Ukraine Russia Crisis: यूक्रेन के खिलाफ रूस के मिलिट्री ऑपरेशन शुक्रवार को राजधानी कीव के पास पहुंच गया। रूसी राष्ट्रपति पुतिन की अगुवाई वाला देश आज भी हवाई हमले को जारी रखा। मिली जानकारी के अनुसार रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बने एक हवाई अड्डे पर कब्जा कर लिया है। वहीं पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन की सत्ता, वहां की सेना अपने हाथ में ले ले।

उधर यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के 1000 से अधिक सैनिकों की मौत अब तक इस हमले में हो चुकी है। जहां यूक्रेन की सेना के साथ भीषण लड़ाई जारी है। वहीं वहां फंसे नागरिकों को निकालने के लिए भारत सरकार लगातार कोशिश कर रही है। सरकार नागरिकों को निकालने के लिए हंगरी और रोमानिया की मदद ले रही है। वहीं रूस की तरफ से भी बातचीत में रूचि दिखाई गई है, लेकिन इसके लिए यूक्रेन की सेना को लड़ाई रोकनी होगी।

वहीं, संकटग्रस्त यूक्रेन किसी भी हालत में फिलहाल झुकने को राजी नहीं है। यूक्रेनी नेता से लेकर कमांडर तक साफ कर चुके हैं कि वे झुकेंगे नहीं। वे लड़ेंगे। हालांकि, यूक्रेन ने इस संकट की घड़ी में नाटो, अमेरिका और दुनिया के अन्य देशों की ओर से अपनाए जा रहे शांत रुख को लेकर खुद को अकेला भी बताया है।

बताया जा रहा है कि यूक्रेन की राजधानी कीव में 40 मिनट के भीतर 35 से अधिक मिसाइल अटैक हुए हैं। इससे लोगों के बीच दहशत का माहौल पनप गया है। साथ ही पश्चिमी यूक्रेन के शहर लीव के मेयर ने अपील की है कि लोग बाहर न निकले। वे अपने घरों में ही रहें।

Live Updates
21:23 (IST) 24 Feb 2022
रूसी राष्ट्रपति पुतिन से आज रात बात कर सकते हैं पीएम मोदी

रूस के द्वारा यूक्रेन पर किए जा रहे हमले के बीच भारतीय प्रधानमंत्री मोदी रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात कर सकते हैं। इससे पहले गुरुवार को ही प्रधानमंत्री मोदी ने सुरक्षा को लेकर बने कैबिनेट कमेटी की अध्यक्षता की। वहीं पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन संकट की वजह से अचानक बढ़े कच्चे तेल के दाम को लेकर भी गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक की।

21:08 (IST) 24 Feb 2022
दुनिया भर के लोगों ने यूक्रेन के पक्ष में दिखाई एकजुटता, कई शहरों में रूसी राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ हुए प्रदर्शन

दुनियाभर के देशों के लोगों ने यूक्रेन के पक्ष में अपनी एकजुटता दिखाई और बर्बरतापूर्ण कार्रवाई करने के लिए रूसी राष्टपति पुतिन के खिलाफ प्रदर्शन किया। अमेरिका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, फ़्रांस समेत कई देशों के शहरों में ये प्रदर्शन आयोजित किए गए।

21:03 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन: कीव में भारतीय दूतावास ने एक स्कूल में किया 200 से अधिक छात्रों को इकठ्ठा

गुरुवार को यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने राजधानी कीव के एक स्कूल में वहां फंसे 200 से अधिक भारतीय छात्रों को इकट्ठा किया। इस दौरान भारतीय राजदूत ने भी वहां मौजूद छात्रों से मुलाकात की।

20:32 (IST) 24 Feb 2022
भारतीय दूतावास ने जारी की नई एडवाइजरी, बम शेल्टर में रहने की दी सलाह

रूस के द्वारा की जा रही सैन्य कार्रवाई की वजह से यूक्रेन में मार्शल लॉ लगा दिया है जिसकी वजह से लोगों को एक जगह से दूसरे जगह पर जाना मुश्किल हो रहा है। यूक्रेन में काफी भारी संख्या में अभी भी भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। फंसे हुए नागरिकों को लेकर यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी की है और लोगों को अपने नजदीक के बम शेल्टर में रहने के लिए कहा है। दूतावास वहां फंसे लोगों के संपर्क में है।

