूमी शहरों में फंसे हुए भारतीय छात्रों और अन्य विदेशियों को निकालने के लिए 130 बसों की व्यवस्था की गई है। रूसी राष्ट्रीय रक्षा नियंत्रण केंद्र के प्रमुख कर्नल-जनरल मिखाइल मिजिन्त्सेव ने कहा कि हम मदद कर रहे हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बात हुई थी। यूक्रेन के संघर्षग्रस्त क्षेत्रों से भारतीयों की सुरक्षित निकासी पर चर्चा करने के एक दिन बाद की यह टिप्पणी सामने आई है।

18:04 (IST) 3 Mar 2022
यूक्रेन की खबरें प्रसारित करने के चलते रूस का रेडियो स्टेशन बंद

यूक्रेन की खबरें प्रसारित करने के चलते रूस के रेडियो स्टेशन इखो मॉस्कवे को बंद कर दिया गया है। रेडियो स्टेशन के प्रधान संपादक एलेक्से वेनेडिक्टोव ने टेलीग्राम पर लिखा- सरकार ने उन्हें पहले संकेत दिया था इस प्रकार के निर्णय पर विचार किया जा रहा है। रूस में मीडिया संस्थानों को आधिकारिक सूत्रों द्वारा मुहैया कराई गयी जानकारियों को ही प्रसारित अथवा प्रकाशित करने के निर्देश दिए गए हैं। रूस ने आक्रमण शब्द पर आपत्ति जताई है। उसका कहना है कि उसने यूक्रेन पर सैन्य अभियान किया है।

17:54 (IST) 3 Mar 2022
रूस और यूक्रेन को वार्ता की मेज पर लाना चाहता है इजरायल

यूक्रेन व रूस को वार्ता की मेज पर लाने के लिए इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने विश्व के तमाम नेताओं से आग्रह किया है। तेल अवीव में बेनेट ने कहा कि यूक्रेन में जमीनी हालात अभी खराब दिख रहे हैं। लेकिन विश्व नेताओं को समझना होगा कि अगर वे जल्द से जल्द पहल नहीं करेंगे तो स्थिति और भी खराब हो सकती हैं। बेनेट ने एक दिन पहले ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की से बात की थी। इजरायल के दोनों देशों से अच्छे रिश्ते हैं। उसने यूक्रेन में मदद भी भेजी है, लेकिन वह सीधे तौर पर मॉस्को की नाराजगी मोल लेने से बच रहा है।

17:18 (IST) 3 Mar 2022
यूक्रेन में बड़ी संख्या में भारतीय छात्रों के होने से नीतीश हैरान

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई के लिए बड़ी संख्या में भारतीय छात्रों का होना आश्चर्यचकित करता है। विधानसभा में चर्चा के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर हो रही इस घटना से पता चलता है कि भारत में मेडिकल की पढ़ाई बेहद महंगी है। उन्होंने कहा कि वो यह देखकर चकित हैं कि पढ़ाई के लिए इतने सारे लड़के लड़कियां इतनी दूर स्थित देश में जाते हैं। सोवियत काल की तुलना में यह स्थिति अलग है जब कम्युनिस्ट दलों से जुड़े लोगों के बच्चे रूस और आसपास के देशों में मेडिकल की पढ़ाई के लिए जाते थे।

17:07 (IST) 3 Mar 2022
एक सप्ताह में 10 लाख लोगों ने किया यूक्रेन से पलायनः संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि रूस के हमला करने के बाद से 10 लाख लोग यूक्रेन छोड़कर चले गए हैं। इस सदी में पहले कभी इतनी तेज गति से पलायन नहीं हुआ है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायोग (यूएनएचसीआर) के आंकड़ों के अनुसार, पलायन करने वाले लोगों की संख्या यूक्रेन की आबादी के दो प्रतिशत से अधिक है। खारकीव से बड़ी संख्या में पलायन हुआ है,गोलीबारी और गोलाबारी के बीच लोग स्टेशनों में पहुंचे और जान बचाकर ट्रेनों में बैठते नजर आए।

