Ukraine Russia Crisis: यूक्रेन के खिलाफ रूस के मिलिट्री ऑपरेशन शुक्रवार को राजधानी कीव के पास पहुंच गया। रूसी राष्ट्रपति पुतिन की अगुवाई वाला देश आज भी हवाई हमले को जारी रखा। मिली जानकारी के अनुसार रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बने एक हवाई अड्डे पर कब्जा कर लिया है। वहीं पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन की सत्ता, वहां की सेना अपने हाथ में ले ले।

उधर यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के 1000 से अधिक सैनिकों की मौत अब तक इस हमले में हो चुकी है। जहां यूक्रेन की सेना के साथ भीषण लड़ाई जारी है। वहीं वहां फंसे नागरिकों को निकालने के लिए भारत सरकार लगातार कोशिश कर रही है। सरकार नागरिकों को निकालने के लिए हंगरी और रोमानिया की मदद ले रही है। वहीं रूस की तरफ से भी बातचीत में रूचि दिखाई गई है, लेकिन इसके लिए यूक्रेन की सेना को लड़ाई रोकनी होगी।

वहीं, संकटग्रस्त यूक्रेन किसी भी हालत में फिलहाल झुकने को राजी नहीं है। यूक्रेनी नेता से लेकर कमांडर तक साफ कर चुके हैं कि वे झुकेंगे नहीं। वे लड़ेंगे। हालांकि, यूक्रेन ने इस संकट की घड़ी में नाटो, अमेरिका और दुनिया के अन्य देशों की ओर से अपनाए जा रहे शांत रुख को लेकर खुद को अकेला भी बताया है।

बताया जा रहा है कि यूक्रेन की राजधानी कीव में 40 मिनट के भीतर 35 से अधिक मिसाइल अटैक हुए हैं। इससे लोगों के बीच दहशत का माहौल पनप गया है। साथ ही पश्चिमी यूक्रेन के शहर लीव के मेयर ने अपील की है कि लोग बाहर न निकले। वे अपने घरों में ही रहें।

Live Updates
12:06 (IST) 24 Feb 2022
Russia Ukraine Conflict: यूक्रेन का एयर स्पेस बंद, कीव जा रहा AI प्लेन वापस बुलाया गया

रूस के यूक्रेन पर आक्रमण की आशंकाओं के बीच भारतीय नागरिकों को वहां से लाने के लिए बृहस्पतिवार को रवाना हुआ एअर इंडिया का विमान वापस दिल्ली लौट रहा है। अधिकारियों ने बताया कि एअर इंडिया और केन्द्र सरकार ने इसके बाद विमान को वापस दिल्ली बुलाने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद विमान ने दिल्ली वापसी के लिए ईरान के हवाई क्षेत्र को चुना।

एयर लाइन के प्रवक्ता ने बताया कि एअर इंडिया उड़ान संख्या 1947 वापस आ रही है क्योंकि कीव ने एनओटीएएम जारी कर दिया है। विमान ने सुबह साढ़े सात बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कीव के लिए उड़ान भरी थी। इसबीच कीव से उड़ान भरकर यूक्रेन इंटरनेशनल एयर लाइंस का एक विमान सुबह 7.45 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचा।

11:38 (IST) 24 Feb 2022
Russia-Ukraine crisis LIVE: कहां-कहां से घिरा है संकटग्रस्त यूक्रेन?

बेलारूस, लुहान्स्क, दोनेत्सक और क्रीमिया की तरफ से रूस ने यूक्रेन को घेर रखा है। माना जा रहा है कि रूसी सेना इन रास्तों के जरिए हमला बोल सकता है।

11:35 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन संकटः भारतीय शेयर बाजारों में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1450 अंक से अधिक टूटा

रूस के यूक्रेन में सैन्य अभियान शुरू करने की घोषणा के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में भारी बिकवाली का असर बृहस्पतिवार को घरेलू बाजारों पर भी हुआ और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स तथा निफ्टी 2.5 प्रतिशत से अधिक टूट गए। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,461.35 अंक या 2.55 प्रतिशत गिरकर 55,770.71 पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 430.10 अंक या 2.52 फीसदी की गिरावट के साथ 16,633.15 पर था।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के सभी शेयर भारी नुकसान के साथ कारोबार कर रहे थे। सबसे अधिक नुकसान वाले शेयरों में एयरटेल, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा और एसबीआई शामिल थे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में सैन्य अभियान शुरू करने की घोषणा की, जिससे दुनिया के बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिली। यूक्रेन-रूस संकट को देखते हुए ब्रेंट क्रूड तेल आठ साल में पहली बार बढ़कर 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया।

