Russia Ukraine Crisis: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने रक्षा प्रमुखों को देश की न्यूक्लियर डेटरेंट फोर्स को हाईअलर्ट पर रखने का आदेश दिया है। उन्होंने पश्चिमी देशों पर आरोप लगाया है कि वो रूस के साथ ‘अनफ्रेंडली’ कदम उठा सकते हैं।

वहीं यूक्रेन ने दावा किया है उसने रूस की सेना से वापस अपने महत्वपूर्ण शहर खार्किव को ले लिया है। वहां यूक्रेनी सेना का पूर्ण नियंत्रण हो गया है। वहीं रूस के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए यूक्रेन के लोग विदेशों से अपने घरों को लौट रहे हैं, ताकि वो अपने देश की सेना का मदद कर सकें। इसेस पहले यूक्रेन ने दावा किया था कि रूस ने अबतक की लड़ाई में 4300 लोगों को खो दिया है। साथ ही दर्जनों टैंक, हेलीकॉप्टर भी रूस के नष्ट हो गए हैं। हालांकि इन आंकड़ों को लेकर अभी रूस की तरफ से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

वहीं यूक्रेन को बमबारी और अपने हमलों से लगातार चार दिनों तक दहलाने के बाद रूस अब वार्ता के लिए तैयार हो गया है। रूसी मीडिया के हवाले से कुछ खबरों में बताया गया कि पुतिन बेलारूस में यूक्रेन से बातचीत को रेडी हैं। उन्होंने इसके लिए एक प्रतिनिधिमंडल भी भेजा है। हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि वह बातचीत को राजी हैं, पर बेलारूस में नहीं। इससे पहले, रविवार को यूक्रेन के अफसर के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि रूसी सेना वहां के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में दाखिल हुई, जबकि सड़कों पर घमासान जारी है।

संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने यूक्रेन में चल रही लड़ाई में कम से कम 240 आम नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है जिनमें से कम से कम 64 लोगों की मौत बृहस्पतिवार को हुई। हालांकि, उसका मानना है कि ‘‘वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है’’ क्योंकि मारे गए लोगों की कई खबरों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। यूएन के मानवीय मामलों के समन्वय के लिए बने कार्यालय (ओसीएचए) ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय से शनिवार देर रात आंकड़ा जारी किया। यह कार्यालय किसी संघर्ष में मारे गए लोगों की पुष्टि के लिए सख्त सत्यापन प्रक्रियाओं का पालन करता है।

ओसीएचए ने यह भी कहा कि असैन्य ढांचों को नुकसान पहुंचने से हजारों लोग बिजली या पानी की सुविधाओं से वंचित हो गए हैं और इससे यूक्रेन में खासतौर से उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में मानवीय संकट की स्थिति पैदा हो गयी है। इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि रूस की सेना ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में एक गैस पाइपलाइन बम धमाके से उड़ा दी। ‘स्टेट सर्विस ऑफ स्पेशल कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन प्रोटेक्शन’ ने आगाह किया कि इस विस्फोट से ‘‘पर्यावरणीय आपदा’’ आ सकती है और उन्होंने निवासियों को सलाह दी कि वे अपनी खिड़कियों को गीले कपड़ों से ढक दें और काफी तरल पदार्थ पीएं।

उसने बताया कि यह विस्फोट मशरूम के बादल की तरह लग रहा था। यूक्रेन की शीर्ष अभियोजक इरिना वेनेदिकतोवा ने कहा कि रूसी सेना खारकीव पर कब्जा नहीं कर पाई है और वहां भीषण लड़ाई चल रही है। करीब 15 लाख लोगों की आबादी वाला यह शहर रूसी सीमा से 40 किलोमीटर की दूरी पर है। हालांकि, इस बीच यूक्रेन का दावा है कि उसने एक रूसी टुकड़ी को तबाह कर दिया है। बता दें कि रूस और यूक्रेन की जंग का आज (27 फरवरी, 2022) चौथा दिन है। यूक्रेन की राजधानी में दोनों मुल्कों के बीच संघर्ष फिलहाल तेज ही है। कीव के करीब तक रूसी सैनिकों की आमद और बाहरी इलाके में झड़पों के बीच वहां के निवासियों ने शनिवार को बेसमेंट्स, सबवे और बंकर में एक और रात बिताने की तैयारी कर ली।

