Ukraine Russia Crisis: यूक्रेन के खिलाफ रूस के मिलिट्री ऑपरेशन शुक्रवार को राजधानी कीव के पास पहुंच गया। रूसी राष्ट्रपति पुतिन की अगुवाई वाला देश आज भी हवाई हमले को जारी रखा। मिली जानकारी के अनुसार रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बने एक हवाई अड्डे पर कब्जा कर लिया है। वहीं पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन की सत्ता, वहां की सेना अपने हाथ में ले ले।

उधर यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के 1000 से अधिक सैनिकों की मौत अब तक इस हमले में हो चुकी है। जहां यूक्रेन की सेना के साथ भीषण लड़ाई जारी है। वहीं वहां फंसे नागरिकों को निकालने के लिए भारत सरकार लगातार कोशिश कर रही है। सरकार नागरिकों को निकालने के लिए हंगरी और रोमानिया की मदद ले रही है। वहीं रूस की तरफ से भी बातचीत में रूचि दिखाई गई है, लेकिन इसके लिए यूक्रेन की सेना को लड़ाई रोकनी होगी।

वहीं, संकटग्रस्त यूक्रेन किसी भी हालत में फिलहाल झुकने को राजी नहीं है। यूक्रेनी नेता से लेकर कमांडर तक साफ कर चुके हैं कि वे झुकेंगे नहीं। वे लड़ेंगे। हालांकि, यूक्रेन ने इस संकट की घड़ी में नाटो, अमेरिका और दुनिया के अन्य देशों की ओर से अपनाए जा रहे शांत रुख को लेकर खुद को अकेला भी बताया है।

बताया जा रहा है कि यूक्रेन की राजधानी कीव में 40 मिनट के भीतर 35 से अधिक मिसाइल अटैक हुए हैं। इससे लोगों के बीच दहशत का माहौल पनप गया है। साथ ही पश्चिमी यूक्रेन के शहर लीव के मेयर ने अपील की है कि लोग बाहर न निकले। वे अपने घरों में ही रहें।

Live Updates
12:38 (IST) 25 Feb 2022
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने मांगी अंतर्राष्ट्रीय मदद

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अंतर्राष्ट्रीय मदद की गुहार लगाई है। इस बीच, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि यूक्रेनी सेना ने आज सुबह कीव में दुश्मन के एक विमान को नष्ट किया, जो एक आवासीय भवन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई।

12:06 (IST) 25 Feb 2022
दिल्ली: रूसी दूतावास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

रूस और यूक्रेन के बीच सैन्य वार-पलटवार के बीच इधर नई दिल्ली में रूसी दूतावास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

12:04 (IST) 25 Feb 2022
यूक्रेन संकट के समाधान के लिये बातचीत, कूटनीति सर्वश्रेष्ठ रास्ता : भारत

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लॉवरोव और अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से अलग अलग बातचीत की और इस बात पर जोर दिया कि यूक्रेन संकट के समाधान के लिये बातचीत और कूटनीति सबसे अच्छा रास्ता है।

रूस द्वारा यूक्रेन के खिलाफ युद्ध शुरू करने की व्यापक स्तर पर निंदा हुई है और इस संघर्ष के फैलने की आशंका व्यक्त की जा रही है। ऐसे में तनाव कम करने के वैश्विक प्रयासों में भारत सभी संबद्ध पक्षों के साथ सम्पर्क में है।

लॉवरोव के साथ बातचीत के दौरान जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री को बताया कि संकट के समाधान के लिये ‘बातचीत और कूटनीति’ ही सर्वश्रेष्ठ रास्ता है। विदेश मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ यूक्रेन के घटनाक्रम को लेकर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लॉवरोव से बात की । इस बात को रेखांकित किया कि बातचीत और कूटनीति सर्वश्रेष्ठ रास्ता है। ’’

समझा जाता है कि जयशंकर ने लॉवरोव को बताया कि यूक्रेन में करीब 16 हजार भारतीयों को सुरक्षित निकालना भारत के लिये महत्वपूर्ण विषय है।

11:44 (IST) 25 Feb 2022
उत्तराखंड के लोगों के लिए भी हेल्पलाइन जारी

इस बीच, उत्तराखंड के DGP अशोक कुमार (देहरादून, उत्तराखंड) ने बताया- जो उत्तराखंड का जनरल हेल्प लाइन नंबर 112 है, उस पर यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के लोगों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए बोला गया है। अब तक 78 लोगों की जानकारी हमें मिल गई है।

11:37 (IST) 25 Feb 2022
यूक्रेन में फंसे जालंधर के लोगों के लिए हेल्पलाइन

यूक्रेन में फंसे जालंधर (पंजाब) के लोगों के लिए हेल्पलाइन 0181-2224417 जारी की गई है, ताकि फंसे हुए लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। जालंधर प्रशासन के मुताबिक, लोग कमरा संख्या-22 (ड्यूटी वाले घंटों के दौरान) जाकर अपने परिजन को किसी तरह की मदद मुहैया कराने के लिए संपर्क कर सकते हैं।

11:33 (IST) 25 Feb 2022
UN ने यूक्रेन में मानवीय सहायता के लिए दो करोड़ डॉलर देने का किया ऐलान

संयुक्त राष्ट्र ने रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद, युद्ध प्रभावित देश में विश्व निकाय के मानवीय अभियानों को तेज करने के लिए दो करोड़ डॉलर की मदद तत्काल देने की घोषणा की। यूएन महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में घोषणा करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र और उसके मानवतावादी सहयोगी ‘‘जरूरत के वक्त में यूक्रेन में लोगों के सहयोग के लिए मौजूद रहने को प्रतिबद्ध हैं…. यह बात मायने नहीं रखती कि वे कौन हैं और कहां हैं।’’

उन्होंने कहा,‘‘ मरने वालों की संख्या बढ़ रही है, हम भय का, यूक्रेन के हर कोने में पीड़ा और आतंक का मंजर देख रहे हैं। जनता, निर्दोष जनता हमेशा भारी कीमत चुकाती है।’’ संयुक्त राष्ट्र के मानवीय अभियानों के प्रमुख मार्टिन ग्रिफिथ्स ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के केंद्रीय आपातकालीन प्रतिक्रिया कोष से दो करोड़ डॉलर पूर्वी दोनेत्स्क और लुहान्स्क और देश के अन्य क्षेत्रों में आपात अभियानों को मदद पहुंचाएंगे और ‘‘संघर्ष से प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य देखभाल, आश्रय, भोजन, पानी आदि मुहैया कराने में भी इससे मदद मिलेगी।’’

11:16 (IST) 25 Feb 2022
महाराष्ट्र के मंत्री का मोदी से आग्रह: राज्य के 1200 छात्रों की यूक्रेन से वापसी के प्रबंध करें

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री उदय सामंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे राज्य के करीब 1200 छात्रों की सुरक्षित वापसी के प्रबंध किए जाएं। रूस ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई शुरू की थी जिसके बाद से विपक्षी दलों और अन्य लोगों की ओर से वहां पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों को बाहर निकालने की मांग उठ रही है।

महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सामंत ने गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर भी यही मांग की है। सामंत ने 23 फरवरी को लिखे पत्र में कहा, ‘‘यूक्रेन में युद्ध जैसे हालात के कारण वहां पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों के जीवन को खतरा हो सकता है।’’ महाराष्ट्र सरकार के मंत्री ने कहा कि हवाई मार्ग से वापस आने की सुविधा और दूसरे संसाधनों के अभाव के चलते यूक्रेन में महाराष्ट्र के छात्र फंसे हुए हैं।

11:00 (IST) 25 Feb 2022
शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 32 पैसे उछला

घरेलू शेयर बाजार में तेजी और एशियाई मुद्राओं की मजबूती के चलते रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 32 पैसे बढ़कर 75.28 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में स्थानीय मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75.31 के स्तर पर मजबूत खुली और फिर पिछले बंद भाव के मुकाबले 32 पैसे की बढ़त दर्ज करते हुए 75.28 पर पहुंच गई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, और निवेशकों ने पूर्वी यूरोप के ताजा घटनाक्रम पर नजर बनाए रखनी होगी।

रूस द्वारा यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने के बाद बृहस्पतिवार को रुपया 99 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75.60 पर बंद हुआ था। इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.78 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 2.40 प्रतिशत बढ़कर 101.46 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।

10:31 (IST) 25 Feb 2022
रूस के हमले में 137 नागरिक और सैन्य कर्मी मारे गए : यूक्रेन के राष्ट्रपति

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस के हमले में अभी तक 137 नागरिक और सैन्य कर्मी मारे गए हैं। जेलेंस्की ने शुक्रवार सुबह एक वीडियो संदेश में इन लोगों को ‘‘योद्धा’’ बताया। उन्होंने कहा कि हमले में सैकड़ों लोग घायल भी हुए हैं। जेलेंस्की ने कहा कि रूस का दावा है कि वह केवल सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहा है लेकिन आवासीय क्षेत्रों पर भी हमला किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ वे लोगों को मार रहे हैं और शहरी इलाकों को भी निशाना बना रहे हैं। यह गलत है और इसकी माफी कभी नहीं मिलेगी।’’ राष्ट्रपति ने कहा कि ओडेसा क्षेत्र के जमीनयी द्वीप के सभी सीमा रक्षक बृहस्पतिवार को मारे गए। यूक्रेन की सीमा सुरक्षा सेवा ने तड़के बताया कि रूस ने द्वीप को अपने कब्जे में ले लिया है।

10:29 (IST) 25 Feb 2022
सेंसेक्स, निफ्टी में दो प्रतिशत का उछाल

रूस-यूक्रेन संघर्ष के दीर्घकालिक जोखिमों के बीच एशियाई बाजारों में तेजी के चे घरेलू शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान दो प्रतिशत तक की तेजी हुई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 1,140.58 अंक या 2.09 प्रतिशत चढ़कर 55,670.49 पर और एनएसई निफ्टी 344.10 अंक या 2.12 प्रतिशत बढ़कर 16,592.05 पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स में इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और एसबीआई बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। इससे पहले बृहस्पतिवार को सेंसेक्स में 2,700 अंक से अधिक की गिरावट हुई थी, जो लगभग दो वर्षों में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। इस दौरान निफ्टी 815 अंक टूटा। इस गिरावट के चलते निवेशकों की 13 लाख करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति डूब गई।

09:36 (IST) 25 Feb 2022
यूरोपीय संघ रूस के बैंक, उर्जा क्षेत्रों आदि पर लगाएगा बैन

यूरोपीय संघ के नेता करीब छह घंटे चली बैठक के बाद रूस पर और आर्थिक एवं वित्तीय प्रतिबंध लगाने पर सहमत हो गए हैं। यूरोपीय संघ परिषद के अध्यक्ष ने रूस पर यूक्रेन पर अपने आक्रमण को सही ठहराने के लिए ‘‘ झूठे और बेकार बहाने ’’ बनाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रतिबंधों से उसकी सरकार को नुकसान होगा।

इन प्रतिबंधों के कानूनी मसौदे को रात में अंतिम रूप दिए जाने और शुक्रवार को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है। यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि इसमें 70 प्रतिशत रूसी बैंकिंग बाजार और प्रमुख सरकारी कम्पनियों को निशाना बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि रूस के ऊर्जा क्षेत्र को भी निशाना बनाया जाएगा जिससे उसके लिए ‘‘अपने तेलशोधक कारखानों को अद्यतन करना असंभव हो जाएगा’’। रूस को सॉफ्टवेयर, सेमीकंडक्टर्स आदि की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगेगा।

09:32 (IST) 25 Feb 2022
यूक्रेन की राजधानी कीव में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं कीव

यूक्रेन पर रूस के हमले के एक दिन बाद शुक्रवार को राजधानी कीव में धमाकों की कई आवाजें सुनी गयीं। रूसी सैनिकों ने दूसरे दिन भी हमले जारी रखे हैं।

गौरतलब है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा था कि रूस के हमले में अभी तक 137 नागरिक और सैन्य कर्मी मारे गए हैं।

09:31 (IST) 25 Feb 2022
अगर पुतिन नाटो देशों में घुसे तो अमेरिका हस्तक्षेप करेगा: बाइडन

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि अगर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) देशों में घुसे, तो अमेरिका हस्तक्षेप करेगा। बाइडन ने जोर देकर कहा कि अगर उनके रूसी समकक्ष को अभी नहीं रोका गया, तो उनका हौसला बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पुतिन से बात करने की उनकी कोई योजना नहीं है, लेकिन उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि अमेरिका, यूक्रेन के लोगों की पीड़ा को कम करने के लिए मानवीय राहत प्रदान करेगा।

बाइडन ने बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ अगर वह (पुतिन) नाटो देशों में घुसे, तो हम हस्तक्षेप करेंगे। मुझे केवल एक बात पर यकीन है कि अगर हमने उन्हें अभी नहीं रोका तो उनका हौसला बढ़ेगा। अगर हमने उनके खिलाफ अभी कड़े प्रतिबंध नहीं लगाए तो उनका हौसला बढ़ेगा।’’

बाइडन ने इस दौरान रूस के खिलाफ कई बड़े प्रतिबंध लगाने की घोषणा भी की। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह एक बड़े संघर्ष का रूप ले चुका है। यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बीच, अमेरिका ने अपने नाटो सहयोगियों की रक्षा के लिए विशेष रूप से पूर्वी यूरोप में अतिरिक्त सैनिकों को तैनात किया है। बाइडन ने दावा किया कि यूक्रेन में पुतिन की महत्वाकांक्षाएं काफी बड़ी हैं।

08:46 (IST) 25 Feb 2022
“अकेला छोड़ दिया गया है यूक्रेन”

उधर, यूक्रेन में रूस की घुसपैठ के बाद अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शनकारियों ने घंटों विरोध जताया, जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा है कि पहले दिन की लड़ाई में 137 लोग मारे गए, जबकि रूस से लड़ने के लिए यूक्रेन 'अकेला छोड़ दिया गया' है।

08:19 (IST) 25 Feb 2022
यूक्रेन से भारतीयों को वापस लाने के लिये हरसंभव कदम उठायेंगे : श्रृंगला

यूक्रेन पर रूस के हमले के मद्देनजर उत्पन्न स्थिति के बीच भारत ने वहां फंसे अपने नागरिकों को आश्वस्त किया कि छात्रों सहित यूक्रेन से सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित एवं सही-सलामत वापस लाने के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे। विदेश सचिव हर्षवर्द्धन श्रृंगला ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक में कहा कि पूर्वी यूरोप के इस देश में भारतीयों की सुरक्षा और वहां से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल कर लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यूक्रेन की स्थिति पर प्रेस वार्ता में श्रृंगला ने बताया कि यूक्रेन में स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा मामलों संबंधी कैबिनेट समिति की बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई ।

08:05 (IST) 25 Feb 2022
यूक्रेन में फंसे छात्रों के अभिभावक चिंतित

हरियाणा के जींद और उत्तर प्रदेश के आगरा के कई छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। उनके परिजनों को उनके सुरक्षा की चिंता हो रही है और उन्होंने पूर्वी यूरोपीय देश में फंसे अपने बच्चों को छात्रावासों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी है। जींद जिले के अर्बन एस्टेट निवासी अजित ने बताया कि उनका बेटा गौरव खारकीव में है और उसकी 28 फरवरी की उड़ान है और फिलहाल कोई उड़ान संचालित नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा,“बेटे से बृहस्पतिवार सुबह बातचीत हुई थी। वह छात्रवास में ही रुका हुआ है। बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है। बेटा कह रहा है कि चिंता करने की बात नहीं है और वह भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में है।”