11:34 (IST) 24 Feb 2022
रूस ने ‘‘युद्ध की घोषणा’’ की, UN में यूक्रेन के राजदूत ने कहा

संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन के राजदूत सर्गिय किस्लित्सिया ने सुरक्षा परिषद को बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ‘‘यूक्रेन के खिलाफ युद्ध की घोषणा’’ कर दी है। उन्होंने अपने रूसी समकक्ष पर यह कहने के लिए भी दबाव डाला कि रूस यूक्रेन के शहरों पर गोलाबारी और बमबारी नहीं करेगा।

यूक्रेन के राजदूत ने बुधवार देर रात कहा कि यदि रूसी राजदूत वासिले नेबेंज़िया सकारात्मक जवाब देने की स्थिति में नहीं हैं, तो उन्हें सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता छोड़ देनी चाहिए। दरअसल, रूस इस महीने के लिए सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता कर रहा है।

यूक्रेन के राजदूत ने सुरक्षा परिषद की एक और आपात बैठक बुलाने की मांग करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र निकाय को अब युद्ध रोकने के प्रयास करने चाहिए क्योंकि सैनिकों को हटाने के बारे में बात करने का वक्त निकल चुका है।

11:26 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन से गोवावासियों की सेफ वापसी के लिए CM ने मंत्रालय से साधा संपर्क

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने संकटग्रस्त यूक्रेन में फंसे गोवा के लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर से मदद मांगी है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में एक सैन्य अभियान की घोषणा करते हुए दावा किया कि इसका उद्देश्य नागरिकों की रक्षा करना है।

प्रमोद सावंत ने ट्वीट किया, “हम यूक्रेन में मौजूद गोवा के लोगों के बारे में चिंतित हैं, जो रूस-यूक्रेन संकट के मद्देनजर भारत लौटने पर विचार कर रहे हैं। मैं विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर जी से गोवावासियों की सुरक्षित वापसी में मदद करने का अनुरोध करता हूं। मैं पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हूं।”

गोवा के प्रवासी भारतीय मामलों के आयुक्त नरेंद्र सवाईकर ने भी इस सिलसिले में विदेश मंत्रालय को एक पत्र लिखा है। रूस के सैन्य हमले शुरू करने पर, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने देश में ‘मार्शल लॉ’ की घोषणा की और नागरिकों से नहीं घबराने का आग्रह किया।

11:22 (IST) 24 Feb 2022
भारत ने रूस, यूक्रेन के बीच तनाव को तत्काल कम करने का आह्वान किया

भारत ने रूस और यूक्रेन के बीच तनाव को तत्काल कम करने का आह्वान किया और आगाह किया कि स्थिति एक बड़े संकट में तब्दील हो सकती है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में एक ‘‘सैन्य अभियान’’ शुरू करने की घोषणा की है। यूक्रेन की स्थिति पर 15 सदस्यीय देशों की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुधवार देर रात एक आपात बैठक बुलाई थी। इस सप्ताह बुलाई गई यह दूसरी बैठक है और 31 जनवरी के बाद से रूस और यूक्रेन के बीच तनाव पर बुलाई चौथी बैठक थी।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन में सेना नहीं भेजने और ‘‘शांति से मसले हल करने’’ की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने परिषद को बताया कि भारत ने महज दो दिन पहले ही यूक्रेन पर परिषद की बैठक में तनाव को तत्काल कम करने का आह्वान किया था और स्थिति से संबंधित सभी मुद्दों को हल करने के लिए कूटनीति केन्द्रित प्रयासों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया था।

बता दें कि यूक्रेन में रूस के मिलिट्री ऑपरेशन के बीच यूरोपीय संघ के नेता करीब छह घंटे चली बैठक के बाद रूस पर और आर्थिक एवं वित्तीय प्रतिबंध लगाने पर सहमत हो गए हैं। यूरोपीय संघ परिषद के अध्यक्ष ने रूस पर यूक्रेन पर अपने आक्रमण को सही ठहराने के लिए ‘‘झूठे और बेकार बहाने’’ बनाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रतिबंधों से रूसी सरकार को नुकसान होगा। इन प्रतिबंधों के कानूनी मसौदे को रात में अंतिम रूप दिए जाने और शुक्रवार को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है।

यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि इसमें 70 प्रतिशत रूसी बैंकिंग बाजार और प्रमुख सरकारी कम्पनियों को निशाना बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि रूस के ऊर्जा क्षेत्र को भी निशाना बनाया जाएगा जिससे उसके लिए ‘‘अपने तेलशोधक कारखानों को अद्यतन करना असंभव हो जाएगा’’। रूस को सॉफ्टवेयर, सेमीकंडक्टर्स आदि की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगेगा।