सूडान में हालात विस्फोटक बने हुए हैं, लगातार हो रही गोलीबारी की वजह से तनाव और ज्यादा बढ़ गया है। इस बीच भारत सरकार ने सूडान में अपना मिशन कावेरी शुरू कर दिया है। अफ्रीकी देश में फंसे भारतीयों को बाहर निकालने का सिलसिला आरंभ हो गया है। इसी कड़ी में INS सुमेधा पर भारतीयों के पहले बैच को जेद्दाह के लिए रवाना कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि कुल 500 भारतीय इस समय सूडान पोर्ट पर पहुंच चुके हैं और उन्हें वहां से अब रेस्क्यू किया जा रहा है।

सूडान से भारतीयों का रेस्क्यू शुरू

रेस्क्यू करने में INS सुमेधा सक्रिय भूमिका निभा रहा है, उसकी तरफ से फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है। इसी कड़ी में 278 भारतीय INS सुमेधा पर सवार होकर जेद्दाह के लिए निकल गए हैं। आने वाले दिनों में बाकी भारतीयों का भी ऐसे ही रेस्क्यू किया जाएगा। यहां ये समझना जरूरी है कि सूडान में पिछले कई महीनों से हालात चिंताजनक बने हुए हैं। अफ्रीकी देश में सेना और पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। दोनों ही फोर्स देश की सत्ता पर काबिज होना चाहती हैं और उसी वजह से ये जंग छिड़ी है।

अब तक 413 लोगों की मौत

वर्तमान में स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए अमेरिका की तरफ से सक्रिय भूमिका निभाई गई है। बताया जा रहा है कि अमेरिका ने दोनों सेना और पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्स से बात की गई है और तीन दिनों के सीजफायर पर सहमति बनी है। ये सीजफायर इसलिए जरूरी हो जाता है क्योंकि इसी समय के दौरान फंसे लोगों का रेस्क्यू भी किया जाएगा और पीड़ितों तक हर जरूरी संसाधन भी पहुंचाया जाएगा।

जानकारी के लिए बता दें कि इस समय सूडान में कुल 413 लोगों की मौत हो चुकी है। जिस तरह से हिंसा जारी है, ये आंकड़ा और ज्यादा बढ़ सकता है। सेना की तरफ से भी साफ कर दिया गया है कि सीजफायर के नियम भी तब तक माने जाएंगे जब तक RSF भी अपनी तरफ से कोई हरकत नहीं करेगा। अगर हमला हुआ तो मुंहतोड़ जवाब की बात कही गई है।