17:02 (IST) 3 Mar 2022
वार्ता को तैयार पर यूक्रेनी सेना को निशाना बनाते रहेंगेः लावरोव

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि मॉस्को यूक्रेन में लड़ाई खत्म करने के लिए बातचीत को तैयार है। लेकिन यूक्रेन के सैन्य ढांचे को नष्ट करने के अपने प्रयास जारी रखेगा। लावरोव ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के वार्ताकारों को अपनी मांगें सौंपी है। अब वो बृहस्पतिवार को होने वाली वार्ता में कीव की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम ने यूक्रेन को लगातार हथियारों से लैस किया है। इन देशों ने यूक्रेन में ठिकाने बनाए हैं। ये मॉस्को की सुरक्षा के लिए खतरा है।

17:00 (IST) 3 Mar 2022
रूसी विदेश मंत्री ने परमाणु युद्ध पर पश्चिमी देशों को घेरा

रूस के विदेश मंत्री सरगेई लवरोव ने कहा कि पश्चिमी देशों के नेता परमाणु युद्ध को लेकर अफवाह फैला रहे हैं। रूस के लोगों व सरकार के दिमाग में ऐसा कोई विचार नहीं है। उनका कहना था कि पश्चिमी देश बेवजह की अफवाहें फैला रहे हैं।

16:56 (IST) 3 Mar 2022
स्लोवाकिया से 370 छात्र दिल्ली के लिए रवानाः रिजिजू

कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यूक्रेन से स्लोवाकिया पहुंचे तकरीबन 370 भारतीय छात्रों को बृहस्पतिवार को दो विमानों के जरिए स्वदेश लाया जाएगा। यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान के कारण फंस गए भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में समन्वय के लिए रिजिजू इस समय यूक्रेन के पड़ोसी देश स्लोवाकिया के कोसिसे शहर में हैं। रिजिजू ने कहा कि आज हम कोसिसे शहर से दो विमानों को रवाना करेंगे, जिसमें करीब 370 भारतीय छात्र सवार होंगे।

16:47 (IST) 3 Mar 2022
यूक्रेन का राजनीतिकरण कर रही भाजपाः जयंत

रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के मुद्दे का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में फायदा लेने के लिए राजनीतिकरण करने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया। जयंत ने सपा गठबंधन की एक रैली में कहा कि करीब तीन दशक पहले भी बहुत बड़ी संख्या में कुवैत में फंसे भारतीय लोगों को वापस लाया गया था। लेकिन उस वक्त किसी ने इस अभियान को कोई नाम नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि लेकिन इस सरकार ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के अभियान का नाम गंगा नदी के नाम पर रखा है क्योंकि उसकी नजर बनारस और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर है।

15:48 (IST) 3 Mar 2022
यूक्रेन पर राहुल गांधी ने सरकार को दिखाया आइना

यूक्रेन मसले पर राहुल गांधी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर की मीटिंग में कहा कि सरकार को हरकत में आने में देर लगी। उनके सलाहकार भ्रम पैदा कर रहे हैं। राहुल ने ये भी कहा कि चीन और पाकिस्तान यूक्रेन विवाद के बाद रूस के नजदीक आ रहे हैं। ये भारत के लिए अच्छी स्थिति नहीं है।

15:46 (IST) 3 Mar 2022
भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए ‘मिशन मोड’ पर काम कर रहा केंद्र: नकवी

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने "ऑपरेशन गंगा" के तहत यूक्रेन से वापस लाए गए 439 भारतीय नागरिकों का यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया और कहा कि वहां से भारत के सभी नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए मोदी सरकार ‘मिशन मोड’ पर काम कर रही है।

नकवी ने विशेष विमान में पहुंचकर यूक्रेन से आए भारतीय नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि "ऑपरेशन गंगा" के तहत यूक्रेन में फंसे सभी भारतीय नागरिक, छात्र सुरक्षित भारत आ सकें इसके लिए मोदी सरकार पूरी मजबूती के साथ ‘मिशन मोड’ पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो अभियान चल रहा है उसके तहत हजारों की संख्या में भारतीय नागरिक, भारतीय छात्र अभी तक सुरक्षित भारत लाये गए हैं। हमारी कोशिश है कि हिंदुस्तान का हर नागरिक भारत सुरक्षित आ सके, इसके लिए सरकार दिन-रात काम कर रही है, हमारे दूतावास काम कर रहे हैं, प्रधानमंत्री खुद उसकी निगरानी कर रहे हैं।’’

15:45 (IST) 3 Mar 2022
यूक्रेन में दिल्ली के कम से कम 650 लोग फंसे, परिवारों को दी जा रही है मदद

दिल्ली सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के कम से कम 650 लोग यूक्रेन में फंसे हुए हैं और यहां के 215 लोगों को अब तक वापस लाया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा दी गई सूची के अनुसार यूक्रेन में दिल्ली के कम से कम 870 लोग थे।

उन्होंने कहा कि बुधवार रात तक जिलाधिकारी, उपमंडल अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारी 550 से अधिक छात्रों के घर गए जिन्हें या तो निकाला जा चुका है या अभी भी वे यूक्रेन में फंसे हैं। अधिकारियों ने कहा कि 600 से अधिक छात्रों के परिवारों से फोन पर संपर्क किया गया है और उन्हें आवश्यक मदद की पेशकश की गई है।

15:42 (IST) 3 Mar 2022
जयशंकर ने यूक्रेन के मुद्दे पर सांसदों से चर्चा की

यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के सरकार के प्रयास जारी रहने के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सांसदों को वहां एवं भारतीयों की निकासी की स्थिति की जानकारी दी। बृहस्पतिवार को वो अपने मंत्रालय की परामर्श समिति की बैठक में शिरकत कर रहे थे। बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शशि थरूर, आनंद शर्मा, शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी, राजद के प्रेमचंद्र गुप्ता, भाजपा के जीवीएन नरसिंह राव ने प्रमुख तौर पर हिस्सा लिया।

15:38 (IST) 3 Mar 2022
मिशन मोड पर काम कर रही है मोदी सरकार: नकवी

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से वापस लाए गए 439 भारतीय नागरिकों का यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत कर कहा कि वहां से भारत के सभी नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए मोदी सरकार मिशन मोड पर काम कर रही है। नकवी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि सभी भारत सुरक्षित आ सके।

15:35 (IST) 3 Mar 2022
छात्रों की चिंता छोड़ पीएम चुनाव में व्यस्तः ममता

यूक्रेन से भारतीय छात्रों को वापस लाना महत्वपूर्ण, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश में सभाओं में व्यस्त हैं। ममता बनर्जी ने वाराणसी में एक चुनावी रैली में कहा कि सरकार का मानवीय चेहरा अपने आप उजागर हो रहा है। इन लोगों के लिए चुनाव ही सबसे ज्यादा अहम है।

15:33 (IST) 3 Mar 2022
यूक्रेन में दिल्ली के कम से कम 650 लोग फंसे, परिवारों को दी जा रही है मदद

दिल्ली सरकार ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के कम से कम 650 लोग यूक्रेन में फंसे हुए हैं और यहां के 215 लोगों को अब तक वापस लाया जा चुका है। केन्द्र की सूची के अनुसार यूक्रेन में दिल्ली के कम से कम 870 लोग थे। उन्होंने कहा कि बुधवार रात तक दिल्ली के अधिकारी 550 से अधिक छात्रों के घर गए जिन्हें या तो निकाला जा चुका है या अभी भी वे यूक्रेन में फंसे हैं। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया कि दिल्ली सरकार यूक्रेन में फंसे लोगों के परिवारों के साथ लगातार संपर्क में है।

13:16 (IST) 3 Mar 2022
पैरालंपिक में भाग नहीं ले पाएंगे रूस और बेलारूस के खिलाड़ी

अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति (आईपीसी) ने गुरुवार को कहा कि रूसी और बेलारूसी खिलाड़ियों को यूक्रेन में युद्ध में उनके देशों की भूमिका के कारण शीतकालीन पैरालंपिक खेलों से प्रतिबंधित कर दिया गया है। आईपीसी ने 24 घंटे के अंदर अपना फैसला बदला क्योंकि इससे पहले बुधवार को उसने कहा था कि शुक्रवार से शुरू होने वाले खेलों में रूसी और बेलारूसी खिलाड़ियों को तटस्थ खिलाड़ियों के रूप भाग लेने की अनुमति दी जाएगी, जिसमें वे अपने देश के नाम और ध्वज का उपयोग नहीं कर सकते थे।

आईपीसी को इस फैसले के लिये आलोचना झेलनी पड़ी थी जिसके बाद उसे अपना निर्णय बदलना पड़ा। आईपीसी ने यह भी कहा कि स्पष्ट है कि कई खिलाड़ी रूस या बेलारूस के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने से मना कर देंगे, जिससे पैरालिंपिक में मुश्किल स्थिति पैदा हो जाएगी और उससे उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान होगा। आईपीसी के अध्यक्ष एंड्रयू पर्सन्स ने कहा, ‘‘पिछले 12 घंटों में कई सदस्यों ने हमसे संपर्क किया। उन्होंने कहा कि अगर हम अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं करते हैं तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।’’

13:02 (IST) 3 Mar 2022
कोर्ट ने एजी से यूक्रेन में फंसे छात्रों को वापस लाने में मदद करने को कहा

उच्चतम न्यायालय ने अटॉर्नी जनरल के के वेणुगोपाल से रोमानिया की सीमा के पास यूक्रेन में फंसे कुछ भारतीय छात्रों को निकालने में मदद करने के लिए बृहस्पतिवार को कहा। प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण, न्यायमूर्ति ए एस बोपन्ना और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ ने एक वकील की उन अर्जियों पर गौर किया , जिसमें कहा गया था कि रोमानिया की सीमा पर जमा देने वाली ठंड के बीच बड़ी संख्या में छात्र फंसे हैं और सरकार रोमानिया से उड़ानें संचालित नहीं कर रही है।

वकील ने पीठ को बताया कि, ‘‘उड़ाने पोलैंड और हंगरी से संचालित हो रही हैं, रोमानिया से नहीं। बड़ी संख्या में लड़कियों सहित छात्र बिना किसी सुविधा के वहां फंसे हुए हैं।’’ इस पर पीठ ने कहा,‘‘ हम सबको उनसे सहानुभूति है, लेकिन इसमें अदालत क्या कर सकती है।’’ पीठ ने शीर्ष विधि अधिकारी से फंसे हुए छात्रों की मदद करने पर विचार के लिये कहा। कीव से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं।

12:03 (IST) 3 Mar 2022
यू्क्रेन में युद्ध के बीच राष्ट्रपति जेलेंस्की की सीरिज ‘सर्वेंट ऑफ द पीपुल’ की बढ़ी लोकप्रियता

रूस के यूक्रेन पर हमले करने और इस हमले का डट का मुकाबला करने के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की देश का ताकतवर चेहरा बनकर सामने आए हैं, इस बीच लोगों को उनकी कॉमेडी सीरिज ‘सर्वेंट ऑफ द पीपुल’ की भी याद आई और कई देश इस सीरीज के अधिकार खरीदने की कोशिश कर रहे हैं।

पूर्व अभिनेता एवं कॉमेडियन जेलेंस्की की यह सीरिज 2015 में आई थी। इसमें जेलेंस्की ने एक अध्यापक वसीली पेत्रोविच गोलोबोरोडकोस का किरदार निभाया था, जो यूक्रेन के भ्रष्टाचार की निंदा करने वाले एक छात्र के वीडियो के वायरल होने के बाद अप्रत्याशित रूप से यूक्रेन के राष्ट्रपति चुने जाते हैं। इस सीरिज को दिखाने के अधिकार ‘इको राइट्स’ ने खरीदे थे। वहीं, इसका निर्माण ज़ेलेंस्की की कम्पनी ‘स्टूडियो क्वार्टेल 95’ ने किया था।

कम्पनी के प्रबंधक साझेदार निकोला ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सीरिज के प्रति लोगों की दिलचस्पी काफी बढ़ गई है। उन्होंने कहा, ‘‘यह काफी पुराना शो है, लेकिन हां मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए, इसको लेकर रुचि बेहद बढ़ गई है।’’ ‘चैनल 4’ ने घोषणा की है कि ब्रिटेन में उसके पास कॉमेडी सीरिज ‘सर्वेंट ऑफ द पीपुल’ के अधिकार हैं और वह हर सप्ताह रविवार को उसका एक एपिसोड प्रसारित करने की योजना बना रहा है।

11:34 (IST) 3 Mar 2022
एक सप्ताह में 10 लाख लोगों ने किया यूक्रेन से पलायन: UN शरणार्थी एजेंसी

संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने बृहस्पतिवार को बताया कि रूस के हमला करने के बाद से 10 लाख लोग यूक्रेन छोड़कर चले गए हैं। इस सदी में पहले कभी इतनी तेज गति से पलायन नहीं हुआ है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायोग (यूएनएचसीआर) के आंकड़ों के अनुसार, पलायन करने वाले लोगों की संख्या यूक्रेन की आबादी के दो प्रतिशत से अधिक है। विश्व बैंक के अनुसार 2020 के अंत में यूक्रेन की आबादी चार करोड़, 40 लाख थी।

एजेंसी का अनुमान है कि यूक्रेन से अंतत: 40 लाख लोग पलायन कर सकते हैं और यह संख्या अनुमान से भी अधिक हो सकती है। यूएनएचसीआर की प्रवक्ता जोंग-आह घेदिनी-विलियम्स ने एक ईमेल में लिखा कि राष्ट्रीय अधिकारियों की गणना के अनुसार ‘‘हमारे आंकड़े बताते हैं कि मध्य यूरोप में हमने आधी रात में 10 लाख की संख्या पार कर ली।’’ संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त फिलिप्पो ग्रांडी ने ट्वीट किया, ‘‘हमने मात्र सात दिन में यूक्रेन से पड़ोसी देशों में 10 लाख लोगों का पलायन देखा है।’’

10:57 (IST) 3 Mar 2022
रूस-यूकेन जंगः प्रधानमंत्री खुद बनाए हैं नजर- छात्रों से बोले केंद्रीय राज्य मंत्री

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने यूक्रेन से लौटने वाले छात्र-छात्राओं से कहा कि वह सभी का स्वागत करते हैं। विषम परिस्थितियों में यूक्रेन से हर भारतीय छात्र को निकालने के लिए प्रधानमंत्री खुद नजर बनाए हैं। क्रू टीम को भी बधाई देता हूं।

10:39 (IST) 3 Mar 2022
बंद पड़े चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर रूस कर चुका है कब्जा

संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी एजेंसी के प्रमुख ने आगाह किया कि लड़ाई यूक्रेन के 15 परमाणु रिएक्टर के लिए खतरा बन गई है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के राफेल ग्रॉसी ने कहा कि युद्ध ऐसी जगह हो रहा है, जहां बड़ी परमाणु ऊर्जा सुविधाएं स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि वह इसे लेकर बेहद चिंतित हैं। ग्रॉसी ने कहा, ‘‘जब कोई संघर्ष चल रहा होता है, तो निश्चित रूप से हमले का खतरा होता है या दुर्घटनावश कोई नुकसान होने का खतरा भी बढ़ जाता है।’’

रूस ने पहले से ही बंद पड़े चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर कब्जा कर लिया है। इस परमाणु संयंत्र में अप्रैल, 1986 में दुनिया की सबसे भीषण परमाणु दुर्घटना हुई थी, जब एक परमाणु रिएक्टर में विस्फोट के बाद रेडियोधर्मी विकिरण फैल गया था। रूसी सेना ने बुधवार को यूक्रेन के दो रणनीतिक बंदरगाहों की घेराबंदी की और देश के दूसरे सबसे बड़े शहर पर बमबारी शुरू कर दी, जबकि कीव के बाहर एक विशाल बख्तरबंद भी खड़ा दिखाई दिया।

