Russia Ukraine Crisis: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने रक्षा प्रमुखों को देश की न्यूक्लियर डेटरेंट फोर्स को हाईअलर्ट पर रखने का आदेश दिया है। उन्होंने पश्चिमी देशों पर आरोप लगाया है कि वो रूस के साथ ‘अनफ्रेंडली’ कदम उठा सकते हैं।

वहीं यूक्रेन ने दावा किया है उसने रूस की सेना से वापस अपने महत्वपूर्ण शहर खार्किव को ले लिया है। वहां यूक्रेनी सेना का पूर्ण नियंत्रण हो गया है। वहीं रूस के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए यूक्रेन के लोग विदेशों से अपने घरों को लौट रहे हैं, ताकि वो अपने देश की सेना का मदद कर सकें। इसेस पहले यूक्रेन ने दावा किया था कि रूस ने अबतक की लड़ाई में 4300 लोगों को खो दिया है। साथ ही दर्जनों टैंक, हेलीकॉप्टर भी रूस के नष्ट हो गए हैं। हालांकि इन आंकड़ों को लेकर अभी रूस की तरफ से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

वहीं यूक्रेन को बमबारी और अपने हमलों से लगातार चार दिनों तक दहलाने के बाद रूस अब वार्ता के लिए तैयार हो गया है। रूसी मीडिया के हवाले से कुछ खबरों में बताया गया कि पुतिन बेलारूस में यूक्रेन से बातचीत को रेडी हैं। उन्होंने इसके लिए एक प्रतिनिधिमंडल भी भेजा है। हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि वह बातचीत को राजी हैं, पर बेलारूस में नहीं। इससे पहले, रविवार को यूक्रेन के अफसर के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि रूसी सेना वहां के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में दाखिल हुई, जबकि सड़कों पर घमासान जारी है।

संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने यूक्रेन में चल रही लड़ाई में कम से कम 240 आम नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है जिनमें से कम से कम 64 लोगों की मौत बृहस्पतिवार को हुई। हालांकि, उसका मानना है कि ‘‘वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है’’ क्योंकि मारे गए लोगों की कई खबरों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। यूएन के मानवीय मामलों के समन्वय के लिए बने कार्यालय (ओसीएचए) ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय से शनिवार देर रात आंकड़ा जारी किया। यह कार्यालय किसी संघर्ष में मारे गए लोगों की पुष्टि के लिए सख्त सत्यापन प्रक्रियाओं का पालन करता है।

ओसीएचए ने यह भी कहा कि असैन्य ढांचों को नुकसान पहुंचने से हजारों लोग बिजली या पानी की सुविधाओं से वंचित हो गए हैं और इससे यूक्रेन में खासतौर से उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में मानवीय संकट की स्थिति पैदा हो गयी है। इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि रूस की सेना ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में एक गैस पाइपलाइन बम धमाके से उड़ा दी। ‘स्टेट सर्विस ऑफ स्पेशल कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन प्रोटेक्शन’ ने आगाह किया कि इस विस्फोट से ‘‘पर्यावरणीय आपदा’’ आ सकती है और उन्होंने निवासियों को सलाह दी कि वे अपनी खिड़कियों को गीले कपड़ों से ढक दें और काफी तरल पदार्थ पीएं।

उसने बताया कि यह विस्फोट मशरूम के बादल की तरह लग रहा था। यूक्रेन की शीर्ष अभियोजक इरिना वेनेदिकतोवा ने कहा कि रूसी सेना खारकीव पर कब्जा नहीं कर पाई है और वहां भीषण लड़ाई चल रही है। करीब 15 लाख लोगों की आबादी वाला यह शहर रूसी सीमा से 40 किलोमीटर की दूरी पर है। हालांकि, इस बीच यूक्रेन का दावा है कि उसने एक रूसी टुकड़ी को तबाह कर दिया है। बता दें कि रूस और यूक्रेन की जंग का आज (27 फरवरी, 2022) चौथा दिन है। यूक्रेन की राजधानी में दोनों मुल्कों के बीच संघर्ष फिलहाल तेज ही है। कीव के करीब तक रूसी सैनिकों की आमद और बाहरी इलाके में झड़पों के बीच वहां के निवासियों ने शनिवार को बेसमेंट्स, सबवे और बंकर में एक और रात बिताने की तैयारी कर ली।