20:01 (IST) 24 Feb 2022
राजधानी कीव यूक्रेन का सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, 14 लोग थे सवार

समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेन की राजधानी कीव के पास एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इसमें करीब 14 लोग सवार थे। यह सैन्य विमान यूक्रेन का ही था।

19:33 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए पड़ोसी देशों के संपर्क में भारत

भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए यूक्रेन के पड़ोसी हंगरी समेत कई देशों के संपर्क में है। हंगरी स्थित भारतीय दूतावास की टीम यूक्रेन के साथ लगने वाले जोहानयी बॉर्डर की तरफ रवाना हो चुकी है। ताकि यूक्रेन में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सके। इसके अलावा भारत सरकार पोलैंड और रोमानिया के रास्ते भी भारतीय को निकालने की योजना बना रही है।

19:02 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन के साथ खड़ा हुआ फ्रांस, बोला- रूस की इस कार्रवाई के गंभीर परिणाम होंगे

गुरुवार को फ़्रांस के लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन ने कहा कि फ्रांस यूक्रेन के पक्ष में खड़ा होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ रूस की इस कार्रवाई के गंभीर परिणाम होंगे और इसका असर पूरे महाद्वीप पर पड़ेगा।

18:22 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन समस्या पर NATO नेता कल बैठक करेंगे

NATO महासचिव ने कहा, हमारे पास अपने हवाई क्षेत्र की रक्षा के लिए 100 से अधिक जेट और उत्तर से भूमध्य सागर तक समुद्र में 120 से अधिक जहाज हैं। गठबंधन(यूक्रेन) को आक्रामकता(रूस) से बचाने के लिए जो भी जरूरी होगा हम करेंगे। आगे की स्थिति पर विचार करने के लिए NATO नेता कल बैठक करेंगे।

18:21 (IST) 24 Feb 2022
NATO यूक्रेन के साथ एकजुटता से खड़ा- NATO महासचिव

NATO महासचिव ने कहा, NATO यूक्रेन के साथ एकजुटता से खड़ा है। NATO पूरी दुनिया में यूरोपीय संघ और अन्य सहयोगियों से समन्वय बनाकर रूस पर गंभीर आर्थिक प्रतिबंध लगाएगा।

18:20 (IST) 24 Feb 2022
सरकार चिंतित है, प्रयास जारी- राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, सरकार ने पहले भी एडवाइजरी जारी की थी। सरकार चिंतित है, प्रयास जारी हैं। हमारी पूरी कोशिश है कि हमारे जो बच्चे वहां हैं उन्हें निकाला जाए। वहां स्थिति विषम है। प्लेन भेजा गया था, लेकिन प्लेन वहां उतारा नहीं जा सका।

18:17 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने तीसरी एडवाइजरी जारी की

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने अपनी तीसरी एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को सलाह दी कि अगर किसी भारतीय नगारिक को हवाई सायरन या बम की चेतावनी मिल रही है तो वे बम बचाव घरों में जाएं।

18:02 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन: ब्लड बैंक के बाहर रक्तदान के लिए लगी लोगों की लंबी कतार, देखें वीडियो

राष्ट्रपति जेलेंस्की के अनुरोध के बाद यूक्रेन के ब्लड बैंक के बाहर लोगों की लंबी कतार देखी जा रही है। बड़ी संख्या में लोग रक्तदान करने के लिए आ रहे हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रपति ने अस्पतालों में घायल सैनिकों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर लोगों से रक्तदान करने का आग्रह किया है।

17:36 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन ने मार गिराया रूस का तीन हेलीकॉप्टर

यूक्रेन सरकार ने दावा किया है कि उसने तीन रूसी हेलीकॉप्टरों को मार गिराया है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई तब की गई जब हेलीकॉप्टर गोस्टोमेल मिलिट्री बेस पर हमला कर रहे थे। अधिकारियों का यह भी दावा है कि रुसी सेना कीव में घुसने की कोशिश कर रही है।

17:05 (IST) 24 Feb 2022
सेना में भर्ती होने के लिए यूक्रेन में लगी लोगों की लंबी कतार