एक अन्य व्यक्ति रामनिवास ने बताया कि उनकी बेटी प्रीति यूक्रेन के तरनोपिल शहर में है। उन्होंने बताया, “ उससे आज दोपहर को ही बात हुई है। वहां फिलहाल हालात ठीक हैं लेकिन विद्यार्थियों को होस्टल से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है।” उन्होंने बताया कि बेटी को एटीएम से पैसे निकालने और खाने पीने का सामान जमा करने को कहा गया है।

07:42 (IST) 25 Feb 2022
चेर्नोबिल स्थल पर अब यूक्रेन का नियंत्रण नहीं रहा: अधिकारी

यूक्रेन के राष्ट्रपति के एक सलाहकार ने बृहस्पतिवार को बताया कि रूसी सैनिकों के साथ भयंकर युद्ध के बाद यूक्रेन ने चेर्नोबिल परमाणु स्थल से नियंत्रण खो दिया है। सलाहकार मिहैलो पोदोलियाक ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया कि यूक्रेनी प्राधिकारियों को चेर्नोबिल में संयंत्र की मौजूदा स्थिति की जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस दिशा में रूसी बलों के बिलकुल मूर्खतापूर्ण हमले के बाद, यह कहना असंभव है कि चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र सुरक्षित है।’’ इससे कुछ घंटों पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार को कहा था कि रूसी बल चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस संयंत्र में अप्रैल, 1986 में दुनिया की सबसे भीषण परमाणु दुर्घटना हुई थी, जब एक परमाणु रिएक्टर में विस्फोट के बाद पूरे यूरोप में रेडियोधर्मी विकिरण फैल गया था। यह संयंत्र कीव के उत्तर में 130 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जिस रिएक्टर में विस्फोट हुआ था, उसमें से विकिरण रोकने के लिए उसे एक सुरक्षात्मक उपकरण से ढका गया था और पूरे संयंत्र को निष्क्रिय कर दिया गया था।

07:38 (IST) 25 Feb 2022
रूसी थलसैनिक यूक्रेन में घुस गए हैं: रूसी रक्षा मंत्रालय

रूसी रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की कि उसके थलसैनिक क्रीमिया के जरिए यूक्रेन में घुस गए हैं। रूसी थलसैनिकों के यूक्रेन में घुसने की मॉस्को की ओर से पहली बार पुष्टि की गई है। इससे पहले रूस ने केवल यह कहा था कि उसने यूक्रेन के सैन्य हवाई अड्डों, हवाई रक्षा प्रतिष्ठानों और अन्य सैन्य प्रतिष्ठानों पर हवाई एवं मिसाइल हमले किए हैं। मंत्रालय ने कहा कि उसने 83 यूक्रेनी सैन्य प्रतिष्ठानों को नष्ट कर दिया है।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेनकोव ने रूसी कार्रवाई शुरू होने के बाद पहली बार पुष्टि की कि रूसी थलसैनिक यूक्रेन में घुस गए हैं। उन्होंने कहा कि वे क्रीमिया के पश्चिमोत्तर में खेरसन शहर की ओर आगे बढ़े। क्रीमिया प्रायद्वीप पर 2014 में रूस के कब्जे के जवाब में क्रीमिया के लिए ताजा पानी प्रदान करने वाले खेरसन स्थित जलाशय पर यूक्रेन ने 2017 में बांध बना दिया था, जिसके बाद इससे क्रीमिया को होने वाली जलापूर्ति रुक गई थी।

07:33 (IST) 25 Feb 2022
बेटी को यूक्रेन से वापस लाने में मदद का झांसा दे ठगा

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री (पीएमओ) से होने का दावा कर मेडिकल की छात्रा को यूक्रेन से वापस लाने का वादा कर यहां एक महिला को कथित रूप से ठग लिया। हैरानी की बात यह है कि जब शिकायतकर्ता महिला ने यूक्रेन में फंसी बेटी की मदद के लिए मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर फोन किया तो उसे कथित तौर पर यूक्रेन के पुलिस थाने से संपर्क करने के लिए कहा गया।

महिला वैशाली विल्सन ने बृहस्पतिवार शाम को यहां कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। विल्सन ने ‘पीटीआई भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘ अपना नाम प्रिंस बताने वाले एक व्यक्ति ने मुझे फोन किया और दावा किया कि वह प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से है। उसने मुझसे कहा कि वह मेरी बेटी को घर वापस लाने में (यूक्रेन से भारत में) मदद करेगा।”

उन्होंने कहा, “ मेरे मोबाइल फोन पर ट्रू कॉलर ऐप ने भी उसका नंबर ‘पीएमओ’ के रुप में दिखा।’’ विल्सन ने कहा, ‘‘ उसने यूक्रेन में चिकित्सा की पढ़ाई कर रही मेरी बेटी और उसकी एक दोस्त के लिए टिकट की व्यवस्था करने के लिए 42 हजार रुपये मांगे।’’ उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे मोबाइल बैंकिंग द्वारा रुपये भेजने के बाद व्यक्ति ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया।

06:28 (IST) 25 Feb 2022

अमेरिकी विदेश मंत्री ने रूसी विदेश मंत्री से मिलने से किया इनकार

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन का कहना है कि वह इस सप्ताह रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से नहीं मिलेंगे। उन्होंने कहा कि “ऐसा नहीं है कि हम यूक्रेन पर आक्रमण की शुरुआत देख रहे हैं, लेकिन रूस ने कूटनीति प्रयासों की लगातार अस्वीकृति से यह स्पष्ट कर दिया है कि वह यूक्रेन पर हमला कर सकता है। ऐसे माहौल में इस मुलाकात का कोई मतलब नहीं है।

06:07 (IST) 25 Feb 2022

अमेरिका ने कहा- रूस के लिए कूटनीति का द्वार अभी भी खुला

व्हाइट हाउस प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि “रूस के लिए कूटनीति का द्वार अभी भी खुला है। हम कूटनीति के दरवाजे कभी भी पूरी तरह बंद नहीं करने जा रहे हैं। लेकिन कूटनीति तब तक सफल नहीं हो सकती जब तक रूस अपनी कार्यप्रणाली नहीं बदलता।”

05:20 (IST) 25 Feb 2022

इजरायन ने की यूक्रेन पर रुस के हमले की निंदा

इजराइल के विदेश मंत्री यायर लैपिड ने यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा करते हुए इसे ‘‘अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का गंभीर उल्लंघन’’ बताया है। लैपिड ने संवाददाताओं से कहा कि इजराइल यूक्रेन को मानवीय सहायता भेजने के लिए तैयार है और उसने इजराइली नागरिकों से देश छोड़ने का आग्रह किया।

04:33 (IST) 25 Feb 2022

यूक्रेन में फंसे छात्रों से भारत के राजदूत ने फिर की अपील

यूक्रेन में भारत के राजदूत ने एक बार फिर यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों से अपील की है कि आप जहां हैं, वहीं रहें। राजदूत पार्थ सत्पथी ने कहा कि यूक्रेन में हमारा दूतावास खुला है और लगाता काम कर रहा है। युद्ध के चलते एयर स्पेस बंद कर दिया गया है जिसके चलते स्पेशल फ्लाइट प्रभावित हुई हैं। इस स्थिति में मेरी यहां यूक्रेन में सभी भारतीय नागरिकों से अपील है कि आप जहां हैं, वहीं रहें।

03:54 (IST) 25 Feb 2022

भारत और रूस के बीच अटूट विश्वास

बाबूश्किन ने कहा, रूस और भारत के रिश्ते मजबूत और ठोस बुनियाद पर आधारित हैं और दोनों देशों के बीच अटूट विश्वास है। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि भारत और रूस संबंध इसी स्तर पर बने रहेंगे। बाबूश्किन ने कहा कि हमारा सहयोग किसी के लिये खतरा नहीं है और इसके साथ ही हम न्यायोचित और समानता पर आधारित बहुध्रुवीय विश्व स्थापित करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।

01:54 (IST) 25 Feb 2022

रूस-जर्मनी के बीच गैस पाइपलाइन पर प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका

अमेरिका जल्द ही रूस पर सख्त प्रतिबंध लगाने वाला है। बाइडन प्रशासन ने कहा है कि नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन पर जल्द ही सख्त प्रतिबंधों का एलान किया जाएगा। इसके तहत रूस के साथ-साथ इस पाइपलाइन को बनाने वाली कंपनी पर भी पाबंदियां लगाई जाएंगी।