वहीं, दूसरी ओर यूक्रेन के नेता ने दावा किया कि देश की सेनाओं ने रूसी हमलों का मुकाबला किया है और संघर्ष जारी रखने की शपथ ली है और दुनिया के देशों से और अधिक मदद देने की अपील की। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने वहां से निकल जाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया। साथ ही जोर दिया कि वह राजधानी में ही रुकेंगे। एक वीडियो संदेश में जेलेंस्की ने रूस पर अवसंरचनाओं और नागरिकों को निशाने बनाने का आरोप लगाया और कहा, ‘‘यहां जंग जारी है और हम जीतेंगे।’’

हालांकि, कीव के मध्य क्षेत्र में शनिवार को शांति रही। हालांकि छिटपुट गोलियों की आवाज सुनी गई। दो दिनों के घमासान के बाद हुई झड़पों में सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं और पुलों, विद्यालयों और अपार्टमेंट की इमारतों को भारी नुकसान हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना ​​​​है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने और इसे अपने शासन के अधीन करने को दृढ़ हैं।

Live Updates

रूसी हमले के बीच संकट में यूक्रेन में अब कैसे हैं हालात? यहां जानें पल पल के LIVE Updates:

16:00 (IST) 27 Feb 2022
कीव में लड़ाई पहले की तुलना में कम तीव्र: यूके

ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि कीव में यूक्रेन और रूस के बीच लड़ाई पहले की तुलना में कम तीव्र हो गई है। रूस की सेना यूक्रेन में चारों से हमला कर रही है।

15:11 (IST) 27 Feb 2022
अंतर्राष्ट्रीय जूडो महासंघ ने लिया पुतिन के खिलाफ फैसला

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के कारण अंतर्राष्ट्रीय जूडो महासंघ (IJF) के मानद अध्यक्ष के रूप में निलंबित कर दिया गया है।

15:07 (IST) 27 Feb 2022
केंद्र से भूपेश बघेल की अपील

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि खार्किव और कीव में फंसे छात्रों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वो अपील करते हैं कि भारत सरकार इन छात्रों को सीमा के पास लाए। ताकि उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। साथ ही विमानों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया ने टिकट का किराया 24,000- 25,000 रुपये से बढ़ाकर 60,000- 80,000 रुपये कर दिया है।

14:44 (IST) 27 Feb 2022
फिनलैंड ने रूसी विमानों के लिए हवाई क्षेत्र बंद किया

फिनलैंड ने अपने हवाई क्षेत्र को रूसी विमानों के लिए बंद कर दिया है। परिवहन मंत्री टिमो हरक्का ने ट्विटर पर लिखा कि फिनलैंड रूसी हवाई यातायात के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने की तैयारी कर रहा है । फिनलैंड, रूस के साथ 800 मील की सीमा साझा करता है।

13:33 (IST) 27 Feb 2022
अमेरिका व उसके सहयोगी ‘स्विफ्ट’ से ‘चुनिंदा’ रूसी बैंकों को करेंगे अलग

यूक्रेन पर रूसी हमले के मद्देनजर अमेरिका और उसके सहयोगी देशों एवं साझेदारों ने वैश्विक वित्तीय तंत्र ‘स्विफ्ट’ वित्तीय प्रणाली से प्रतिबंधित रूसी बैंकों को अलग करने और रूस के केंद्रीय बैंक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कदम लागू करने का फैसला किया है। यूएस, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, इटली, ब्रिटेन और कनाडा के नेताओं द्वारा शनिवार को जारी संयुक्त बयान के अनुसार, प्रतिबंधित रूसी कंपनियों और कुलीन वर्गों की संपत्तियों का पता लगाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक संयुक्त कार्य बल गठित किया गया है। ‘सोसाइटी फॉर वर्ल्डवाइड इंटरबैंक फाइनेंशियल टेलीकम्युनिकेशन’ (स्विफ्ट) दुनिया की प्रमुख बैंकिंग संदेश सेवा है, जो भारत सहित 200 से अधिक देशों में लगभग 11,000 बैंकों और वित्तीय संस्थानों को जोड़ती है। इस प्रणाली को वैश्विक वित्त व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है और अगर रूस इससे बाहर होता है, तो यह उसके लिए एक बड़ा झटका साबित होगा।

12:42 (IST) 27 Feb 2022
ईपीएल मैच में एक दूसरे के गले लगकर रो पड़े यूक्रेन के खिलाड़ी

उत्तर पश्चिम इंग्लैंड के एक स्टेडियम में प्रतिद्वंद्वी टीम में शामिल यूक्रेन के दो खिलाड़ी मैच से पहले एक दूसरे के गले लगकर रो पड़े जबकि उनकी टीमों ने यूकेन के ध्वज को प्रदर्शित करके ‘युद्ध नहीं’ का संदेश दिया। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल प्रतियोगिता में शनिवार का दिन भावनाओं से भरा रहा। पहले पश्चिम लंदन में ब्रेंटफोर्ड और न्यूकास्टल दोनों टीम के दर्शकों ने क्रिस्टियन एरिक्सन की यूरोपीय चैंपियनशिप के दौरान दिल का दौरा पड़ने के आठ महीने बाद मैदान पर वापसी का स्वागत किया जबकि बाद में खिलाड़ियों ने यूक्रेन के प्रति एकजुटता दिखायी जिसके खिलाफ रूस ने युद्ध छेड़ रखा है।

गुडिसन पार्क में खेले गये मैच में मैनचेस्टर सिटी ने एवर्टन को 1-0 से हराकर शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत की लेकिन यह मैच यूक्रेन के दो खिलाड़ियों के भावुक मिलन के कारण अधिक चर्चा में रहा। सिटी की तरफ से खेलने वाले अलेक्सांद्रो जिनचेंको और एवर्टन के विताली मायकोलेंको मैच से पहले एक दूसरे के पास गये और गले लग गये।

11:35 (IST) 27 Feb 2022
बिहार सरकार ने यूक्रेन में फंसे छात्रों के लिए हेल्पलाइन शुरू

बिहार सरकार ने राज्य के उन लड़कों और लड़कियों के लिए हेल्पलाइन शुरू की है जो उच्च शिक्षा के लिए यूक्रेन गए थे और अब रूस के हमले के बाद स्वदेश लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने 0612-2294204, 0612-1070 और 7070290170 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। सरकार ने एक ईमेल आईडी भी जारी की है। नयी दिल्ली में बिहार भवन ने भी हेल्पलाइन नंबर 7217788114 जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने एक परामर्श जारी कर यूक्रेन में भारतीय नागरिकों से ‘‘बिना सूचना दिए’’ सीमा जांच चौकियों की ओर न बढ़ने का अनुरोध किया है।

11:35 (IST) 27 Feb 2022
आईसीआरसी से रूसी सैनिकों के शव उनके देश भेजने को कहा गया

जिनेवा स्थित मानवाधिकार संगठन ‘इंटरनेशनल कमिटी ऑफ रेड क्रॉस’ ने कहा कि वह यूक्रेन में मारे गए रूसी सैनिकों के शवों को उनके देश को लौटने के संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन के राजदूत तथा अन्य के अनुरोधों से अवगत है लेकिन उसके पास सैन्य कार्रवाई में मारे गए सैनिकों की सटीक संख्या नहीं है।

राजदूत सर्गेई किसलित्स्या ने शनिवार को ट्वीट किया कि यूक्रेन ने आईसीआरटीसी से यूक्रेन में आक्रमण के दौरान मारे गए ‘‘हजारों रूसी सैनिकों के शवों को उनके देश भेजने’’ की अपील की है। ऐसा दावा है कि रूस के 3,500 सैनिक मारे गए हैं।