यूक्रेन में सेना में भर्ती होने के लिए लोग बड़ी संख्या में अपना रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। लोगों की यह भीड़ यूक्रेन की सेना द्वारा लगाए गए अस्थाई कार्यालय के बाहर लगी है। बता दें कि थोड़े देर पहले राष्ट्र को संबोधित करते राष्ट्रपति राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने था कि कि जो लोग यूक्रेन की रक्षा करना चाहते हैं, सरकार उन्हें हथियार देगी।

16:30 (IST) 24 Feb 2022
ओडेसा में हुए मिसाइल अटैक में करीब 18 लोगों की मौत

यूक्रेन के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दक्षिणी यूक्रेन के ओडेसा में हुए मिसाइल अटैक में कई लोग मारे गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 18 लोगों की मौत इस मिसाइल अटैक की वजह से हुई है।

16:09 (IST) 24 Feb 2022
राजधानी कीव में लगा भयंकर ट्रैफिक जाम

रूस के द्वारा किए जा रहे हमले की वजह से पूरे यूक्रेन में अफरातफरी मच गई है। राजधानी कीव में रहने वाले लोग हमले से बचने के लिए सुरक्षित ठिकानों की तरफ भागने लगे हैं। जिसकी वजह से कीव की सडकों पर भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया।

15:57 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने लोगों से किया रक्तदान का आग्रह, बोले- जो मांगेगा उसे देंगे हथियार

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि जो लोग युद्ध में शामिल होना चाहते हैं सरकार उन्हें हथियार मुहैया कराएगी। साथ ही उन्होंने अस्पतालों में घायल सैनिकों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर लोगों से रक्तदान करने का आग्रह किया है। वहीं यूक्रेन ने रूस के साथ राजनयिक संबंधों को तोड़ने की भी घोषणा कर दी है।

15:29 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन में रूसी सैन्य कार्रवाई के बीच कच्चे तेल के दामों में आई जबरदस्त उछाल

रूस के द्वारा यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई शुरू करने के बाद बृहस्पतिवार को कच्चे तेल की कीमतों में करीब छह डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी हुई है। आपूर्ति में व्यवधान की आशंका के चलते ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चल गया। अमेरिकी बेंचमार्क क्रूड की कीमत भी 98 डॉलर प्रति बैरल के पार हो गई। वहीं अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रूसी रूबल 7.5% गिरकर 87 के स्तर पर आ गया।

15:11 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन का दावा, पूर्वी हिस्से में करीब 50 रूसी घुसपैठिये मारे गए और छह विमान नष्ट हुए

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेनी सेना ने दावा किया है कि उन्होंने देश के पूर्वी हिस्से में करीब 50 रूसी सैनिक मार गिराए और पांच विमानों को नष्ट कर दिया। हालांकि यूक्रेनी सेना ने पहले कहा था कि उसने पूर्वी क्षेत्र में पांच रूसी सैन्य विमानों को मार गिराया है। लेकिन उसने अभी आंकड़े अपडेट किए हैं। वहीं रूस ने अपने किसी भी विमान या बख्तरबंद वाहनों के नष्ट होने से इनकार किया है।

14:57 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन में रूस का ‘ऑपरेशन Z’, हमले में अब तक सात की मौत, नौ जख्मी; यूक्रेनी सेना बोली- लड़ेंगे, पर सरेंडर न करेंगे

यूक्रेन में रूसी हमले में अब तक सात लोगों की मौत की खबर है, जबकि नौ व्यक्तियों के घायल होने की भी खबर है। इस बीच, यूक्रेनी सेना के कमांडर ले.जनरल वालेरी का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि वह रूस के सामने सरेंडर नहीं करेंगे। यह उनकी मातृभूमि है और वह लड़ेंगे।

14:40 (IST) 24 Feb 2022
अपनी हवाई पट्टी को सुरक्षित रखने के लिए यूक्रेन ने मांगी दुनिया भर से मदद

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने दुनिया भर के देशों के नेताओं से अपने हवाई क्षेत्र की सुरक्षा में सहायता का आग्रह किया है। ज़ेलेंस्की ने आज सुबह एक बयान जारी करते हुए मदद मांगी और उन्होंने कहा कि रूस ने यूक्रेन और पूरे लोकतांत्रिक दुनिया के साथ युद्ध छेड़ दिया है।

14:19 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन के ऊपर हो रहे हमले की आयरलैंड के प्रधानमंत्री ने की निंदा, बोले- रूस इस हरकत की कीमत चुकाएगा

आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन ने रूस के द्वारा यूक्रेन पर किए जा रहे हमले की निंदा की है। आयरिश प्रधानमंत्री ने कहा कि वह यूक्रेन के लोगों पर रूस के द्वारा किए जा रहे अक्षम्य हमले की निंदा करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारी संवेदनाएं यूक्रेन के लोगों के साथ हैं। हम रूस के राष्ट्रपति पुतिन और उनके शासन को इस हमले के लिए जवाबदेह ठहराने के लिए यूरोपियन यूनियन और संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर काम करेंगे। रूस इस तरह के अपमानजनक हरकत की कीमत चुकाएगा। हम यूक्रेन के साथ खड़े हैं।

13:47 (IST) 24 Feb 2022
संकटग्रस्त यूक्रेन में पलायन! कीव में लोगों की भागम-भाग में कई Km लंबा जाम

यूक्रेन में मिलिट्री ऑपरेशन चलाने और हमले करने के बाद रूसी सेना वहां के कई हिस्सों में प्रवेश कर गई है। इस बीच, वहां की राजधानी कीव में लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल पनपा हुआ है। लोग किसी भी हालत खुद को सुरक्षित जगह पहुंचाने की होड़ में हैं। आलम यह है कि राजधानी में लोगों की भागम-भाग के बीच कई किमी लंबा जाम लग गया है। बता दें कि रूस ने यूक्रेन में अपने इस ऑपरेशन को ऑपरेशन जेड नाम दिया है।

13:40 (IST) 24 Feb 2022
हालात बेहद अनिश्चित- यूक्रेन में भारतीय नागरिकों से बोला भारतीय दूतावास

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से कहा, “वर्तमान हालात बेहद अनिश्चित हैं। कृपया परेशान न हों। आप जहां भी हैं सुरक्षित रहें। कीव की यात्रा करने वालों को अस्थायी तौर पर अपने शहरों को लौटने की सलाह दी जाती है।” इस बीच, सूत्र के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया- विदेश मंत्रालय यूक्रेन संकट पर उच्च स्तरीय बैठकें कर रहा है, आकस्मिक योजनाओं पर काम चल रहा है।

13:06 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन की हवाई रक्षा संपत्तियों को नष्ट कर दिया है: रूस

रूस ने कहा कि उसने यूक्रेन की सेना की हवाई रक्षा संपत्तियों और सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस के हमलों ने ‘‘यूक्रेन की सेना के हवाई रक्षा संपत्तियों को नष्ट कर दिया है, साथ ही यूक्रेन के सैन्य ठिकानों के बुनियादी ढांचों को नेस्तनाबूद कर दिया है।’’

मंत्रालय ने यूक्रेन से गुजर रहे एक रूसी युद्धक विमान को मार गिराने के दावों को भी खारिज कर दिया। इस बीच, यूक्रेन की सेना ने कहा कि उसने रूस के पांच विमानों को मार गिराया है।

गौरतलब है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बृहस्पतिवार को यूक्रेन में सैन्य अभियान की घोषणा की है। रूस के इस कदम की अंततराष्ट्रीय स्तर पर निंदा की जा रही है। यूरोपीय संघ ने कहा कि यूक्रेन पर आक्रमण के ‘‘रूस पर व्यापक और गंभीर परिणाम होंगे’’ और जल्द ही उस पर अधिक प्रतिबंध लागू किए जाएंगे

12:56 (IST) 24 Feb 2022
रूस के हमले के बाद यूक्रेन की सरकारी वेबसाइट्स हैक!

रूस के हमले के बीच यूक्रेन की सभी सरकारी वेबसाइट हैक हो जाने की भी खबर है। इसके पीछे रूस के होने का शक है। ऐक्सपर्ट्स का कहना है कि वहां पर आर्थिक संकट जैसे हालात पनप रहे हैं।

12:36 (IST) 24 Feb 2022
पुतिन ने दुनिया को चेताया- न दें दखल वरना…

इस बीच, पुतिन ने अन्य देशों को आगाह भी किया है कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास ‘‘के ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखे होंगे।’’ पुतिन ने दावा किया है कि हमले पूर्वी यूक्रेन में लोगों की रक्षा करने के मकसद से किए जा रहे हैं, जिसे अमेरिका ने हमला करने का महज एक बहाना बताया है।

