रूस ने यूक्रेन पर आक्रामक हमला जारी रखते हुए बर्दियांस्क व खेरसॉन शहरों पर कब्जा जमा लिया है। रूस की सेनाएं अंतरराष्ट्रीय दबाव को दरकिनार कर ताबड़तोड़ हमला जारी रखे हुए हैं। इस बीच रूस ने दावा किया है कि वह यूक्रेन के नागरिक सुविधाओं को बरकरार रखने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही है।
मॉस्को स्टॉक एक्सचेंज बुधवार को लगातार तीसरे दिन कारोबार के लिए नहीं खुला। रूसी सेंट्रल बैंक ने एक बयान में कहा कि इस सप्ताह पहली बार सीमित परिचालन की अनुमति दी जाएगी। संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य पश्चिमी सहयोगियों द्वारा देश की अधिकतर बैंकिंग प्रणाली पर प्रतिबंध लगाने के बाद से रूस वित्तीय मंदी की घोर दिक्कतों में घिरता जा रहा है।
वह सैकड़ों अरबों डॉलर के विदेशी भंडार को जमा करने के लिए हाथ-पांव मार रहा है। रूसी मुद्रा रूबल गिर गया है, और विदेशों में सूचीबद्ध रूसी कंपनियों के शेयर भी धराशायी हो रहे हैं। यूक्रेन पर हमले के बाद से कई पश्चिमी व्यवसायों ने रूस को छोड़ दिया है, जिसमें तेल की दिग्गज कंपनी बीपी, शेल और एक्सॉन मोबिल शामिल हैं।
दक्षिण कोरिया रूस पर अपने आर्थिक प्रतिबंधों के तहत सात प्रमुख रूसी बैंकों और उनके सहयोगियों के साथ वित्तीय लेनदेन पर रोक लगाएगा। देश के वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के साथ परामर्श के बाद प्रतिबंधों पर एक विस्तृत योजना जारी की। ये सात रूसी बैंक Sberbank, VEB, PSB, VTB, Otkritie, Sovcom और Novikom हैं। प्रतिबंध अमेरिका की छूट अवधि का पालन करेगा, और कृषि, कोविड -19 दवा और ऊर्जा सहायता जैसे असाधारण लेनदेन की अनुमति होगी।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में रूस की आक्रामकता का सामना करने और अमेरिकी मुद्रास्फीति को काबू करने का संकल्प किया। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के बीच बाइडन के इस भाषण के मायने और बढ़ गए हैं। राष्ट्रपति ने अपने भाषण की शुरुआत भी यूक्रेन संकट के मुद्दे से ही की। उन्होंने सदन के कक्ष में उपस्थित सांसदों से कहा कि वे खड़े होकर यूक्रेन के लोगों के जज्बे को सलाम करें। इसके बाद सभी सांसद खड़े हो गए।
बाइडन ने कहा, “अपने पूरे इतिहास में हमने यह सबक सीखा है कि जब तानाशाह को अपनी आक्रामकता की कीमत नहीं चुकानी पड़ती, तो वे और अधिक अराजकता फैलाने लगते हैं।” राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘पुतिन का युद्ध पूर्व नियोजित और अकारण है। उन्होंने कूटनीति के प्रयासों को खारिज कर दिया। उन्होंने सोचा था कि पश्चिमी देश और नाटो इसका जवाब नहीं देंगे। उन्हें लगा था कि वह हमारे घर में ही हमें बांट सकते हैं। पुतिन गलत थे। हम तैयार हैं।’’
रूसी सेना ने भीड़भाड़ वाले शहरी इलाकों में अपने तेज किए हमले, यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर के केंद्रीय चौक और कीव के मुख्य टीवी टॉवर पर बमबारी की, जिसे देश के राष्ट्रपति ने आतंकवाद का एक ज़बरदस्त अभियान कहा। इस बीच पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों, पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रजेज डूडा और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल समेत कई यूरोपीय नेताओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन में जारी युद्ध व इससे बिगड़ती मानवीय स्थिति पर चिंता प्रकट की।