वहीं, दूसरी ओर यूक्रेन के नेता ने दावा किया कि देश की सेनाओं ने रूसी हमलों का मुकाबला किया है और संघर्ष जारी रखने की शपथ ली है और दुनिया के देशों से और अधिक मदद देने की अपील की। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने वहां से निकल जाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया। साथ ही जोर दिया कि वह राजधानी में ही रुकेंगे। एक वीडियो संदेश में जेलेंस्की ने रूस पर अवसंरचनाओं और नागरिकों को निशाने बनाने का आरोप लगाया और कहा, ‘‘यहां जंग जारी है और हम जीतेंगे।’’

हालांकि, कीव के मध्य क्षेत्र में शनिवार को शांति रही। हालांकि छिटपुट गोलियों की आवाज सुनी गई। दो दिनों के घमासान के बाद हुई झड़पों में सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं और पुलों, विद्यालयों और अपार्टमेंट की इमारतों को भारी नुकसान हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना ​​​​है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने और इसे अपने शासन के अधीन करने को दृढ़ हैं।

Live Updates

रूसी हमले के बीच संकट में यूक्रेन में अब कैसे हैं हालात? यहां जानें पल पल के LIVE Updates:

20:37 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेनी सेना जीतेगी- ज़ेलिंस्की

द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलिंस्की ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि यूक्रेन की सेना जीतेगी। उन्होंने कहा- “हमारी सेना, हमारे राष्ट्रीय रक्षक, हमारी राष्ट्रीय पुलिस, हमारे क्षेत्र की रक्षा, विशेष सेवा, यूक्रेन के नागरिक, कृपया आगे बढ़ें। हम जीतेंगे”।

20:16 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन से 219 यात्री पहुंचे भारत

यूक्रेन से 219 यात्रियों को लेकर पहली फ्लाइट महाराष्ट्र के मुंबई में उतरी है। विमान ने आज दोपहर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी।

20:02 (IST) 26 Feb 2022
तुर्की रूसी युद्धपोतों पर प्रतिबंध लगाएगा- ज़ेलेंस्की

गार्जियन के अनुसार यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि तुर्की, डार्डानेल्स और बोस्फोरस जलडमरूमध्य से गुजरने वाले रूस के युद्धपोतों को रोकने का वादा किया है। ये काला सागर को भूमध्य सागर से जोड़ता है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने एक ट्वीट में कहा कि देश ने यूक्रेन के लिए सैन्य और मानवीय सहायता का वादा किया है।

19:25 (IST) 26 Feb 2022
रूसी दूतावास ने भारत की सराहना की

भारत स्थित रूसी दूतावास ने कहा है कि 25 फरवरी को यूएनएससी में मतदान में भारत की स्वतंत्र और संतुलित स्थिति की रूस अत्यधिक सराहना करता है। रूस की ओर से कहा गया कि विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी की भावना में, रूस यूक्रेन के आसपास की स्थिति पर भारत के साथ घनिष्ठ संवाद बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

19:03 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी से की बात

यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि उन्होंने पीएम मोदी से बात की है और भारत से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उन्हें राजनीतिक समर्थन देने का आग्रह किया है।

18:44 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन से निकल रही शरणार्थी की भीड़

रूस के यूक्रेन के आक्रमण से भागे शरणार्थियों ने शनिवार को यूक्रेन की पश्चिमी सीमाओं को पार करना जारी रखा है। दो दिनों में लगभग 100,000 लोग पोलैंड पहुंचे हैं।

18:11 (IST) 26 Feb 2022
भारतीय छात्रों को यूक्रेन से निकालने का कार्य जारी

हंगरी में भारत के दूतावास ने भारतीयों को यूक्रेन से हंगरी के रास्ते निकलने की सलाह जारी की है। वहीं भारतीय छात्रों का एक और जत्था ज़ाहोनी क्रॉसिंग पर यूक्रेन की ओर से हंगरी में प्रवेश कर गया है। ये जत्था आज एयर इंडिया की उड़ान से भारत लौटने के लिए बुडापेस्ट की यात्रा पर है।