पुतिन ने टेलीविजन पर एक संबोधन में अमेरिका और उसके सहयोगियों पर यूक्रेन को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में शामिल होने से रोकने और मॉस्को को सुरक्षा गारंटी देने की रूस की मांग की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। पुतिन का यह बयान खारकीव, ओडेसा में भीषण विस्फोट की आवाजें सुने जाने से पहले आया था। रूस के सैन्य हमले शुरू करने पर यूक्रेन के राष्ट्रपति ने देश में ‘मार्शल लॉ’ की घोषणा की। साथ ही नागरिकों से न घबराने का आग्रह किया।

12:27 (IST) 24 Feb 2022
यूक्रेन संकट के बीच कीव शहर में ATMs के बाहर भीड़

रूस के मिलिट्री ऑपरेशन के बीच यूक्रेन के कई हिस्सों में हड़कंप की स्थिति है। इस बीच, कीव शहर में लोग एटीएम के बाहर भारी भीड़ लगाए दिखे। लोगों को आगे स्थितियां और बिगड़ने की आशंका है।

12:16 (IST) 24 Feb 2022
रूस की सेना ने पड़ोसी बेलारूस से देश पर हमला किया: यूक्रेन

यूक्रेन की सीमा रक्षा एजेंसी ने कहा कि रूस की सेना ने पड़ोसी बेलारूस से देश पर हमला किया है। एजेंसी ने कहा कि रूसी सैनिकों ने बेलारूस से तोपों से गोले दागे। यूक्रेन के सैनिक भी जवाबी गोलीबारी कर रहे हैं। साथ ही कहा कि किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। सैन्य अभ्यास के लिए रूस ने अपने सहयोगी बेलारूस में सैनिकों की तैनाती की है।

12:09 (IST) 24 Feb 2022
Russia Ukraine Conflict: यूक्रेन के विद्रोही नेताओं ने मांगी मदद- रूस का दावा

रूस ने कहा है कि पूर्वी यूक्रेन में विद्रोही नेताओं ने यूक्रेन की ‘‘आक्रामकता’’ से बचाव के लिए रूस से सैन्य सहायता मांगी है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि विद्रोही नेताओं ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को पत्र लिखकर बताया है कि यूक्रेन की सेना द्वारा की गई गोलाबारी में कई नागरिकों की मौत हुई है और कई लोग पलायन करने को मजबूर हुए हैं।

यह कार्रवाई पुतिन द्वारा पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित विद्रोही क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता देने और उनके साथ मित्रता संधियों पर हस्ताक्षर करने के बाद की गई है। मंगलवार को इन्होंने पुतिन को देश के बाहर सैन्य बल का इस्तेमाल करने की अनुमति भी दे दी थी।

इस बीच, व्हाइट हाउस ने कहा कि यूक्रेन की सरकार की कथित ‘‘आक्रामकता’’ के खिलाफ यूक्रेन के अलगावादियों का रूस से मदद मांगना एक झूठा अभियान है, जिसके खिलाफ पश्चिमी देशों ने लगातार चेतावनी दी है।

बता दें कि यूक्रेन में रूस के मिलिट्री ऑपरेशन के बीच यूरोपीय संघ के नेता करीब छह घंटे चली बैठक के बाद रूस पर और आर्थिक एवं वित्तीय प्रतिबंध लगाने पर सहमत हो गए हैं। यूरोपीय संघ परिषद के अध्यक्ष ने रूस पर यूक्रेन पर अपने आक्रमण को सही ठहराने के लिए ‘‘झूठे और बेकार बहाने’’ बनाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रतिबंधों से रूसी सरकार को नुकसान होगा। इन प्रतिबंधों के कानूनी मसौदे को रात में अंतिम रूप दिए जाने और शुक्रवार को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है।

यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि इसमें 70 प्रतिशत रूसी बैंकिंग बाजार और प्रमुख सरकारी कम्पनियों को निशाना बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि रूस के ऊर्जा क्षेत्र को भी निशाना बनाया जाएगा जिससे उसके लिए ‘‘अपने तेलशोधक कारखानों को अद्यतन करना असंभव हो जाएगा’’। रूस को सॉफ्टवेयर, सेमीकंडक्टर्स आदि की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगेगा।