रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ईरान की राजधानी तेहरान के दौरे पर हैं। इस दौरान उनकी तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन से मुलाकात थी। मुलाकात से पहले उन्हें करीब एक मिनट एर्दोगन का इंतेजार करना पड़ा। इस दौरान वो चहलकदमी करते नजर आए। इस पर लोगों ने कमेंट किया है कि जैसे को तैसा।

दरअसल, यूक्रेन से खाद्यान्न निर्यात शुरू करने के मसले पर वार्ता के लिए पुतिन वार्तास्थल पर निर्धारित समय पर पहुंच गए, लेकिन एर्दोगन समय पर नहीं पहुंच सके। इस वजह से पुतिन को 50 सेकंड एर्दोगन का इंतेजार करना पड़ा।

इस घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने आश्चर्य जताया है क्योंकि रूसी राष्ट्रपति का एर्दोगन सहित अन्य नेताओं को मीटिंग से पहले प्रतीक्षा करवाने का इतिहास रहा है। साल 2020 में मास्को यात्रा के दौरान एर्दोगन को भी पुतिन के साथ मीटिंग से पहले 2 मिनट के ऐसे ही अनुभव से गुजरना पड़ा था। माना जा रहा है कि तेहरान में एर्दोगन ने उसी का बदला लिया है।

वायरल हो रहे इस वीडियो में पुतिन को बैठक कक्ष के अंदर अकेले जाते हुए देखा गया है। फिर वह अपनी कुर्सी और दोनों राष्ट्रों के झंडों के सामने हाथ जोड़कर खड़े हो गए। एर्दोगन के कमरे में प्रवेश करते ही उन्हें अपना रुख बदलते देखा जा सकता है। बता दें कि फरवरी के अंत से रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष जारी है। इस बीच ईरान में नाटो गठबंधन के नेता के साथ पुतिन की यह पहली मुलाकात थी।

पुतिन ने 2020 में अपनी बैठक से पहले पोप फ्रांसिस को एक घंटे से अधिक समय तक इंतेजार कराया था। पुतिन और पोप के बीच इस तरह की यह दूसरी घटना थी। 2013 में पुतिन पोप के साथ अपनी मुलाकात के लिए लगभग 50 मिनट देर से पहुंचे थे। उन्होंने यूक्रेन के अपदस्थ राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच को भी मीटिंग से पहले चार घंटे का इंतेजार करवाया था।