17:53 (IST) 26 Feb 2022
रूसी हमले के बीच कीव के मेयर ने लगाया कर्फ्यू

यूक्रेन की राजधानी के मेयर ने कीव शहर में रूसी सैनिकों के दबाव के कारण कर्फ्यू की घोषणा की है। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर कहा कि वह शाम 5 बजे से चलने वाले कर्फ्यू के घंटे बढ़ा रहे हैं।

17:07 (IST) 26 Feb 2022
रूस ने जब्त जहाज पर फ्रांस से मांगा स्पष्टीकरण

फ्रांस में रूसी दूतावास ने एक रूसी मालवाहक जहाज की जब्ती पर फ्रांसीसी अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। रूस की आरआईए समाचार एजेंसी ने शनिवार को दूतावास के हवाले से ये जानकारी दी।

17:04 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन ने रूस की हमले की योजना को असफल कर दिया है- राष्ट्रपति

समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने रूस की हमले की योजना को असफल कर दिया है। इसके अलावा, उन्होंने रूसी लोगों से पुतिन पर युद्ध रोकने का दबाव बनाने का भी आग्रह किया है।

16:47 (IST) 26 Feb 2022
रूसी सेना ने दक्षिणपूर्वी शहर मेलिटोपोल पर किया कब्जा

रूसी सेना ने शनिवार को तीसरे दिन भी तोपों और क्रूज मिसाइलों से राजधानी कीव सहित यूक्रेन के शहरों पर हमला किया। रूस की इंटरफैक्स समाचार एजेंसी ने कहा कि सेना ने दक्षिणपूर्वी शहर मेलिटोपोल पर कब्जा कर लिया है।

16:37 (IST) 26 Feb 2022
कीव शहर के मध्य से 30 किलोमीटर दूसर रूसी सेना

ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि रूसी सेना ने कीव पर अपनी बढ़त को जारी रखा है। रूस की सेना अब शहर के केंद्र से 30 किमी दूर है। यूक्रेन के सशस्त्र बलों, रूसी सेना के साथ जबरदस्त लड़ाई लड़ रहे हैं।

16:19 (IST) 26 Feb 2022
युद्ध को रोकने की जरूरच- यूक्रेनी राष्ट्रपति

यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि कीव और शहर के प्रमुख बिंदुओं पर यूक्रेन का ही नियंत्रण हैं। उन्होंने कहा- “जो लोग आकर हमारी मदद करना चाहते हैं, हम उनको हथियार देंगे। हमें इस युद्ध को रोकने की जरूरत है, हम शांति से रह सकते हैं”।

15:59 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन में इंटरनेट बाधित

रॉयटर्स के अनुसार नेटब्लॉक्स ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन में इंटरनेट कनेक्टिविटी रूसी आक्रमण से बुरी तरह प्रभावित हुई है, विशेष रूप से देश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में जहां भीषण लड़ाई जारी है।

15:57 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन ने 9000 लोग पहुंचे पोलैंड

यूक्रेन और रूस के बीच जारी लडा़ई के बाद यूक्रेन से लोगों का पलायन जारी है। रॉयर्टस के अनुसार पोलैंड के उप आंतरिक मंत्री ने जानकारी दी है कि शनिवार को सुबह 7 बजे से 9,000 लोग यूक्रेन से पोलैंड में प्रवेश कर चुके हैं।

15:21 (IST) 26 Feb 2022
रूस के हमले में 198 लोग मरे, 1000 से अधिक घायल, यूक्रेनी स्वास्थ्य मंत्री का दावा

यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि रूसी हमले में 198 लोग मारे गए हैं और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको ने शनिवार को बताया कि मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि हताहत होने वालों में सैन्य और नागरिक दोनों शामिल हैं या नहीं।

15:02 (IST) 26 Feb 2022
अमेरिका ने यूक्रेन के लिए 350 मिलियन डॉलर की सैन्य सहायता को दी मंजूरी

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिकी विदेश विभाग को यूक्रेन को सैन्य सहायता के लिए 350 मिलियन डॉलर जारी करने का निर्देश दिया है। विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन को बाइडेन ने निर्देश दिया कि विदेशी सहायता अधिनियम के तहत 350 मिलियन डॉलर यूक्रेन को आवंटित किया जाए।

14:43 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन से निकाले गए 219 भारतीय रोमानिया से मुंबई के लिए हुए रवाना

विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने कहा है कि यूक्रेन से निकाले गए 219 भारतीयों के साथ पहली उड़ान रोमानिया से मुंबई के लिए रवाना हुई। विदेश मंत्री ने बताया कि हमारी टीमें 24 घंटे ज़मीन पर काम कर रही हैं। मैं खुद व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहा हूं।

14:30 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन: कीव की एक ऊंची बिल्डिंग से टकराया मिसाइल, कोई हताहत नहीं, देखें वीडियो

समाचार एजेंसी रायटर्स की रिपोर्ट के अनुसार कीव शहर की एक ऊंची इमारत में सुबह एक मिसाइल टकरा गया। हालांकि इस दुर्घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

14:18 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन: राजधानी कीव में रात भर हुई लड़ाई में 2 बच्चों सहित 35 लोग घायल

कीव शहर के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने शनिवार सुबह को जानकारी देते हुए बताया कि कीव में रात भर की लड़ाई में दर्जनों लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि दो बच्चों सहित 35 लोग घायल हो गए। क्लिट्स्को ने कहा कि मौजूदा समय में कीव में कोई बड़ी रूसी सैन्य उपस्थिति नहीं है लेकिन तोड़ फोड़ करने वाले अराजक समूह मौजूद हैं।

14:09 (IST) 26 Feb 2022
मास्को छोड़ने के बाद लातिविया में शिफ्ट हुआ यूक्रेन का दूतावास

लातवियाई विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार मास्को स्थित यूक्रेन के दूतावास ने रूस छोड़ने का फैसला किया है। अब यूक्रेन दूतावास लातविया में शिफ्ट कर रहा है। लातवियाई विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जेनिस बेकरिस ने रॉयटर्स को बताया कि यूक्रेन दूतावास के अनुरोध के बाद हम उन्हें इस प्रक्रिया में सहायता कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि क्या दूतावास के कर्मचारी पहले ही लातविया पहुंच चुके हैं।

13:29 (IST) 26 Feb 2022
कीव में सड़कों पर घमासान शुरू, लोगों से शरण लेने की अपील

रूसी सैनिकों ने शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव में प्रवेश किया और सड़कों पर घमासान शुरू हो गया है, जबकि स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से छुप जाने की अपील की है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने वहां से निकल जाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया है तथा जोर देकर कहा है कि वह राजधानी में ही रुकेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यहां जंग जारी है।’’

दो दिनों के घमासान के बाद हुई झड़पों में सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं और पुलों, विद्यालयों और अपार्टमेंट की इमारतों को भारी नुकसान हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना ​​​​है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने और इसे अपने शासन के अधीन करने को कृतसंकल्प हैं। यह हमला दुनिया का नया नक्शा खींचने और मॉस्को के शीत युद्ध काल के प्रभाव को पुनर्जीवित करने के लिए पुतिन के सबसे साहसिक प्रयास का प्रतिनिधित्व करता है।

इसके परिणामस्वरूप, इस आक्रमण को समाप्त करने के लिए नए अंतरराष्ट्रीय प्रयास शुरू हुए हैं, जिनमें पुतिन पर सीधे तौर पर प्रतिबंध भी शामिल हैं। विस्फोटों और बंदूकों की आवाज से दहल रहे कीव का भविष्य अधर में है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदोमीर जालेंस्की ने संघर्षविराम की अपील की तथा अपने हताश बयान में चेतवानी दी कि देश के कई शहरों पर हमले किये जा रहे हैं।

13:06 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन में उत्तराखंड के 150 से अधिक लोग फंसे

उत्तराखंड के 150 से अधिक लोग यूक्रेन में फंसे हुए हैं, जिनमें ज्यादातर छात्र हैं। अकेले देहरादून के ही 39 लोग युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे हुए हैं। राज्य के गृह विभाग के अपर सचिव ऋद्धिम अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार हरिद्वार से 26, नैनीताल से 22, ऊधमसिंह नगर से 20, पौड़ी से 13, टिहरी से 10, उत्तरकाशी से सात, रुद्रप्रयाग से पांच, चंपावत से चार, पिथौरागढ़ और चमोली से दो-दो जबकि अल्मोड़ा का एक व्यक्ति यूक्रेन में फंसा हुआ है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में शुक्रवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बात की थी। डोभाल ने यूक्रेन में फंसे हुए उत्तराखंड के लोगों को सुरक्षित निकालने का आश्वासन दिया था। धामी ने मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की और उन्हें यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के छात्रों समेत अन्य लोगों के माता-पिता और अभिभावकों के साथ लगातार संपर्क में रहने को कहा।