यूक्रेन की सेना ने लोगों से कहा है कि वे किसी बाहरी लोगों से न घुलें-मिलें। रूस के राष्ट्रपति पुतिन के सैनिक यूक्रेनी वेशभूषा में स्थानीय लोगों से घुलने-मिलने और यहां के बारे में पता करने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेनी सेना ने इनसे सावधान रहने को कहा है। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति जो-बाइडेन ने यूक्रेन में आक्रमण के लिए पुतिन के पश्चिमी रवैए को गलत बताया है।
Russia Ukraine Crisis Live Updates: ब्रिटिश पेट्रोलियम ने रूस की ऊर्जा कंपनी से निवेश वापस लेने का ऐलान कर दिया है। अब Shell कंपनी ने भी अब निवेश वापस लेने की बात कही है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन हालात और वहां फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के बारे में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पूरी जानकारी दी है।
यूक्रेन पर लगातार हो रहे रूसी हमले के बीच यूएन के हाई कमिश्नर Filippo Grandi ने बताया कि युद्ध के चलते अब तक 50 हजार यूक्रेन के नागरिक पड़ोसी देशों में भाग चुके हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने बेलारूस को धमकी दी है कि उसे रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन का साथ देने की कीमत चुकानी पड़ेगी। बेलरूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको को कड़ी चेतावनी देते हुए नेड प्राइस ने कहा कि यूक्रेन पर हमले में रूस की मदद करना बंद कर दो वरना ये महंगा पड़ सकता है।
यूक्रेन पर रूस के हमले की वजह से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जमैका, सर्बिया, सेंट विंसेंट की तीन दिवसीय यात्रा को रद्द कर दिया है।
इंटरफैक्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, रूसी सैनिकों का अस्त्रखन प्रांत में जमावड़ा देखा गया है। यह प्रांत रूस के पूर्व में स्थित है। भौगोलिक दृष्टि से यह बेहद अहम प्रांत है, क्योंकि यह यूरोप और एशिया से दोनों से सटा है। खबर है कि रूसी सेना यहां पर ड्रिल करने वाली है।
ऑस्ट्रेलियन के पीएम स्कॉट मारॅरिसन ने यूक्रेन को 50 मिलियन डॉलर की सैन्य मदद देने के साथ ही रूस से लड़ने के लिए उसे मिसाइल देने का भी फैसला किया है। उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति ने हमसे सैन्य मदद मांगी थी और ठीक वैसा ही कर रहे हैं।
यूक्रेन से सटे बॉर्डर पर रोमानिया ने भारतीय छात्रों के लिए कैंप बनाए हैं, जिनमें उनकी सुविधा की हर चीज का खास ख्याल रखा गया है। भारतीय छात्रों ने इस सुविधा के लिए इंडियन एम्बेसी का धन्यवाद किया है।
कीव और खारकीव के बीच स्थित यूक्रेन के शहर ओखिरका में रूसी सेना के हमले में यूक्रेन के 70 सैनिक मारे गए हैं। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, रूसी सेना ने इस शहर में यूक्रेन आर्मी के बेस को निशाना बनाया था।
वर्ल्ड ताइक्वांडो ने यूक्रेन पर रूस के हमले के विरोध में रशियन प्रेजीडेंट व्लादीमिर पुतिन को दी गई मानद ब्लैक बेल्ट की उपाधि वापस लेने का फैसला किया है।
डिज्नी और वार्नर ब्रदर्स, हॉलीवुड के इन दो बड़े मूवी स्टूडियोज ने यूक्रेन पर हमले के विरोध में रशिया के सिनेमाघरों में अपनी कोई भी मूवी रिलीज न करने का फैसला लिया है। डिज्नी ने स्टेटमेंट जारी कर कहा कि भविष्य में वह क्या फैसला लेगा यह आने वाले घटनाक्रम पर निर्भर करेगा।
UN में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी. एस. तिरुमूर्ति ने बताया कि यूक्रेन में मानवीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, भारत सरकार ने दवाओं सहित तत्काल राहत आपूर्ति प्रदान करने का निर्णय लिया है। इन्हें यूक्रेन की जनता के लिए कल भेजा जाएगा।