01:20 (IST) 25 Feb 2022

यूक्रेन के समर्थन में रोशनी से नहाए पेरिस और बर्लिन के ऐतिहासिक स्मारक

जर्मनी की राजधानी बर्लिन और फ्रांस की पेरिस में आज रात यूक्रेन के राष्ट्रीय रंगों, नीले और पीले रंग में एक ऐतिहासिक स्मारक को रोशन करके कीव के साथ एकजुटता दिखाई है। बर्लिन के मेयर फ्रांजिस्का गिफी ने कहा कि हम यूक्रेन के लोगों के साथ हैं और लेकिन रूस और यूक्रेन में शांति चाहने वाले कई रूसियों के साथ भी अपनी एकजुटता दिखा रहे हैं।

00:42 (IST) 25 Feb 2022

आज दूसरी बार यूक्रेन पर चर्चा के लिए सत्र बुलाएगा यूएनएससी

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) आज इस हफ्ते में दूसरी बार यूक्रेन पर चर्चा के लिए सत्र बुलाने जा रहा है। यह सत्र भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 8:00 बजे (21:30 EST) से शुरू होने की उम्मीद है।

23:41 (IST) 24 Feb 2022

अमेरिका ने पाकिस्तान को दी नसीहत

पाकिस्तान के पीएम इमरान खान के मास्को (रूस) दौरे पर अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, “यूक्रेन में रूस के कार्यों पर आपत्ति जताना हर जिम्मेदार देश की जिम्मेदारी है।”

22:29 (IST) 24 Feb 2022
दुनिया भर के प्रतिबंधों के बीच रूसी राष्ट्रपति ने बुलाई बिजनेस समिट

यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई करने को लेकर अमेरिका, इंग्लैंड, जापान समेत कई देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगाए हैं। दुनियाभर के प्रतिबंधों के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को बिजनेस समिट बुलाई। इस दौरान रूस के बड़े बड़े व्यापारी मौजूद रहे।

22:02 (IST) 24 Feb 2022
रूस ने किया यूक्रेन के 70 सैन्य ठिकाने तबाह करने का दावा, राजधानी कीव में लगा कर्फ्यू

रूसी रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन के 70 सैन्य ठिकानों को तबाह करने का दावा किया है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के सैन्य बुनियादी ढांचे की 74 जमीनी सुविधाओं को नष्ट कर दिया। जिसमें वायु सेना के 11 हवाई क्षेत्र, तीन कमांड पोस्ट, एक नौसैनिक अड्डा औरवायु रक्षा प्रणालियों के 18 रडार स्टेशन शामिल थे। रूसी हमलों को देखते हुए राजधानी कीव के मेयर में शहर में कर्फ्यू का ऐलान कर दिया है।

बता दें कि यूक्रेन में रूस के मिलिट्री ऑपरेशन के बीच यूरोपीय संघ के नेता करीब छह घंटे चली बैठक के बाद रूस पर और आर्थिक एवं वित्तीय प्रतिबंध लगाने पर सहमत हो गए हैं। यूरोपीय संघ परिषद के अध्यक्ष ने रूस पर यूक्रेन पर अपने आक्रमण को सही ठहराने के लिए ‘‘झूठे और बेकार बहाने’’ बनाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रतिबंधों से रूसी सरकार को नुकसान होगा। इन प्रतिबंधों के कानूनी मसौदे को रात में अंतिम रूप दिए जाने और शुक्रवार को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है।

यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि इसमें 70 प्रतिशत रूसी बैंकिंग बाजार और प्रमुख सरकारी कम्पनियों को निशाना बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि रूस के ऊर्जा क्षेत्र को भी निशाना बनाया जाएगा जिससे उसके लिए ‘‘अपने तेलशोधक कारखानों को अद्यतन करना असंभव हो जाएगा’’। रूस को सॉफ्टवेयर, सेमीकंडक्टर्स आदि की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगेगा।