रूस ने यूक्रेन पर आक्रामक हमला जारी रखते हुए बर्दियांस्क व खेरसॉन शहरों पर कब्जा जमा लिया है। रूस की सेनाएं अंतरराष्ट्रीय दबाव को दरकिनार कर ताबड़तोड़ हमला जारी रखे हुए हैं। इस बीच रूस ने दावा किया है कि वह यूक्रेन के नागरिक सुविधाओं को बरकरार रखने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही है।

मॉस्को स्टॉक एक्सचेंज बुधवार को लगातार तीसरे दिन कारोबार के लिए नहीं खुला। रूसी सेंट्रल बैंक ने एक बयान में कहा कि इस सप्ताह पहली बार सीमित परिचालन की अनुमति दी जाएगी। संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य पश्चिमी सहयोगियों द्वारा देश की अधिकतर बैंकिंग प्रणाली पर प्रतिबंध लगाने के बाद से रूस वित्तीय मंदी की घोर दिक्कतों में घिरता जा रहा है।

वह सैकड़ों अरबों डॉलर के विदेशी भंडार को जमा करने के लिए हाथ-पांव मार रहा है। रूसी मुद्रा रूबल गिर गया है, और विदेशों में सूचीबद्ध रूसी कंपनियों के शेयर भी धराशायी हो रहे हैं। यूक्रेन पर हमले के बाद से कई पश्चिमी व्यवसायों ने रूस को छोड़ दिया है, जिसमें तेल की दिग्गज कंपनी बीपी, शेल और एक्सॉन मोबिल शामिल हैं।

दक्षिण कोरिया रूस पर अपने आर्थिक प्रतिबंधों के तहत सात प्रमुख रूसी बैंकों और उनके सहयोगियों के साथ वित्तीय लेनदेन पर रोक लगाएगा। देश के वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के साथ परामर्श के बाद प्रतिबंधों पर एक विस्तृत योजना जारी की। ये सात रूसी बैंक Sberbank, VEB, PSB, VTB, Otkritie, Sovcom और Novikom हैं। प्रतिबंध अमेरिका की छूट अवधि का पालन करेगा, और कृषि, कोविड -19 दवा और ऊर्जा सहायता जैसे असाधारण लेनदेन की अनुमति होगी।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में रूस की आक्रामकता का सामना करने और अमेरिकी मुद्रास्फीति को काबू करने का संकल्प किया। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के बीच बाइडन के इस भाषण के मायने और बढ़ गए हैं। राष्ट्रपति ने अपने भाषण की शुरुआत भी यूक्रेन संकट के मुद्दे से ही की। उन्होंने सदन के कक्ष में उपस्थित सांसदों से कहा कि वे खड़े होकर यूक्रेन के लोगों के जज्बे को सलाम करें। इसके बाद सभी सांसद खड़े हो गए।

बाइडन ने कहा, “अपने पूरे इतिहास में हमने यह सबक सीखा है कि जब तानाशाह को अपनी आक्रामकता की कीमत नहीं चुकानी पड़ती, तो वे और अधिक अराजकता फैलाने लगते हैं।” राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘पुतिन का युद्ध पूर्व नियोजित और अकारण है। उन्होंने कूटनीति के प्रयासों को खारिज कर दिया। उन्होंने सोचा था कि पश्चिमी देश और नाटो इसका जवाब नहीं देंगे। उन्हें लगा था कि वह हमारे घर में ही हमें बांट सकते हैं। पुतिन गलत थे। हम तैयार हैं।’’

रूसी सेना ने भीड़भाड़ वाले शहरी इलाकों में अपने तेज किए हमले, यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर के केंद्रीय चौक और कीव के मुख्य टीवी टॉवर पर बमबारी की, जिसे देश के राष्ट्रपति ने आतंकवाद का एक ज़बरदस्त अभियान कहा। इस बीच पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों, पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रजेज डूडा और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल समेत कई यूरोपीय नेताओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन में जारी युद्ध व इससे बिगड़ती मानवीय स्थिति पर चिंता प्रकट की।

यूक्रेन की सेना ने लोगों से कहा है कि वे किसी बाहरी लोगों से न घुलें-मिलें। रूस के राष्ट्रपति पुतिन के सैनिक यूक्रेनी वेशभूषा में स्थानीय लोगों से घुलने-मिलने और यहां के बारे में पता करने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेनी सेना ने इनसे सावधान रहने को कहा है। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति जो-बाइडेन ने यूक्रेन में आक्रमण के लिए पुतिन के पश्चिमी रवैए को गलत बताया है।

