Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को बर्बाद करने की धमकी दी है। दरअसल यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पुतिन को शांति प्रस्ताव भेजा था। जिसमें बिना शर्त के युद्ध समाप्त करने की मांग की थी। इसी प्रस्ताव पर पुतिन भड़क गए और उन्होंने कहा कि वो जेलेंस्की को बर्बाद कर देंगे। ये बातें रूसी राष्ट्रपति ने उस शांति दूत से कही, जो यह प्रस्ताव लेकर मास्को पहुंचे थे।
द टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार हाथ से लिखे गए इस नोट पर यूक्रेनी राष्ट्रपति ने युद्ध को समाप्त करने के लिए यूक्रेन की शर्तों का विवरण दिया था। इस प्रस्ताव को लेकर जिन्होंने शांति दूत की भूमिका निभाई है, वो एक रूसी अरबपति हैं। मिली जानकारी के अनुसार रूसी अरबपति और ब्रिटेन के चेल्सी फुटबॉल क्लब के मालिक रोमन अब्रामोविच अनौपचारिक रूप से इस युद्ध को रोकने के लिए शांति दूत की भूमिका निभा रहे हैं।
रोमन अब्रामोविच के हाथों ही जेलेंस्की ने ये नोट पुतिन को भिजवाया था। इस नोट को पढ़ने के बाद पुतिन आगबबूला हो गए और उन्होंने अब्रामोविच से कहा- “बता देना उसे, उन्हें बर्बाद कर दूंगा”।
रोमन अब्रामोविच से यूक्रेन ने शांति बहाल करने के लिए प्रयास करने का अनुरोध किया था। जिसके बाद से अब्रामोविच लगातार कीव और मास्को की यात्रा करके शांति बहाली की कोशिशों में लगे हैं। हाल ही में खबर आई थी कि ऐसी ही एक मीटिंग के दौरान अब्रामोविच को कीव में बैठक के बाद खाने में जहर देने के संकेत मिले थे।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार इस महीने की शुरुआत में यूक्रेन की राजधानी कीव में एक बैठक के बाद रोमन अब्रामोविच और यूक्रेनी शांति वार्ताकारों में संदिग्ध जहर के लक्षण दिखे थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि अब्रामोविच और यूक्रेन के वार्ताकारों के स्वास्थ्य में पहले से सुधार हुआ है और वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध को एक महीने हो चुके हैं। रूस, यूक्रेन मे भारी तबाही मचा चुका है। रूसी बमबारी में यूक्रेन के कई शहर तबाह हो चुके हैं। हालांकि रूस को भी काफी नुकसान हुआ है, लेकिन पुतिन युद्ध खत्म करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। हालांकि अब यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के तेवर जरूर कम होते दिख रहे हैं। शायद यही कारण है कि वो पुतिन से मिलकर इस युद्ध को खत्म करने की बात कह रहे हैं।