Ranil Wickremesinghe Arrested, Sri Lanka News in Hindi: श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को शुक्रवार को सरकार पैसे के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया गया। श्रीलंका के क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने गिरफ्तार किया है। विक्रमसिंघे पर आरोप है कि उन्होंने निजी विदेश दौरों पर सरकारी पैसा खर्च किया।

क्यों गिरफ्तार हुए विक्रमसिंघे?

विक्रमसिंघे पर आरोप है कि सितंबर 2023 में जब वे लंदन के दौरे पर गए थे, उन्होंने वहां सरकारी फंड का इस्तेमाल किया था। असल में वे तब लंदन दौरे पर इसलिए गए थे क्योंकि वहां पर उनकी पत्नी का ब्रिटिश यूनिवर्सिटी में सम्मान होना था। लेकिन अब उसी दौरे को लेकर उनकी मुश्किलें बढ़ चुकी हैं और पुलिस उनसे पूछताछ भी कर रही है।

पुलिस ने विक्रमसिंघे पर क्या आरोप लगाए?

पुलिस के आरोप हैं कि रानिल विक्रमसिंघे ने सिर्फ अपने निजी दौरे के लिए ही सरकारी फंड का इस्तेमाल नहीं किया था, उन्होंने एक कदम आगे बढ़ अपने बॉडीगार्ड का खर्चा भी सरकारी खजाने से किया। इसी मामले में शुक्रवार को वे सीआईडी के दफ्तर पहुंचे थे, वहां उन्होंने अपना बयान भी दर्ज किया। लेकिन जब पुलिस उनके बयान से संतुष्ट नहीं हुई, ऐसे में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

विक्रमसिंघे कब बने थे श्रीलंका के राष्ट्रपति?

विक्रमसिंघे 2022 में श्रीलंका के राष्ट्रपति बने थे और 2024 तक वे उस कुर्सी पर रहे। पिछले साल उन्होंने फिर चुनाव ल़ड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वैसे विक्रमसिंघे को लेकर कहा जाता है कि उन्होंने अभूतपूर्व आर्थिक संकट के दौरान द्वीप राष्ट्र का नेतृत्व किया। उन्होंने आर्थिक सुधार लाए और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से राहत पैकेज हासिल किया।