Live Updates

Russia Ukraine Crisis Live Updates: ब्रिटिश पेट्रोलियम ने रूस की ऊर्जा कंपनी से निवेश वापस लेने का ऐलान कर दिया है। अब Shell कंपनी ने भी अब निवेश वापस लेने की बात कही है।

14:28 (IST) 28 Feb 2022
यूक्रेन में आम नागरिक हताहत

भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ इगोर पोलिखा ने कहा है कि इस युद्ध में उनके देश के बहुत सारे नागरिक हताहत हुए हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार बम विस्फोटों, गोलाबारी आदि से 16 बच्चे मारे जा चुके है। वहीं संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने यूक्रेन में कम से कम 376 नागरिकों के हताहत होने की पुष्टि की है।

14:03 (IST) 28 Feb 2022
रूस-यूक्रेन की मीटिंग को लेकर मंच तैयार

गौरतलब है कि भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे रूस और यूक्रेन के बीच एक ऐतिहासिक बैठक होगी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच छिड़े जंग पर अहम फैसला लिए जाने की उम्मीद है।

13:28 (IST) 28 Feb 2022
यूक्रेन के समर्थन के लिए व्हाइट हाउस के सामने प्रदर्शन

रूस द्वारा यूक्रेन पर हो रहे हमले को लेकर अमेरिका में यूक्रेन के लोगों ने अपने देश का समर्थन करने के लिए वाशिंगटन, डीसी में व्हाइट हाउस के सामने प्रदर्शन किया।

13:10 (IST) 28 Feb 2022
रूसी सेना ने जब्त किया अमेरिका में बना एंटी टैंक मिसाइल

रूसी सेना ने Mariupol से यूएस मेड एंटी टैंक मिसाइल लॉन्चर जब्त किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि यूक्रेन को अमेरिकी मदद मिलनी शुरू हो गई है।

12:39 (IST) 28 Feb 2022
अमेरिका की अपने नागरिकों को सलाह- रूस छोड़ें

तमाम देशों द्वारा रूस पर प्रतिबंध लगाये जाने के बाद अमेरिका ने रूस में रह रहे अपने नागरिकों को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है कि रूस में रह रहे अमेरिकी अपने स्वदेश लौटें।

12:25 (IST) 28 Feb 2022
निकासी के लिए विशेष ट्रेनें

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने बताया कि सभी छात्रों को पश्चिमी भागों की यात्रा के लिए रेलवे स्टेशन जाने की सलाह दी गई है। निकासी के लिए यूक्रेन रेलवे विशेष ट्रेनें चला रहा है।

12:03 (IST) 28 Feb 2022
240 और भारतीय नागरिकों की स्वदेश वापसी

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि बुडापेस्ट (हंगरी) से छठी फ्लाइट ने ऑपरेशन गंगा के तहत उड़ान भरी है, जिसमें 240 भारतीय नागरिकों को दिल्ली वापस लाया जा रहा है

11:42 (IST) 28 Feb 2022
भारत में रह रहे यूक्रेनी नागरिक जाना चाहते हैं स्वेदश

भारत में रह रहे यूक्रेनी नागरिक अपने परिवारों में लौटना चाहते हैं। इसके लिए वो दिल्ली में यूक्रेनी दूतावास से संपर्क कर रहे हैं। एक महिला यूक्रेनी नागरिक ने कहा कि मैं यूक्रेन के किसी नजदीकी देश में जाना चाहती हूं। यह अविश्वसनीय है कि 21वीं सदी में भी इस तरह की चीजें हो रही हैं।

11:22 (IST) 28 Feb 2022
ये मंत्री जाएंगे यूक्रेन

यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह निकासी मिशन का समन्वय करने और छात्रों की मदद करने के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों की यात्रा करेंगे।

11:13 (IST) 28 Feb 2022
यूक्रेन संकट पर शरद पवार ने की विदेश मंत्री जयशंकर से फोन पर बात

एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने विदेश मंत्री जयशंकर से फोन पर बात की और यूक्रेन के खार्किव में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने पर चर्चा की। बेलगोरोड (रूस) मार्ग के माध्यम से निकासी पर और रोमानिया-पोलैंड सीमा पर फंसे छात्रों की सहायता के मामले पर भी चर्चा की।

