रूस ने यूक्रेन पर आक्रामक हमला जारी रखते हुए बर्दियांस्क व खेरसॉन शहरों पर कब्जा जमा लिया है। रूस की सेनाएं अंतरराष्ट्रीय दबाव को दरकिनार कर ताबड़तोड़ हमला जारी रखे हुए हैं। इस बीच रूस ने दावा किया है कि वह यूक्रेन के नागरिक सुविधाओं को बरकरार रखने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही है।

मॉस्को स्टॉक एक्सचेंज बुधवार को लगातार तीसरे दिन कारोबार के लिए नहीं खुला। रूसी सेंट्रल बैंक ने एक बयान में कहा कि इस सप्ताह पहली बार सीमित परिचालन की अनुमति दी जाएगी। संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य पश्चिमी सहयोगियों द्वारा देश की अधिकतर बैंकिंग प्रणाली पर प्रतिबंध लगाने के बाद से रूस वित्तीय मंदी की घोर दिक्कतों में घिरता जा रहा है।

वह सैकड़ों अरबों डॉलर के विदेशी भंडार को जमा करने के लिए हाथ-पांव मार रहा है। रूसी मुद्रा रूबल गिर गया है, और विदेशों में सूचीबद्ध रूसी कंपनियों के शेयर भी धराशायी हो रहे हैं। यूक्रेन पर हमले के बाद से कई पश्चिमी व्यवसायों ने रूस को छोड़ दिया है, जिसमें तेल की दिग्गज कंपनी बीपी, शेल और एक्सॉन मोबिल शामिल हैं।

दक्षिण कोरिया रूस पर अपने आर्थिक प्रतिबंधों के तहत सात प्रमुख रूसी बैंकों और उनके सहयोगियों के साथ वित्तीय लेनदेन पर रोक लगाएगा। देश के वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के साथ परामर्श के बाद प्रतिबंधों पर एक विस्तृत योजना जारी की। ये सात रूसी बैंक Sberbank, VEB, PSB, VTB, Otkritie, Sovcom और Novikom हैं। प्रतिबंध अमेरिका की छूट अवधि का पालन करेगा, और कृषि, कोविड -19 दवा और ऊर्जा सहायता जैसे असाधारण लेनदेन की अनुमति होगी।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में रूस की आक्रामकता का सामना करने और अमेरिकी मुद्रास्फीति को काबू करने का संकल्प किया। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के बीच बाइडन के इस भाषण के मायने और बढ़ गए हैं। राष्ट्रपति ने अपने भाषण की शुरुआत भी यूक्रेन संकट के मुद्दे से ही की। उन्होंने सदन के कक्ष में उपस्थित सांसदों से कहा कि वे खड़े होकर यूक्रेन के लोगों के जज्बे को सलाम करें। इसके बाद सभी सांसद खड़े हो गए।

बाइडन ने कहा, “अपने पूरे इतिहास में हमने यह सबक सीखा है कि जब तानाशाह को अपनी आक्रामकता की कीमत नहीं चुकानी पड़ती, तो वे और अधिक अराजकता फैलाने लगते हैं।” राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘पुतिन का युद्ध पूर्व नियोजित और अकारण है। उन्होंने कूटनीति के प्रयासों को खारिज कर दिया। उन्होंने सोचा था कि पश्चिमी देश और नाटो इसका जवाब नहीं देंगे। उन्हें लगा था कि वह हमारे घर में ही हमें बांट सकते हैं। पुतिन गलत थे। हम तैयार हैं।’’

रूसी सेना ने भीड़भाड़ वाले शहरी इलाकों में अपने तेज किए हमले, यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर के केंद्रीय चौक और कीव के मुख्य टीवी टॉवर पर बमबारी की, जिसे देश के राष्ट्रपति ने आतंकवाद का एक ज़बरदस्त अभियान कहा। इस बीच पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों, पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रजेज डूडा और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल समेत कई यूरोपीय नेताओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन में जारी युद्ध व इससे बिगड़ती मानवीय स्थिति पर चिंता प्रकट की।