11:23 (IST) 26 Feb 2022
यूक्रेन से लौटने वाले नागरिकों की यात्रा का खर्च उठाएगी बिहार सरकार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार युद्धग्रस्त यूक्रेन से निकालकर भारत लाए जाने वाले राज्य के लोगों की यात्रा का खर्च उठाएगी। इन लोगों के शनिवार को भारत पहुंचने की उम्मीद है।

कुमार ने शुक्रवार देर रात को इस संबंध में घोषणा की। उन्होंने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने पर केंद्र का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें मालूम चला है कि ऐसी प्रत्येक उड़ान दिल्ली और मुंबई पहुंचेगी तथा राज्य सरकार बिहार के लोगों की यात्रा का खर्च वहन करेगी।

राज्य के विभिन्न हिस्सों से खबरें आ रही हैं कि माता-पिता यूक्रेन से अपने बच्चों की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

11:01 (IST) 26 Feb 2022
मार गिराया गया रूसी सैन्य परिवहन विमान

रूस के दूसरे इल्युशीन 1आई-76 सैन्य परिवहन विमान को बिला सेरकवा के निकट मार गिराया गया। यह स्थान राजधानी कीव से 85 किलोमीटर दक्षिण में है। यूक्रेन में जमीनी हकीकत पर निगाह रखने वाले दो अमेरिकी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को यूक्रेन की सेना ने कहा था कि उसने रूस के सैन्य परिवहन विमान को मार गिराया है।

सेना के जनरल स्टॉफ की ओर से जारी बयान के अनुसार पहले 1आई-76 भारी परिवहन विमान को कीव के दक्षिण में स्थित शहर वासेकीव के निकट मार गिराया गया। रूस की सेना ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है और खबर की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।

11:00 (IST) 26 Feb 2022
जेलेंस्की ने कीव छोड़ने के अमेरिका के प्रस्ताव को खारिज किया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को अमेरिकी सरकार ने राजधानी कीव से निकलने को कहा था, लेकिन जेलेंस्की ने इससे इनकार कर दिया। अमेरिका के खुफिया विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा,‘‘ यहां युद्ध चल रहा है। मुझे गोला बारूद चाहिए, यात्रा नहीं।’’ अधिकारी ने जेलेंस्की को जोशीला व्यक्ति बताया।

10:35 (IST) 26 Feb 2022
अमेरिका ने पुतिन, रूसी विदेश मंत्री लावरोव पर प्रतिबंध लगाए

अमेरिका ने एक असाधारण कदम उठाते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव पर प्रतिबंध लगाए और उन्हें यूक्रेन पर ‘‘बिना उकसावे के और गैरकानूनी रूप से’’ हमला करने के लिए ‘‘सीधे तौर पर जिम्मेदार’’ ठहराया। अमेरिका के वित्त विभाग ने एक बयान में कहा कि अमेरिका के ये ताजा प्रतिबंध उन कार्रवाइयों से संबद्ध हैं जिसके तहत अमेरिका और उसके साझेदारों ने इस सप्ताह मॉस्को के सबसे बड़े वित्तीय संस्थानों के खिलाफ प्रतिबंधों समेत रूस की वित्तीय प्रणाली के अहम ढांचे को निशाना बनाया था।

शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार, अमेरिका ने अपने सहयोगियों तथा साझेदारों के साथ मिलकर पुतिन तथा लावरोव पर प्रतिबंध लगाकर यूक्रेन पर रूस द्वारा ‘‘अनुचित, बिना उकसावे के और पूर्व नियोजित’’ हमले की बलपूर्वक प्रतिक्रिया देना जारी रखा है। रूस की सुरक्षा परिषद के अन्य सदस्यों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि पुतिन और लावरोव ‘‘लोकतांत्रिक रूप से संप्रभु देश यूक्रेन पर रूस द्वारा बिना उकसावे के और गैरकानूनी तरीके से हमला करने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार’’ हैं।

10:10 (IST) 26 Feb 2022
रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन में पलायन

यूक्रेन के हजारों लोग देश पर रूस के आक्रमण के बाद पलायन कर रहे हैं और सुरक्षित स्थान की तलाश में पश्चिमी सीमा से लगे देशों में प्रवेश कर रहे हैं। कुछ बॉर्डर क्रॉसिंग पर कई किमी तक कारों की कतार लगी हुई है। पोलैंड, स्लोवाकिया, हंगरी, रोमानिया और मोलदोवा में अधिकारी उनकी अगवानी करने के लिए तैयार हैं। वे यूक्रेन के लोगों को आश्रय, भोजन और कानूनी मदद उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने सीमा पर होने वाली सामान्य प्रक्रिया में भी ढील दे दी है। कोविड जांच कराने से भी छूट दी गई है।

09:49 (IST) 26 Feb 2022
पुतिन, लावरोव की संपत्तियां EU ने फ्रीज करने को मंजूरी दी

यूरोपीय संघ (ईयू) ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की संपत्तियों को जब्त (फ्रीज) करने तथा अन्य प्रतिबंध लगाने पर सहमति जताई है। लातविया के विदेश मंत्री ने यह जानकारी दी। पुतिन और लावरोव की संपत्तियों को जब्त करने के निर्णय का अर्थ है कि पश्चिमी देश यूक्रेन पर रूस के हमले और यूरोप में एक बड़े युद्ध को रोकने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाने की ओर बढ़ रहे हैं।

लातविया के विदेश मंत्री एड्गर्स रिनकेविक्स ने शुक्रवार को ट्वीट कर बताया कि ईयू के विदेश मंत्रियों ने प्रतिबंध लगाने के दूसरे पैकेज को मंजूरी दी है और जिन संपत्तियों को फ्रीज किया गया उनमें रूस के राष्ट्रपति और विदेश मंत्री की संपत्ति शामिल है। उन्होंने कहा कि ईयू प्रतिबंधों के अन्य पैकेज की भी तैयारी कर रहा है।

09:29 (IST) 26 Feb 2022
AI का प्लेन यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लाने के लिए बुखारेस्ट रवाना

एअर इंडिया के एक विमान ने रूस के आक्रमण के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के वास्ते रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट के लिए शनिवार सुबह मुंबई हवाईअड्डे से उड़ान भरी। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने बताया कि उड़ान संख्या एआई1943 ने तड़के करीब तीन बजकर 40 मिनट पर मुंबई हवाईअड्डे से उड़ान भरी और उसके भारतीय समयानुसार सुबह करीब दस बजे बुखारेस्ट हवाईअड्डे पर पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि जो भी भारतीय नागरिक सड़क मार्ग से यूक्रेन-रोमानिया सीमा पर पहुंच गये हैं, उन्हें भारत सरकार के अधिकारी बुखारेस्ट ले जायेंगे ताकि उन्हें एअर इंडिया की उड़ानों के जरिए स्वदेश लाया जा सके। एअर इंडिया यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए बुखारेस्ट और हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के लिए शनिवार को और उड़ानें संचालित करेगी।

बता दें कि रूसी सैनिकों ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर शुक्रवार को हमला कर दिया। सरकारी इमारतों के निकट गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें गूंज रही थी। रूस की इस कार्रवाई से यूरोप में व्यापक युद्ध की आशंकाएं पैदा हो गई है और साथ ही उसे रोकने के लिए दुनियाभर में प्रयास भी शुरू हो गए हैं। युद्ध से सैकड़ों लोगों के हताहत होने की सूचनाओं के बीच कीव में इमारतों, पुलों और स्कूलों के सामने भी गोलीबारी और विस्फोटों की घटनाएं हुई हैं। इस बात के भी संकेत बढ़ रहे थे कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश कर रहे हैं।

पश्चिमी देशों के नेताओं ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई और यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ऐसे हमलों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार लगाई है क्योंकि उन्हें आशंका है कि रूस लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई उनकी सरकार को बेदखल कर सकता है। यूक्रेन में बड़े पैमाने पर लोग हताहत हो सकते हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता है। रूस के आक्रमण का दूसरा दिन यूक्रेन की राजधानी पर केंद्रित था, जहां ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के पत्रकारों ने तड़के से पहले विस्फोट की आवाजें सुनीं और कई क्षेत्रों से गोलियां चलने की सूचना भी है।