उन्होंने ट्वीट किया कि रूस में अभिभावकों को ‘‘सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार’’ करने का मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने अनुरोध किया, ‘‘रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस त्रासदी को छिपाने न दिया जाए।’’

10:58 (IST) 27 Feb 2022
US, सहयोगी ‘स्विफ्ट’ से ‘चुनिंदा’ रूसी बैंकों को करेंगे अलग

यूक्रेन पर रूसी हमले के मद्देनजर अमेरिका और उसके सहयोगी देशों एवं साझेदारों ने वैश्विक वित्तीय तंत्र ‘स्विफ्ट’ वित्तीय प्रणाली से प्रतिबंधित रूसी बैंकों को अलग करने और रूस के केंद्रीय बैंक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कदम लागू करने का फैसला किया है। अमेरिका, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, इटली, ब्रिटेन और कनाडा के नेताओं द्वारा शनिवार को जारी संयुक्त बयान के अनुसार, प्रतिबंधित रूसी कंपनियों और कुलीन वर्गों की संपत्तियों का पता लगाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक संयुक्त कार्य बल गठित किया गया है।

‘सोसाइटी फॉर वर्ल्डवाइड इंटरबैंक फाइनेंशियल टेलीकम्युनिकेशन’ (स्विफ्ट) दुनिया की प्रमुख बैंकिंग संदेश सेवा है, जो भारत सहित 200 से अधिक देशों में लगभग 11,000 बैंकों और वित्तीय संस्थानों को जोड़ती है। इस प्रणाली को वैश्विक वित्त व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है और अगर रूस इससे बाहर होता है, तो यह उसके लिए एक बड़ा झटका साबित होगा।

10:11 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन संकट के बीच उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइल दागी

उत्तर कोरिया ने एक महीने के विराम के बाद और अमेरिका तथा उसके सहयोगियों के यूक्रेन पर रूस द्वारा किए गए हमले पर ध्यान केंद्रित करने के बीच रविवार को समुद्र में एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी। उसके पड़ोसी देशों ने यह जानकारी दी। यह इस साल उत्तर कोरिया का हथियारों का आठवां परीक्षण है तथा 30 जनवरी के बाद से पहला परीक्षण है। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर कोरिया अपनी हथियार प्रौद्योगिकी में सुधार लाने की कोशिश कर रहा है और अमेरिका पर लंबे समय से बाधित वार्ता के बीच प्रतिबंधों से छूट देने का दबाव बना रहा है।

कुछ विशेषज्ञों ने कहा कि उत्तर कोरिया वाशिंगटन पर दबाव बढ़ाने के लिए अमेरिका के यूक्रेन संघर्ष में व्यस्त होने का इस्तेमाल अपनी परीक्षण की गतिविध को तेज करने में कर सकता है। इस बीच जापान के रक्षा मंत्री नोबुओ किशी ने बताया कि उत्तर कोरियाई मिसाइल ने पूर्वी तट और जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर गिरने से पहले करीब 600 किलोमीटर की अत्यधिक ऊंचाई पर तकरीबन 300 किलोमीटर तक उड़ान भरी।

09:43 (IST) 27 Feb 2022
कीव में सोमवार सुबह तक कर्फ्यू

संघर्ष के कारण यूक्रेन के हजारों लोग अपने घरों को छोड़कर चले गये हैं। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने कहा कि यूक्रेन के 1,20,000 से अधिक लोग पोलैंड, मोल्दोवा और अन्य पड़ोसी देश चले गए हैं। कीव के अलावा, रूसी हमलों का निशाना यूक्रेन के समुद्र तट पर दिखाई दिया, जो पश्चिम में ओडेसा के काला सागर बंदरगाह से लेकर पूर्व में मारियुपोल के आजोव सागर बंदरगाह तक फैला हुआ है।

इस बीच, कीव में अधिकारियों ने कहा कि शहर में कर्फ्यू सोमवार की सुबह तक जारी रहेगा। रूस की सेना कीव की ओर कूच कर रही है। इससे पहले अधिकारियों ने शाम पांच बजे से सुबह आठ बजे तक कर्फ्यू लागू करने का ऐलान किया था लेकिन बाद में स्पष्टीकरण दिया गया कि यह शुक्रवार दोपहर बाद से सोमवार सुबह तक लागू रहेगा ताकि लोग रविवार को अपने घरों के भीतर रहें।

09:20 (IST) 27 Feb 2022
एअर इंडिया की दूसरी उड़ान यूक्रेन से 250 भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंची

एअर इंडिया की दूसरी निकासी उड़ान यूक्रेन में फंसे 250 भारतीय नागरिकों को लेकर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से शनिवार देर रात दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंची। सरकारी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यूक्रेन से लाए गए भारतीयों को गुलाब का फूल देकर हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया।

भारत ने यूक्रेन में रूसी सेना के आक्रमण के बीच वहां फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए शनिवार को अभियान शुरू किया। पहली निकासी उड़ान एआई1944 से बुखारेस्ट से 219 लोगों को मुंबई लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि दूसरी निकासी उड़ान एआई1942 शनिवार देर रात करीब दो बजकर 45 मिनट पर 250 भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली हवाईअड्डे पहुंची।

09:17 (IST) 27 Feb 2022
उद्देश्य सिर्फ सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना है- रूस

रूस का दावा है कि यूक्रेन पर उसके हमले का उद्देश्य केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना है, लेकिन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप के सबसे बड़े जमीनी युद्ध के दौरान नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं। कीव के मेयर विटाली क्लिचस्को ने कहा कि कीव के दो असैनिक हवाई अड्डों में से एक के पास एक ऊंची इमारत पर मिसाइल से हमला किया गया जिससे इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। एक बचाव कार्यकर्ता ने कहा कि इसमें छह नागरिक घायल हो गए।

मेयर क्लिचस्को ने शहर में रूसी सैनिकों के हमले के चलते कर्फ्यू की अवधि को बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि शाम पांच बजे से सुबह आठ बजे तक कीव में सख्त कर्फ्यू लागू रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘कर्फ्यू के दौरान सड़क पर मौजूद सभी नागरिकों को दुश्मन के तोड़फोड़ और टोही समूहों का सदस्य माना जाएगा।’’

08:36 (IST) 27 Feb 2022
जर्मनी यूक्रेन को भेजेगा टैंक रोधी हथियार

जर्मनी की सरकार ने शनिवार को पुष्टि की कि उसने यूक्रेन को टैंक रोधी हथियार भेजने को मंजूरी दी है और रूस के लिए ‘स्विफ्ट’ बैंकिंग प्रणाली पर कुछ प्रतिबंधों का समर्थन किया है। जर्मन आर्थिक और जलवायु मंत्रालय ने शनिवार शाम एक बयान में कहा कि नीदरलैंड को जर्मनी में निर्मित 400 टैंक रोधी हथियारों को यूक्रेन भेजने के लिए मंजूरी दी जा रही है।

जर्मन चांसलर ओलाफ शॉल्त्स ने कहा, “यूक्रेन पर रूस का हमला एक अहम घटना है। इससे हमारी युद्ध उपरांत व्यवस्था को खतरा है।” उन्होंने कहा, “इस स्थिति में यह हमारा दायित्व है कि हम व्लादिमीर पुतिन की आक्रामक सेना से लड़ने के लिए यूकेन की मदद करें।”

07:34 (IST) 27 Feb 2022
आपरेशन गंगाः यूक्रेन से भारतीयों को लेकर रोमानिया से पहली उड़ान मुम्बई पहुंची

यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने के ‘आपरेशन गंगा’ अभियान के पहले चरण के तहत रोमानिया से 219 भारतीयों के साथ मुंबई के लिए पहली उड़ान भारत पहुंची।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘वापसी पर स्वागत है। अपरेशन गंगा का पहला चरण।’’ जयशंकर ने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल का ट्वीट साझा किया जिसके साथ गोयल को विमान में छात्रों के साथ दिखाया गया है।

गोयल ने ट्वीट में कहा, ‘‘ मातृभूमि वापस आने पर स्वागत है। यूक्रेन से सुरक्षित निकाल कर लाये गए भारतीयों के मुस्कराते चेहरों को मुम्बई हवाई अड्डे पर देखकर प्रसन्न हूं।’’ मंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार प्रत्येक भारतीय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अथक कार्य कर रही है।’’ इससे पहले सुबह, विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि भारतीय को लाने का कार्य प्रगति पर है और वे स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं।

07:25 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन की सीमाओं पर वाहनों की मीलों लंबी कतार

यूक्रेन से बाहर निकलने वाली सड़कों पर वाहनों की मीलों लंबी कतारें लगी हैं और हजारों लोग रूस के हमले से बचने के लिए पड़ोसी देशों में भाग रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने शनिवार को कहा कि अब तक लगभग एक लाख बीस हजार लोगों ने यूक्रेन से भागकर पोलैंड तथा अन्य पड़ोसी देशों में शरण ली है। सबसे ज्यादा संख्या में शरणार्थी पोलैंड पहुंच रहे हैं जहां पहले से ही 20 लाख यूक्रेनी लोग काम करने के वास्ते रह रहे हैं। पोलैंड की सरकार ने शनिवार को कहा कि पिछले 48 घंटे में ही एक लाख से अधिक यूक्रेनी लोग सीमा पार कर पोलैंड में प्रवेश कर चुके हैं।

07:18 (IST) 27 Feb 2022
भारतीय छात्रों की हुई वतन वापसी, तो ली राहत की सांस

रूस के हमले से जूझ रहे यूक्रेन से एयर इंडिया की दूसरी स्पेशल फ्लाइट के जरिए शनिवार को भारत लौटे अपने देश के छात्र। वतन वापसी के बाद उन्होंने राहत की सांस ली। यह तस्वीर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने टि्वटर पर शेयर की।

06:52 (IST) 27 Feb 2022
कॉमेडी से यूक्रेन के हीरो तक की जेलेंस्की की अनूठी जीवन यात्रा

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की जब देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में अपने परिवार के साथ बचपन गुजार रहे तो उनका यहूदी परिवार रूसी भाषा बोलता था और उनके पिता ने तो जेलेंस्की के इज़राइल पढ़ने जाने पर भी पाबंदी लगा दी थी। विदेश में पढ़ाई करने के स्थान पर जेलेंस्की ने अपने देश में ही कानून की पढ़ाई की। स्नातक के बाद उन्होंने अभिनय और खास तौर से कॉमेडी (हास्य) को चुना। वहां से 2010 में वह टीवी सीरीज ‘सर्वेंट ऑफ पीपुल’ के माध्यम से यूक्रेन के मनोरंजन करने वाले शीर्ष कलाकार बन गए। इस सीरीज में जेलेंस्की ने हाई स्कूल के एक लोकप्रिय शिक्षक की भूमिका निभाई थी जो भ्रष्ट राजनेताओं से दुखी होकर अंत में देश का राष्ट्रपति बन जाता है।

06:40 (IST) 27 Feb 2022
रूसी सैनिक कीव से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर : अमेरिकी अधिकारी

अमेरिकी रक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि अमेरिका का अनुमान है कि यूक्रेन की सीमाओं के पास मौजूद रूसी सैन्य बल का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा यूक्रेन में प्रवेश कर चुका है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह पता नहीं है कि कितने सैनिक यूक्रेन के भीतर दाखिल हो चुके हैं। अमेरिका ने पूर्व में अनुमान जताया था कि यूक्रेन की सीमा के पास 1,50,000 से ज्यादा सैनिक इकट्ठा हैं। अधिकारी ने कहा कि रूसी सैनिक शनिवार को कीव से करीब 30 किलोमीटर दूर थे और रूस के खुफिया एजेंट कीव में दाखिल हो चुके हैं।

06:24 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन की सीमाओं पर वाहनों की मीलों लंबी कतार

