Moscow Concert Attack: रूस की राजधानी मॉस्को के पास एक कॉन्सर्ट हॉल में धमाका और गोलीबारी हुई है। शुक्रवार को हुए हमले में 60 लोग मारे गए और 145 से अधिक घायल हो गए। कुछ बंदूकधारी मॉस्को के किनारे कॉन्सर्ट हॉल में घुस गए और लोगों पर ताबड़तोड़ गोलिया बरसा दीं। इस हमले के बाद कॉन्सर्ट हॉल की छत ढह गई।

रूसी समाचार रिपोर्टों में कहा गया है कि हमलावरों ने विस्फोटक भी फेंके। इसके बाद क्रोकस सिटी हॉल में भीषण आग लग गई। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नजर आ रहा है कि इमारत के ऊपर काले धुएं का गुबार उठ रहा है। यह हमला उस समय हुआ जब हॉल में कॉन्सर्ट के कार्यक्रम के लिए भीड़ जमा हुई थी। इसमें 7000 से ज्यादा लोग बैठ सकते थे। सुरक्षा बलों की वर्दी में कम से कम पांच बंदूकधारी कॉन्सर्ट हॉल में घुस आए और भीतर मौजूद लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

रूसी विदेश मंत्रालय ने आतंकी हमला करार दिया

रूस ने गोलीबारी की घटना को आतंकी हमला करार दिया है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने घटना की आलोचना करते हुए कहा कि यह एक आतंकवादी हमला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस तरह के हमले की कड़े शब्दों में निंदा करनी चाहिए। मॉस्को के मेयर ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हमले के बाद मॉस्को में होने वाले सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने मॉस्को में हुए आतंकी हमले को भयानक बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस हमले का यूक्रेन युद्ध से संबंधि होने का तत्काल कोई संकेत नहीं है।

स्पेशल टास्क फोर्स ने ली एंट्री

हमलावरों में 5 लोग बताए गए हैं। फिलहाल इस आतंकी हमले की किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। रूसी स्पेशल फोर्स ने हॉल में एंट्री ले ली है। ​​​​​किसी भी आतंकवादी के पकड़े या मारे जाने की जानकारी नहीं आई है। हॉल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस, दंगा नियंत्रण यूनिट सहित फोर्स की अलग-अलग यूनिट मौके पर तैनात हैं। हेलिकॉप्टर से हॉल के ऊपर लगी आग को बुझाने की कोशिश की जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2009 में हुआ था हॉल का निर्माण

क्रोकस सिटी हॉल को साल 2009 में क्रास्नोगोर्स्की में बनाया गया था। इसमें तीन अलग-अलग ऑडिटोरियम हैं। इसमें एक की क्षमता 7 हजार लोगों की है तो दूसरे की क्षमता करीीब 4 हजार से ज्यादा लोगों की है। इतना ही नहीं लोगों की सुविधा के लिए इसमें एक थिएटर भी है। यहां पर तीन हजार से ज्यादा लोग बैठ सकते हैं। क्रोकस सिटी हॉल में साल 2013 में मिस यूनिवर्स की प्रतियोगिता भी आयोजित की जा चुकी है।