श्रीलंका के क्रिकेटर दानुष्का गुणातिलके को सिडनी में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें सिडनी पुलिस ने रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है। कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की घटना के बाद स्थानीय पुलिस द्वारा आरोपित श्रीलंकाई बल्लेबाज दानुष्का गुणातिलके को सिडनी के टीम होटल से रविवार सुबह गिरफ्तार किया गया। घटनाक्रम के अनुसार गुणातिलके को 29 वर्षीय महिला के साथ रोज बे में एक आवास पर गिरफ्तार किया गया है।

न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक बयान में कहा, “एक ऑनलाइन डेटिंग एप्लिकेशन के माध्यम से कई दिनों तक उसके साथ संवाद करने के बाद महिला ने उस व्यक्ति (दानुष्का गुणातिलके) से मुलाकात की। महिला ने आरोप लगाया कि बुधवार 2 नवंबर 2022 की शाम को महिला का यौन उत्पीड़न किया गया। पुलिस द्वारा रोज बे में एक पते पर कथित अपराध स्थल की जांच की गई है।”

पुलिस ने कहा, “एक 31 वर्षीय व्यक्ति को सिडनी के ससेक्स स्ट्रीट के एक होटल में आज (रविवार 6 नवंबर 2022) 1 बजे से कुछ समय पहले गिरफ्तार किया गया। उसे सिडनी सिटी पुलिस स्टेशन ले जाया गया और यौन संभोग के चार मामलों का आरोप उसपर लगाया गया। श्रीलंकाई नागरिक को AVL (ऑडियो विजुअल लिंक) के माध्यम से पररामट्टा जमानत कोर्ट में पेश होने के बाद जमानत देने से इनकार कर दिया गया।”

दानुष्का गुणातिलके को एक कथित बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। श्रीलंकाई टीम उनके बिना ऑस्ट्रेलिया से वापस श्रीलंका चली गई है। श्रीलंकाई टीम से जुड़े एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया। दानुष्का गुणातिलके ने श्रीलंका के लिए 8 टेस्ट, 47 एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय और 46 T20I खेले हैं।

बाएं हाथ का यह बल्लेबाज मौजूदा टी20 विश्व कप के पहले दौर के मैच में नामीबिया के खिलाफ खेला था और शून्य पर आउट हो गया था। बाद में चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था, जबकि टीम ने सुपर 12 चरण के लिए क्वालीफाई किया था। श्रीलंका की टीम ग्रुप 1 में चौथे स्थान पर रही थी। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने अपनी वेबसाइट पर एक अज्ञात श्रीलंकाई नागरिक की गिरफ्तारी का भी जिक्र किया है।