यूक्रेन की सेना ने लोगों से कहा है कि वे किसी बाहरी लोगों से न घुलें-मिलें। रूस के राष्ट्रपति पुतिन के सैनिक यूक्रेनी वेशभूषा में स्थानीय लोगों से घुलने-मिलने और यहां के बारे में पता करने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेनी सेना ने इनसे सावधान रहने को कहा है। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति जो-बाइडेन ने यूक्रेन में आक्रमण के लिए पुतिन के पश्चिमी रवैए को गलत बताया है।

Live Updates

Russia Ukraine Crisis Live Updates: ब्रिटिश पेट्रोलियम ने रूस की ऊर्जा कंपनी से निवेश वापस लेने का ऐलान कर दिया है। अब Shell कंपनी ने भी अब निवेश वापस लेने की बात कही है।

18:09 (IST) 1 Mar 2022
भारतीय नागरिकों को लेकर विशेष फ्लाइट बुखारेस्ट से दिल्ली रवाना

भारतीय नागरिकों को लेकर ऑपरेशन गंगा की विशेष फ्लाइट रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई।

18:08 (IST) 1 Mar 2022
कुछ देर में पीएम मोदी करेंगे उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे यूक्रेन-रूस संकट पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

18:07 (IST) 1 Mar 2022
CM बसवराज बोम्मई ने कहा- पीएमओ से हुई है बात

कर्नाटक CM बसवराज बोम्मई ने कहा, प्रधानमंत्री कार्यालय में मेरी बात हुई है। हम शव को बरामद करने की हर संभव कोशिश करेंगे। युद्ध क्षेत्र होने के कारण यह बहुत मुश्किल है परन्तु मैंने विदेश मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रार्थना की है कि पार्थिव शरीर को वहां से जल्द निकाला जाए।

18:05 (IST) 1 Mar 2022
पीएम मोदी ने यूक्रेन में मारे गए भारतीय छात्र के पिता से बात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के खारकीव में आज सुबह गोलीबारी में मारे गए एक भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा के पिता से बात की।

17:18 (IST) 1 Mar 2022
खारकीव में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता

एनएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया, खारकीव में आज गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। गोलाबारी में बिगड़ते हालात गंभीर चिंता का विषय है। खारकीव में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।

17:16 (IST) 1 Mar 2022
CM बसवराज बोम्मई ने मृतक छात्र के पिता से बात की

कर्नाटक CMO की तरफ से जानकारी दी गई है कि हावेरी ज़िले के छात्र नवीन शेखरप्पा की यूक्रेन में मौत हो गई। CM बसवराज बोम्मई ने छात्र के पिता से बात की। नवीन का पार्थिव शरीर भारत वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। CM ने कहा कि इस मामले में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।

16:33 (IST) 1 Mar 2022
रूस को कोई माफ नहीं करेगा- यूक्रेन

यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि खारकीव के केंद्रीय चौराहे पर रूस की तरफ से एक रॉकेट लॉन्च करना स्पष्ट और निर्विवाद आतंक है। इसके बाद रूस एक आतंकवादी राज्य बन गया। उसे कोई माफ नहीं करेगा। कोई नहीं भूलेगा।

16:02 (IST) 1 Mar 2022
प्रतिबंधों के कारण रूस की अर्थव्यवस्था चरमरा जाएगी- फ्रांस

फ्रांस ने दावा किया है कि पश्चिमी देशों के प्रतिबंध के कारण रूस की अर्थव्यवस्था गिर जाएगी। फ्रांस का कहना है कि मास्को के खिलाफ पश्चिमी प्रतिबंधों से रूसी अर्थव्यवस्था चरमरा जाएगी।

15:44 (IST) 1 Mar 2022
यूक्रेन के पास सोवियत परमाणु तकनीक- रूस

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कहना है कि यूक्रेन के पास अभी भी सोवियत परमाणु तकनीक है। रूस इस खतरे से निपटने के लिए जवाब दे सकता है।

15:42 (IST) 1 Mar 2022
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू स्लोवाकिया रवाना

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने स्लोवाकिया के लिए रवाना होने से पहले कहा कि हम स्लोवाकिया में रेस्कयू अभियान का कोऑर्डिनेट करेंगे और यूक्रेन से आने वाले हमारे छात्रों के लिए वीजा के संबंध में उनकी सरकार से सहयोग मांगेंगे। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता उन्हें सुरक्षित वापस लाना होगा।

15:29 (IST) 1 Mar 2022
अमेरिका, यूरोप से अपने परमाणु हथियार हटाए- रूस

स्पेक्टेटर इंडेक्स के मुताबिक, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अमेरिका से यूरोप से अपने परमाणु हथियार हटाने को कहा है। लावरोव ने यह भी कहा कि यूक्रेन में सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक 'उद्देश्य पूरे नहीं हो जाते'।

15:19 (IST) 1 Mar 2022
खार्किव में गोलाबारी में भारतीय छात्र की मौत- विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि

यूक्रेन के खार्किव क्षेत्र में गोलाबारी के कारण एक भारतीय छात्र की मौत हो गई, विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इसकी पुष्टि भी कर दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा- “गंभीर दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खार्किव में गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई। मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है। हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”

डिटेल खबर पढ़ें यहां…

15:16 (IST) 1 Mar 2022
रूस के अभियान में शामिल होने की कोई योजना नहीं: बेलारूस के राष्ट्रपति

बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने कहा है कि यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान में शामिल होने की बेलारूस की कोई योजना नहीं है। बेलारूसी राज्य समाचार एजेंसी बेल्टा ने बताया कि लुकाशेंको ने कीव के आरोपों का खंडन किया कि रूसी सैनिक बेलारूस के क्षेत्र से यूक्रेन पर हमला कर रहे थे।

15:15 (IST) 1 Mar 2022
यूक्रेन, अमेरिका की वजह से संकट का शिकार हुआ- ईरान

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन “संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा बनाए गए संकटों का शिकार” हुआ है। ईरान के शीर्ष नेता ने यह भी कहा कि उनका देश यूक्रेन में युद्ध की समाप्ति का समर्थन करता है, लेकिन संघर्ष की जड़ों को स्वीकार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन संकट यह दर्शाता है कि अमेरिका पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।

15:13 (IST) 1 Mar 2022
ब्रिटेन ने रूसी बैंक के खिलाफ प्रतिबंध लगाए

ब्रिटेन ने रूस के र्बैंकों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। यूक्रेन के साथ रूस की जंग के बाद यूके ने यह कदम उठाया है।

15:04 (IST) 1 Mar 2022
यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की आज यूरोपीय संसद को संबोधित करेंगे: रिपोर्ट

यूक्रेनी मीडिया के अनुसार यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की मंगलवार को यूरोपीय संसद को संबोधित करेंगे। एक दिन पहले ही यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यूरोपीय संघ की सदस्यता की मांग की थी।

14:51 (IST) 1 Mar 2022
यूक्रेन के मारियुपोल बंदरगाह पर लगातार हो रही गोलाबारी : मेयर

यूक्रेन के मारियुपोल शहर के मेयर ने मंगलवार सुबह कहा कि दक्षिणी बंदरगाह पर रूसी लगातार गोलीबारी कर रही है। रूस के हमले में कई नागरिकों की मौत हो गई है। विस्फोटों से शहर के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।

14:42 (IST) 1 Mar 2022
बम विस्फोट में एक बच्चे सहित 6 घायल

यूक्रेन के खार्किव में रूस के हमले में एक बच्चे सहित छह लोग घायल हो गए हैं। यह हमला शहर के क्षेत्रीय राज्य प्रशासन भवन के पास हुआ है।

14:33 (IST) 1 Mar 2022
Google ने रूसी मीडिया के YouTube चैनलों को ब्लॉक किया

गूगल ने रूसी मीडिया RT और Sputnik के YouTube चैनलों को ब्लॉक करने का फैसला किया है। रूसी मीडिया पर यह कार्रवाई यूक्रेन पर रूस के हमले के कारण की गई है।

14:29 (IST) 1 Mar 2022
सरकार फंसे हुए भारतीय को लाने के लिए प्रतिबद्ध- केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने कहा है कि सरकार वहां फंसे हर भारतीय को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए चार मंत्रियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों को जो भी सहायता की आवश्यकता होगी, वह प्रदान की जाएगी।

14:04 (IST) 1 Mar 2022
200 रूसी सैनिकों को पकड़ा- यूक्रेन का दावा

यूक्रेन ने दावा किया है कि उसके सैनिकों ने रूस के 29 लड़ाकू विमानों को नष्ट कर दिया है। वहीं करीब 200 रूसी सैनिकों को पकड़ा गया है।

एक फेसबुक पोस्ट में यूक्रेन ने कुछ इस तरह से रूसी नुकसान को बताया है।

विमान – 29

हेलीकाप्टर – 29

टैंक – 198

बख्तरबंद वाहन – 846

वाहन – 305

आर्टिलरी सिस्टम – 77

एयर डिफेंस – 7

बोट – 2

सेना का नुकसान (घायल और मारे गए दोनों) – 5,710

गिरफ्तार सेना के जवान – 200

14:00 (IST) 1 Mar 2022
खार्किव में भारी गोलीबारी

यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव के गवर्नर ओलेग सिनेगुबोव ने कहा है कि खार्किव में रूसी सेनाओं ने आगे बढ़ाकर गोलाबारी की है। गवर्नर का कहना है कि रूसी सैनिकों की गोलियों के निशाने पर अब आम लोग भी आ रहे हैं।

13:35 (IST) 1 Mar 2022
कीव पर रूस के मिसाइलों से बरपाया कहर

रूसी सेना अब यूक्रेन की राजधानी कीव पर अब मिसाइलों से हमले करने लगी है। यूक्रेन की मीडिया के अनुसार एक मिसाइल विस्फोट खार्किव ओब्लास्ट सरकार के मुख्यालय के ठीक सामने हुआ।

13:33 (IST) 1 Mar 2022
जंग में रूस की धीमी प्रगति- यूके खुफिया एजेंसी

ब्रिटिश सैन्य खुफिया एजेंसी ने दावा किया है कि यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की प्रगति काफी कम रही है। बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटों में रूसी सेना रसद संबंधी कठिनाइयों का सामना कर रही है। वहीं रूसी सेना ने कीव के उत्तर में टैंकों का उपयोग बढ़ा दिया है।

13:27 (IST) 1 Mar 2022
स्विट्जरलैंड के जहाजों के लिए रूस ने बंद किया एयरस्पेस

स्विट्जरलैंड के जहाजों के लिए रूस ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। रूस की यह कार्रवाई स्विट्जरलैंड के उस फैसले का जवाब मानी जा रही है, जिसमें इसने भी रूस के जहाजों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था।

12:55 (IST) 1 Mar 2022
यूक्रेन और रूस के बीच निर्णायक मोड़ पर पहुंचने जा रही जंग

कीव में भीषण संग्राम होने के आसार नजर आ रहे हैं। रूसी सेना बढ़ा रही कीव की ओर तेजी से कदम, यहां पढ़ें पूरी खबर

12:20 (IST) 1 Mar 2022

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी करते हुए सभी भारतीयों को तुरंत कीव छोड़ने को कहा है। अगर ट्रेन मिले तो ट्रेन या जैसे भी कीव से जितना जल्‍दी हो सके, निकल जाएं। जानकारी के मुताबिक, रूसी सेना का बड़ा लश्‍कर कीव की ओर बढ़ रहा है। यूक्रेन की राजधानी में भीषण जंग छिड़ने के आसार नजर आ रहे हैं।

11:56 (IST) 1 Mar 2022

बेलारूस में 28 फरवरी 2022 को यूक्रेन और रूस के बीच हुई शांति वार्ता असफल रहने के बाद कजाखस्‍तान ने शांति वार्ता आयोजित कराने का ऑफर दिया है।

11:53 (IST) 1 Mar 2022

यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर रशियन विपक्षी नेता एलेक्‍सेई नवाल्‍नी ने पुतिन की कड़ी आलोचना की है। उन्‍होंने कहा कि पुतिन हमले के अपने फैसले को इस तरह पेश कर रहे हैं जैसे पूरा देश इस हमले से सहमत है, जबकि ऐसा नहीं है। यह हमला सही नहीं है। हम इसका समर्थन नहीं करते हैं। नवाल्‍नी इस समय जेल में हैं और उन्‍होंने रूसी नागरिकों से अपील की है कि वे इस मामले चुप न रहें और खुलकर पुतिन के हमले के फैसले का विरोध करें।

11:16 (IST) 1 Mar 2022

यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्‍की की उस अपील को मानने से इनकार कर दिया है, जिसमें उन्‍होंने नो फ्लाई जोन बनाने की मांग की थी, जिससे रूस के हमलों को रोका जा सके। इस पर अमेरिका ने कहा कि वह ऐसे किसी भी कदम के बारे में विचार नहीं कर रहा है।

इससे पहले रूस और यूक्रेन के बीच बेलारूस में सोमवार (28 फरवरी 2022) को बातचीत हुई। वार्ता के दूसरे दौर से पहले दोनों पक्षों के वार्ताकार परामर्श के लिए मास्को और कीव लौट गए। वहीं, यूक्रेन पर हमले के बाद रूस को कई तरह के प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन संकट पर UNGA का 11वां आपातकालीन विशेष सत्र हो चुका है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, “मानवीय सहायता महत्वपूर्ण है, यह कोई समाधान नहीं है, एकमात्र समाधान शांति के माध्यम से है। संयुक्त राष्ट्र यूक्रेन की मदद करना जारी रखेगा।”

इधर, हवाई यात्रा पर प्रतिबंध के जवाब में रूस ने 36 देशों की एयरलाइनों की उड़ानों को प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। इस बीच, यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी एक उच्च स्तरीय बैठक कर कर रहे हैं। एयर इंडिया का एक विशेष विमान सोमवार को 240 भारतीय छात्रों को लेकर दिल्ली पहुंचा। भारत पहुंचकर इन लोगों ने सरकार के इंतजामों को संतोजनक बताया। एयर इंडिया का विमान आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचा तो केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी वहां मौजूद थे। इन लोगों को हंगरी के रास्ते भारत लाया गया।

अब तक दोनों ओर से सैकड़ों सैनिकों की मौत हो चुकी है। साथ-साथ दर्जनों लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और टैक नष्ट हो चुके हैं। इसके अलावा रूस से लड़ने के लिए यूक्रेन अपने उन कैदियों को रिहा करने की तैयारी कर रहा है, जिसके पास युद्ध का अनुभव रहा हो। वहीं केंद्र सरकार भारतीय छात्रों को यूक्रेन से वापस स्वदेश लाने की पूरी ताकत झोंक रही है। ऐसे में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संकट पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह भारत के विशेष दूत के रूप में यूक्रेन के पड़ोसी देशों का दौरा करेंगे। इसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रोमानिया और मोल्दोवा, किरेन रिजिजू स्लोवाकिया, हरदीप सिंह पुरी हंगरी और जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह पोलैंड जाएंगे। ये सभी यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की वापसी का प्रबंधन करेंगे।