11:01 (IST) 28 Feb 2022
पीएम मोदी ने की यूक्रेन संकट पर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता

10:54 (IST) 28 Feb 2022
यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी ने बुलाई उच्च स्तरीय बैठक

न्यूज एजेंसी ने सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संकट पर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। कुछ केंद्रीय मंत्री निकासी के समन्वय के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों में जा सकते हैं।

10:47 (IST) 28 Feb 2022
मेघालय ने दी केंद्र को यूक्रेन में फंसे छात्रों की सूची

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने केंद्र सरकार को यूक्रेन में फंसे राज्य के छात्रों की
लिस्ट सौंपी है। उन्होंने यूक्रेन में फंसे लोगों का हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

10:27 (IST) 28 Feb 2022
रूसी सेना का कफिला कीव की तरफ

रूसी सेना का 5 किमी लंबा काफिला यूक्रेन की राजधानी कीव की तरफ बढ़ रहा है।

10:15 (IST) 28 Feb 2022
कीव पर कब्जे की तैयारी

यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध में कोई भी झुकने को तैयार नहीं। इस बीच रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव की तरफ तेजी से बढ़ रही है। बता दें कि रूस कीव पर कब्जे की तैयारी है।

09:52 (IST) 28 Feb 2022
हो सकती है यूक्रेन के राष्ट्रपति की हत्या!

ब्रिटिश अखबार द टाइम्स का दावा है कि रूस यूक्रेन के राष्ट्रपति की हत्या की फिराक में है। खबर के मुताबिक यूक्रेन की राजधानी कीव में 400 रूसी आतंकी मौजूद हैं जो राष्ट्रपति जेलेंस्की की हत्या के लिए भेजे गए हैं।

09:42 (IST) 28 Feb 2022
कनाडा का रूसी विमानों को लेकर प्रतिबंध

यूक्रेन पर रूस के हमले को देखते हुए कनाडा ने अपने हवाई क्षेत्र को तत्काल प्रभाव से रूसी विमानों के लिए बंद कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि यह प्रतिबंध अगली सूचना तक जारी रहेगा।

09:37 (IST) 28 Feb 2022
यूक्रेन से करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

भारतीय विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला का कहना है भारत ने करीब 2,000 लोगों को यूक्रेन से सुरक्षित बाहर निकाला है। इस संख्या में 1,000 ऐसे लोग हैं कि जिन्हें हंगरी और रोमानिया के रास्ते चार्टर्ड विमानों से घर लाया जा चुका है।

09:23 (IST) 28 Feb 2022
कठोर प्रतिबंधों से रूस के रूबल में आई गिरावट

विश्व के कई देशों की तरफ से मास्को पर कठोर प्रतिबंध लगाए जाने कारण रूस के रूबल में सोमवार को डॉलर के मुकाबले लगभग 30% की गिरावट देखी गई।

09:15 (IST) 28 Feb 2022
यूक्रेन ने ड्रोन से रूस के मिसाइल सिस्टम को बनाया निशाना

दोनों देशों के बीच युद्ध का पांचवा दिन है, लेकिन यूक्रेन रूस की सेना के सामने यूक्रेन मोर्चा संभाले हुए है। वहीं यूक्रेन की सेना ने ड्रोन से रूस के मिसाइल सिस्टम को टारेगट किया है।

09:10 (IST) 28 Feb 2022
जो बाइडेन की नाटो नेताओं संग बैठक

यूक्रेन मामले को लेकर सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ब्रिटेन, कनाडा, पोलैंड, जापान, फ्रांस, जर्मनी, इटली, रोमानिया, यूरोपीय संघ, नाटो के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

09:05 (IST) 28 Feb 2022
रूस को बड़ा झटका

यूरोप की नागरिकता को लेकर रूस को बड़ा झटका लगा है। बता दें कि यूरोपियन यूनियन ने रूसी नागरिकों को निवेश से मिलने वाली यूरोपियन सिटीजनशिप पर रोक लगा दी है।

08:51 (IST) 28 Feb 2022
यूक्रेन से स्वदेश लौटे छात्रों का गुजरात सीएम ने किया स्वागत

08:48 (IST) 28 Feb 2022
संयुक्त राष्ट्र महासभा का आपातकालीन विशेष सत्र

08:40 (IST) 28 Feb 2022
रूस को लेकर EU का प्रतिबंध

रूस और यूक्रेन में युद्ध के बीच यूरोपियन संघ ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने क्षेत्र से रूसी प्लेन के टेक-ऑफ और लैंडिंग पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिसके बाद अब रूस उसके फ्लाइिंग जोन का भी इस्तेमाल नहीं कर पाएगा।

