प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस पहुंच गए हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुलाकात हुई। पीएम मोदी के सम्मान में रूसी राष्ट्रपति ने डिनर दिया। पुतिन ने अपने आवास पर डिनर दिया। पीएम मोदी दो दिवसीय रूस दौरे पर हैं। मॉस्को में राष्ट्रपति पुतिन के साथ पीएम मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक भी करेंगे।
सोमवार शाम को पुतिन और पीएम मोदी के बीच अनौपचारिक बैठक हुई। यह बैठक प्राइवेट थी और इसीलिए इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी को प्राइवेट डिनर पर आमंत्रित किया था। हालांकि मंगलवार को जब बैठक होगी, तो उसके बाद दोनों देशों के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की जाएगी। इसमें बताया जाएगा कि क्या फैसला हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी से मुलाकात में राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, “भारत अर्थव्यवस्था के मामले में तीसरे स्थान पर है और जनसंख्या के मामले में सबसे बड़ा देश है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत में हर साल 23 मिलियन बच्चे पैदा होते हैं। इसका मतलब है कि भारतीय अपने भविष्य के लिए योजना बनाते हैं। इसका मतलब है कि भारतीय अपने भविष्य को लेकर सुरक्षित है। मैं आपको देखकर बहुत खुश हूं। आपका जीवन लोगों को समर्पित है।”
वहीं पीएम मोदी ने कहा, “मित्र के घर आना आना हमेशा अच्छा होता है। आपने मुझे भोजन पर आमंत्रित किया और साथ में गप्पे मारने के लिए बुलाया। हाल ही में भारत में बेहद महत्वपूर्ण चुनाव हुए। 65 करोड़ लोगों ने मतदान किया। नेहरू के बाद लगभग 60 साल के बाद कोई सरकार लगातार तीसरी बार जीतकर आई। मुझे मेरे देश के लोगों ने आशीर्वाद दिया है।”
रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पहली यात्रा
पिछले 5 सालों में पीएम मोदी की ये पहली रूस यात्रा है। फरवरी 2022 में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हुआ था। यानी युद्ध शुरू होने के बाद यह पीएम मोदी की पहली यात्रा है। जब मंगलवार को पीएम मोदी और व्लादिमीर पुतिन एक मंच पर बैठेंगे तो उसमें व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सहित कई बड़े फैसलों पर मुहर लगने की उम्मीद है। यूक्रेन संघर्ष पर भी चर्चा हो सकती है।