दक्षिण जर्मनी में मंगलवार को दो ट्रेनों के बीच टक्कर हो गई जिसमें कम से कम आठ व्यक्तियों की मौत हो गई और करीब 100 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना जर्मनी में कुछ वर्षों में हुई सबसे भीषण दुर्घटनाओं में से एक है। बाद एबलिंग के वन क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना के बाद डिब्बों में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए सैकड़ों बचावकर्मी दुर्घटनास्थल पर भेजे गए। बाद एबलिंग नगर म्युनिख से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में स्थित है। इस दुर्घटना में कई कोच पलट गए। पुलिस प्रवक्ता जुआर्गेन तेईमियर ने कहा, ‘दोनों ट्रेनों की टक्कर में आठ व्यक्तियों की मौत हुई है। दुर्घटना में करीब 100 लोग घायल हुए हैं जिसमें से 55 की हालत गंभीर है।’
स्थानीय पुलिस प्रवक्ता मार्टिन विंकलर ने इससे पहले दुर्घटना में चार व्यक्तियों की मौत की जानकारी दी थी। बाद में बचावकर्मियों को बर्बाद हुई ट्रेन के डिब्बों से चार और शव मिले। फ्रांसिसी समूह ट्रांसदेव की सहायक वा क्षेत्रीय रेल कंपनी मेरिडियन ने एक बयान में कहा, ‘यह दुखद हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजे रोसेनहाएम और होल्जसेन के बीच स्थित एकल ट्रैक मार्ग पर हुआ।’ दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दक्षिणी प्रांत बावरिया के पुलिस अधिकारी रेनर स्कार्फ ने कहा, ‘दुर्घटना की भीषणता को देखते हुए हमारा मानना है कि दो क्षेत्रीय ट्रेनों के बीच कम रफ्तार पर आमने-सामने की टक्कर हुई।’ उन्होंने कहा कि प्राथमिकता ‘कई घायलों को बचाना है।’
पुलिस ने ट्वीट किया कि ग्रामीण क्षेत्र के इस दुर्घटनास्थल पर आपात सेवाओं के सैकड़ों कर्मी पहुंच गए हैं। आधा दर्जन हेलीकॉप्टरों को भी लगाया गया है। स्थानीय प्रसारण बेयरशिशर रूंडफंक ने बताया कि बचावकर्मी क्षतिग्रस्त डिब्बों के ऊपर चढ़ रहे हैं और लोगों को बाहर निकाल रहे हैं। रेल मार्ग के साथ ही दो स्थानीय सड़कों को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। रेल मार्ग पर ट्रेनें संचालित करने वाली बवारियन रेल कंपनी बीओबी के प्रमुख बर्नार्ड रोसेनबुक ने कहा, ‘यह दुर्घटना हमारे लिए एक बहुत बड़ा झटका है। हम यात्रियों, उनके रिश्तेदारों और हमारे कर्मचारियों की मदद के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे।’
