रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है और सोमवार (7 मार्च 2022) को युद्ध का 12वां दिन है। इस भीषण युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक यूक्रेनी व्यक्ति रूस की टैंक पर चढ़ा हुआ दिखाई दे रहा है और उसके हाथ में यूक्रेन का झंडा है, जिसे वह लहरा रहा है। आस-पास मौजूद यूक्रेन के लोग व्यक्ति के साहस को देखते हुए ताली बजा रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र मानवधिकार परिषद ने जानकारी दी है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण अब तक करीब 331 नागरिक मारे जा चुके हैं। यह आंकड़ा और बढ़ भी सकता है। करीब 14 लाख लोग यूक्रेन छोड़कर अन्य देशों में शरण ले चुके हैं।
वहीं आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। ANI ने भारत सरकार के सूत्रों के हवाले से लिखा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात की। फोन कॉल करीब 50 मिनट तक चली। उन्होंने यूक्रेन में उभरती स्थिति पर चर्चा की। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेनी और रूसी टीमों के बीच वार्ता की स्थिति पर पीएम मोदी को जानकारी दी।”
ANI ने भारत सरकार के सूत्रों के हवाले से लिखा कि, “पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से आग्रह किया कि वे रूस-यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के बीच चल रही बातचीत के अलावा यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ सीधी बातचीत करें। PM मोदी ने सूमी सहित यूक्रेन के कुछ हिस्सों में संघर्ष विराम और मानवीय गलियारों की स्थापना की घोषणा की सराहना की। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी में हर संभव मदद करने का आश्वासन भी दिया।”
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने मीडिया से बताया कि हम अब तक करीब 20 हजार में से 16 हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से निकाल चुके हैं। करीब 3 हजार भारतीय नागरिक अभी भी यूक्रेन के पड़ोसी देशों में है ,जिन्हें भारतीय दूतावास निकालने की व्यवस्था कर रहा है।
बता दें कि भारत सरकार ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा शुरू किया हुआ है। इस ऑपरेशन के तहत भारत से विमान यूक्रेन के पड़ोसी देशों में जाते हैं और वहां से भारतीयों को सुरक्षित रेस्क्यू कर भारत वापस लाते हैं। इसके लिए भारत सरकार ने चार मंत्रियों को यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजा है, ताकि वह ऑपरेशन गंगा पर करीब से निगरानी रख सके।