08:35 (IST) 28 Feb 2022
राहुल गांधी बोले- हम अपने लोगों को इस तरह नहीं छोड़ सकते

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यूक्रेन में भारतीय छात्रों पर हिंसा का एक वीडियो शेयर कर कहा, “इस तरह की हिंसा झेल रहे भारतीय छात्रों के इन वीडियो को देखने वाले उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। किसी भी माता-पिता को इस हालात से नहीं गुजरना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “भारत सरकार यूक्रेन में फंसे हुए लोगों के साथ उनके परिवारों से वहां से निकासी की विस्तृत योजना को तत्काल साझा करना चाहिए। हम अपने लोगों को इस तरह नहीं छोड़ सकते।”

08:28 (IST) 28 Feb 2022
कीव में फिर धमाके

सोमवार सुबह यूक्रेन की राजधानी कीव और अहम शहर खारकीव में फिर धमाके सुनाई दिए। गौरतलब है कि रूसी सेना इस इलाके पर कब्जा करने की पूरी कोशिशों में है।

07:58 (IST) 28 Feb 2022
यूक्रेन के लिए अगले 24 घंटे अहम

यूक्रेन के आंतरिक मंत्रालय का दावा है कि रूसी हमले में यूक्रेन के 352 नागरिकों की जान गई है। जिसमें 14 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, अब तक 116 बच्चों समेत 1684 लोग जख्मी हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन को यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन के लिए अगले 24 घंटे बेहद अहम हैं।

07:50 (IST) 28 Feb 2022
यूक्रेन पर UNSC की बैठक में अमेरिकी प्रतिनिधि ने कहा-

अमेरिकी प्रतिनिधि ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस के परमाणु बलों को हाई अलर्ट पर रखा है। वे ऐसा तब कर रहे हैं जब वह बिना परमाणु हथियार वाले देश पर हमला कर रहे हैं और नाटो से कोई खतरा नहीं है।

इससे पहले रूस और यूक्रेन के बीच बेलारूस में सोमवार (28 फरवरी 2022) को बातचीत हुई। वार्ता के दूसरे दौर से पहले दोनों पक्षों के वार्ताकार परामर्श के लिए मास्को और कीव लौट गए। वहीं, यूक्रेन पर हमले के बाद रूस को कई तरह के प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन संकट पर UNGA का 11वां आपातकालीन विशेष सत्र हो चुका है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, “मानवीय सहायता महत्वपूर्ण है, यह कोई समाधान नहीं है, एकमात्र समाधान शांति के माध्यम से है। संयुक्त राष्ट्र यूक्रेन की मदद करना जारी रखेगा।”

इधर, हवाई यात्रा पर प्रतिबंध के जवाब में रूस ने 36 देशों की एयरलाइनों की उड़ानों को प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। इस बीच, यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी एक उच्च स्तरीय बैठक कर कर रहे हैं। एयर इंडिया का एक विशेष विमान सोमवार को 240 भारतीय छात्रों को लेकर दिल्ली पहुंचा। भारत पहुंचकर इन लोगों ने सरकार के इंतजामों को संतोजनक बताया। एयर इंडिया का विमान आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचा तो केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी वहां मौजूद थे। इन लोगों को हंगरी के रास्ते भारत लाया गया।

अब तक दोनों ओर से सैकड़ों सैनिकों की मौत हो चुकी है। साथ-साथ दर्जनों लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और टैक नष्ट हो चुके हैं। इसके अलावा रूस से लड़ने के लिए यूक्रेन अपने उन कैदियों को रिहा करने की तैयारी कर रहा है, जिसके पास युद्ध का अनुभव रहा हो। वहीं केंद्र सरकार भारतीय छात्रों को यूक्रेन से वापस स्वदेश लाने की पूरी ताकत झोंक रही है। ऐसे में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संकट पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह भारत के विशेष दूत के रूप में यूक्रेन के पड़ोसी देशों का दौरा करेंगे। इसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रोमानिया और मोल्दोवा, किरेन रिजिजू स्लोवाकिया, हरदीप सिंह पुरी हंगरी और जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह पोलैंड जाएंगे। ये सभी यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की वापसी का प्रबंधन करेंगे।