न्यूयॉर्क में, 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा ने रूस से अपने आक्रमण को रोकने और अपने सभी सैनिकों को तुरंत वापस बुलाने की मांग करने के लिए मतदान किया। विश्व शक्तियों और छोटे द्वीप राज्यों ने रूस की निंदा भी की। इस प्रस्ताव के पक्ष में 141 वोट पड़े। पांच देशों ने इसके खिलाफ वोट दिया, जबकि 35 देश मतदान में शामिल नहीं हुए। महासभा के प्रस्ताव कानूनी रूप से बाध्यकारी नहीं होते, लेकिन दुनिया की राय को प्रतिबिंबित करते हैं।

10:38 (IST) 3 Mar 2022
रूस के खिलाफ लामबंद हुआ विश्व, यूक्रेन में हमले तेज

रूस के खिलाफ लामबंद होते हुए बुधवार को संयुक्त राष्ट्र में अधिकतर देशों ने उससे यूक्रेन से बाहर निकलने की मांग की। रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर में बमबारी फिर शुरू कर दी है और इससे देश की राजधानी पर खतरा बढ़ गया है। रूस ने उसके प्रमुख रणनीतिक बंदरगाहों को भी घेर लिया है।

रूस का कहना है कि पिछले सप्ताह शुरू हुई सैन्य कार्रवाई में अभी तक करीब उसके 500 सैनिक मारे गए हैं और लगभग 1,600 जवान घायल हुए हैं। वहीं, यूक्रेन ने उसकी सेना के हताहत सैनिकों की जानकारी साझा नहीं की। बहरहाल, यूक्रेन ने कहा कि दो हजार से अधिक असैन्य नागरिक मारे गए हैं। दोनों ही देशों के दावों की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है।

यूक्रेन और रूस के राजदूत बृहस्पतिवार को दूसरी बार बेलारूस में मुलाकात करेंगे, ताकि युद्ध को रोकने का कोई उचित समाधान खोजा जा सके। हालांकि, दोनों के बीच सहमति बनने की संभावना कम ही नजर आ रही है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि सात दिन से जारी रूसी आक्रमण में 8,70,000 से अधिक लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं, जिससे यूरोपीय महाद्वीप में शरणार्थी संकट बढ़ गया है।

बता दें विदेश मंत्रालय की ओर से तीन मार्च, 2022 को कहा गया कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों से सतत सम्पर्क बनाये हुए है और किसी छात्र के बंधक बनाए जाने की स्थिति का सामना करने जैसी कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं मिली है। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यूक्रेन में भारतीय छात्रों को बंधक बनाये जाने की खबरों को लेकर मीडिया के सवालों पर यह बात कही।

उनके मुताबिक, ‘‘यूक्रेन में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों से सतत सम्पर्क बनाये हुए है । हम इस बात का संज्ञान लेते हैं कि यूक्रेन प्रशासन के सहयोग से कल कई छात्र खारकीव से बाहर निकल सके।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें किसी भारतीय छात्र को बंधक बनाने जैसी स्थिति का सामना करने की कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।’’ बागची ने कहा कि हमने यूक्रेन प्रशासन से आग्रह किया है कि खारकीव एवं आसपास के क्षेत्रों से छात्रों को बाहर निकालकर देश के पश्चिमी हिस्से में ले जाने के लिये विशेष ट्रेन की व्यवस्था करें।

दरअसल, रूस ने बुधवार को कहा था कि उसके सशस्त्र बल यूक्रेन के खारकीव शहर से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाने को तैयार हैं। भारत में रूसी दूतावास के एक अधिकारी ने रूस के रक्षा मंत्रालय की ब्रीफिंग का ब्योरा साझा किया था।