रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को येवगेनी प्रिगोझिन के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सेना प्रमुखों के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व करने के दो महीने बाद विमान दुर्घटना में उनकी मौत होने के बाद अपनी चुप्पी तोड़ते हुए यह बात कही। उन्होंने 23-24 जून को सैन्य नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया था, जिसके बारे में पुतिन ने कहा कि इससे रूस गृहयुद्ध की ओर बढ़ सकता है। दो अमेरिकी अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया कि वाशिंगटन का मानना है कि रूस के अंदर से सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल ने विमान को मार गिराया है, हालांकि उन्होंने कहा कि अभी यह शुरुआती जानकारी है।

पुतिन की टिप्पणी के अलावा प्रिगोझिन की मौत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं

रूसी जांचकर्ताओं ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन बुधवार शाम की दुर्घटना की वजह को लेकर मॉस्को की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुतिन की टिप्पणियों तक एविएशन अथॉरिटी के एक बयान के अलावा प्रिगोझिन की मौत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी, जिसमें कहा गया था कि वह विमान में था।

पुतिन ने प्रिगोझिन को एक प्रतिभाशाली व्यवसायी बताया। उन्होंने कहा कि वह 1990 के दशक से जानते हैं। यह भी कहा कि दुर्घटना की जांच में थोड़ा समय लगेगा। वैगनर ग्रुप के प्रमुख 62 वर्षीय प्रिगोझिन सेना के शीर्ष अधिकारियों के स्व-घोषित दुश्मन थे।

पुतिन ने इससे पहले दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स देशों के एक शिखर सम्मेलन में वर्चुअली रूप से अपनी बात रखी। इसमें उनके विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भाग ले रहे थे। इस दौरान उस विमान दुर्घटना का जिक्र किया गया, जिसमें 10 लोगों के मारे जाने की बात कही गई थी। वहां का मीडिया ने आपदा को कम महत्वपूर्ण कवरेज दिया।

एम्ब्रेयर लिगेसी 600 एक्जीक्यूटिव जेट था। यह मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग के लिए उड़ान भर रहा था। इसमें प्रिगोझिन की टीम के वरिष्ठ सदस्य भी सवार थे। ये मॉस्को के उत्तर में टवर क्षेत्र में कुज़ेनकिनो गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

गुरुवार सुबह दुर्घटनास्थल पर रॉयटर्स रिपोर्टर ने लोगों को स्ट्रेचर पर काले बॉडी बैग ले जाते देखा। विमान के पीछे का एक हिस्सा और अन्य टुकड़े एक जंगली इलाके के पास जमीन पर पड़े थे। वहां फोरेंसिक जांचकर्ताओं ने कैंप लगाया था।