UNHRC में वोटिंग के बाद यूक्रेन संकट पर इमरजेंसी मीटिंग बुलाने का लिया गया फैसला। 28 फरवरी को हुई इस मुद्दे पर वोटिंग से भारत दूर रहा।
#russiaukraineconflict: वहां पर बहुत बुरी हालत है, अभी भी काफी बच्चे वहां पर फंसे हुए हैं और हम उम्मीद कर रहें कि जैसे भारत सरकार ने हमारे लिए सब कुछ किया और वहां से सुरक्षित निकाला वैसे ही उन्हें भी सुरक्षित निकालें: यूक्रेन से आई भारतीय छात्रा निशी
रूसी फौज के कीव की तरफ आगे बढ़ने की खबरों के बीच कई बस्तियों में आग लगने की भी खबर सामने आई हैं। सैटेलाइट तस्वीरों में कई बस्तियां जलती हुई नजर आ रही हैं।
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने बताया कि आज (01 मार्च 2022) यूक्रेन से एक फ्लाइट 182 भारतीय छात्र को लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची है। मैंने सभी का स्वागत किया है। सभी यूक्रेन की परिस्थिति देखकर डरे हुए थे, मैंने सभी को तसल्ली दी कि आप सब सुरक्षित यहां पहुंच चुके हैं।
करीब 64 किलोमीटर लंबा रूसी आर्मी का काफिला यूक्रेन की राजधानी कीव के पास पहुंच चुका है और यह काफिला तेजी के साथ कीव की ओर बढ़ रहा है। रूसी सेना के काफिले के बारे में यह जानकारी सैटेलाइट इमेज के जरिए प्राप्त हुई है।
ब्रिटिश पेट्रोलियम ने रूस की ऊर्जा कंपनी से निवेश वापस लेने का ऐलान कर दिया है। अब Shell कंपनी ने भी अब निवेश वापस लेने की बात कही है।
यूक्रेन के विदेश मंत्री दमित्रो कुलेबा ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि उन्होंने इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस गुहार लगाई है, ताकि रूसी सेना के हमलों को जल्द से जल्द रोका जा सके।
यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर बुलाई गई UNSC की मीटिंग में भारत के अनुपस्थित रहने के सवाल पर अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट के अधिकारी से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमारे भारत के साथ बेहद करीबी रिश्ते हैं। हमार लगातार अपने इंडियन पार्टनर के साथ संपर्क में हैं और हर स्तर पर इस संबंध में हमारा भारत के साथ डिस्कशन हुआ है।
IIHF ने 2023 में IIHF वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप की मेजबानी का अधिकार भी रूस से वापस ले लिया है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि रोमानिया से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली नौंवीं फ्लाइट में 218 छात्र सवार हैं।
OperationGanga: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से छात्रों को लेकर नौंवी फ्लाइट रोमानिया से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गई है
इंटरनेशनल आइस हॉकी फेडरेशन काउंसिल (IIHF) ने रशियन और बेलारूस की नेशनल टीम और क्लबों को IIHF की सभी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी है। काउंसिल की ओर से इस संबंध में स्टेटमेंट जारी कर इस सस्पेंशन की जानकारी दी गई है।
यूक्रेन से बाहर निकाले गए आठ हजार भारतीय
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत पिछले 24 घंटो में यूक्रेन से अपने नागरिकों को निकालने के अपने प्रयासों में तेजी लाने में कामयाब रहा है। अब तक 8000 लोगों को बाहर निकाला गया है।
अमेरिका ने अपने नागरिकों को रूस छोड़ने को कहा
अमेरिका विदेश विभाग ने बताया है कि अमेरिका ने अपने नागरिकों को तुरंत रूस छोड़ने का आदेश दिया है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच ये आदेश दिया गया है।
यूक्रेन पर कब्जा करने की मास्को की कोई योजना नहीं: संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत
संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत ने कहा है कि यूक्रेन पर कब्जा करने की मास्को की कोई योजना नहीं है।
नाटो में शामिल होने के लिए एक्शन प्लान बनाया
संयुक्त राष्ट्र में रूसी राजदूत ने कहा, यूक्रेन और जॉर्जिया की ओर से नाटो में शामिल होने के लिए एक्शन प्लान बनाया जा रहा था। उनकी (अमेरिका) नीति रूस विरोधी यूक्रेन बनाने और यह सुनिश्चित करने की थी कि वह नाटो में शामिल हो जाए।
कीव के रिहायशी इलाके में रूस का बड़ा धमाका
कीव के रिहायशी इलाकों में रूस की ओर से बड़ा धमाका किया गया है। जानकारी के मुताबिक धमाका इतना बड़ा है कि इसके बाद लोग बंकर की तरफ भाग रहे हैं। ये धमाके बोवैरी और सोलेमैंका इलाके में किए गए हैं।
स्पुतनिक ने रूस के प्रतिनिधिमंडल प्रमुख के हवाले से बताया है कि रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच वार्ता का अगला दौर पोलिश-बेलारूसी सीमा पर होगा। आज पहले दौर की वार्ता दोनों देशों के बीच हुई है।
यूक्रेन में जारी संघर्ष के बीच ब्रिटेन सरकार ने अपने बंदरगाहों से रूसी जहाजों पर प्रतिबंध लगा दिया है। कई देश रूस के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई कर चुके हैं।
इससे पहले रूस और यूक्रेन के बीच बेलारूस में सोमवार (28 फरवरी 2022) को बातचीत हुई। वार्ता के दूसरे दौर से पहले दोनों पक्षों के वार्ताकार परामर्श के लिए मास्को और कीव लौट गए। वहीं, यूक्रेन पर हमले के बाद रूस को कई तरह के प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन संकट पर UNGA का 11वां आपातकालीन विशेष सत्र हो चुका है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, “मानवीय सहायता महत्वपूर्ण है, यह कोई समाधान नहीं है, एकमात्र समाधान शांति के माध्यम से है। संयुक्त राष्ट्र यूक्रेन की मदद करना जारी रखेगा।”
इधर, हवाई यात्रा पर प्रतिबंध के जवाब में रूस ने 36 देशों की एयरलाइनों की उड़ानों को प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। इस बीच, यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी एक उच्च स्तरीय बैठक कर कर रहे हैं। एयर इंडिया का एक विशेष विमान सोमवार को 240 भारतीय छात्रों को लेकर दिल्ली पहुंचा। भारत पहुंचकर इन लोगों ने सरकार के इंतजामों को संतोजनक बताया। एयर इंडिया का विमान आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचा तो केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी वहां मौजूद थे। इन लोगों को हंगरी के रास्ते भारत लाया गया।
अब तक दोनों ओर से सैकड़ों सैनिकों की मौत हो चुकी है। साथ-साथ दर्जनों लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और टैक नष्ट हो चुके हैं। इसके अलावा रूस से लड़ने के लिए यूक्रेन अपने उन कैदियों को रिहा करने की तैयारी कर रहा है, जिसके पास युद्ध का अनुभव रहा हो। वहीं केंद्र सरकार भारतीय छात्रों को यूक्रेन से वापस स्वदेश लाने की पूरी ताकत झोंक रही है। ऐसे में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संकट पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह भारत के विशेष दूत के रूप में यूक्रेन के पड़ोसी देशों का दौरा करेंगे। इसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रोमानिया और मोल्दोवा, किरेन रिजिजू स्लोवाकिया, हरदीप सिंह पुरी हंगरी और जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह पोलैंड जाएंगे। ये सभी यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की वापसी का प्रबंधन करेंगे।