यूक्रेन से बाहर निकलने वाली सड़कों पर वाहनों की मीलों लंबी कतारें लगी हैं और हजारों लोग रूस के हमले से बचने के लिए पड़ोसी देशों में भाग रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने शनिवार को कहा कि अब तक लगभग एक लाख बीस हजार लोगों ने यूक्रेन से भागकर पोलैंड तथा अन्य पड़ोसी देशों में शरण ली है। सबसे ज्यादा संख्या में शरणार्थी पोलैंड पहुंच रहे हैं जहां पहले से ही 20 लाख यूक्रेनी लोग काम करने के वास्ते रह रहे हैं।

06:22 (IST) 27 Feb 2022
अपने खर्च पर यूक्रेन से घर लौटने वालों का खर्च वहन करेगी छत्तीसगढ़ सरकार

छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने खर्च पर यूक्रेन से घर लौटने वाले छात्रों और नागरिकों का खर्च वहन करने का फैसला किया है। राज्य के जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को यहां बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यूक्रेन से अपने खर्च पर लौटने वाले छात्रों और नागरिकों का पूरा खर्च छत्तीसगढ़ सरकार वहन करेगी।

05:36 (IST) 27 Feb 2022
उत्तर प्रदेश के 767 लोग यूक्रेन में फंसे, 37 रविवार सुबह लौटेंगे लखनऊ

उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को बताया कि यूक्रेन में फंसे राज्य के कुल 767 लोगों की सूचना अभी तक एकत्र की गई है और उसे विदेश मंत्रालय को भेजा गया है ताकि उनकी वापसी का उचित प्रबंधन किया जा सके। सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि यूक्रेन में फंसे जिन लोगों की सूचना राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष को प्राप्त हुई है, उसे जनपदों को भी भेजा गया है और स्थानीय अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लगातार संपर्क में रहने को कहा गया है।

05:29 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन में फंसे 199 लोगों की सूची केंद्र को दी गई: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को राज्य के उन 199 लोगों की सूची केंद्र सरकार को भेजी जो युद्ध प्रभावित यूक्रेन में फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुछ देर में कुछ छात्र मुंबई और नयी दिल्ली पहुंचेंगे तथा राज्य सरकार उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए उनके परिजनों के संपर्क में है।

03:04 (IST) 27 Feb 2022
लगभग 100,000 लोग पहुंचे पोलैंड

रूस के यूक्रेन के आक्रमण से भागे शरणार्थियों ने शनिवार को यूक्रेन की पश्चिमी सीमाओं को पार करना जारी रखा है। दो दिनों में लगभग 100,000 लोग पोलैंड पहुंचे हैं।

02:15 (IST) 27 Feb 2022
अपने वादे निभाने का आग्रह

यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि तुर्की, डार्डानेल्स और बोस्फोरस जलडमरूमध्य से गुजरने वाले रूस के युद्धपोतों को रोकने का वादा किया है। ये काला सागर को भूमध्य सागर से जोड़ता है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने एक ट्वीट में कहा कि देश ने यूक्रेन के लिए सैन्य और मानवीय सहायता का वादा किया है।

00:02 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने अमेरिका का प्रस्ताव ठुकराते हुए रूस से लड़ने का संकल्प लिया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने राजधानी कीव से निकलने का अमेरिका का प्रस्ताव ठुकरा दिया और कहा कि उन्हें लड़ने के लिए गोला-बारूद चाहिए न कि “वहां से जाने के लिए वाहन।” जेलेंस्की ने रूस के आक्रमण से अपने देश को बचाने के लिए लड़ने का संकल्प भी लिया।

23:08 (IST) 26 Feb 2022
रूस ने रोमानियाई विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद किया

रूस की संघीय विमानन एजेंसी रोसावियात्सिया ने शनिवार को कहा कि रूस ने रोमानियाई विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है।

21:49 (IST) 26 Feb 2022
रूस ने किये हमले तेज

मास्को के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कीव द्वारा बेलारूस में वार्ता करने से इनकार करने के बाद रूसी सेना को यूक्रेन में अपने हमले को “सभी दिशाओं से” बढ़ाने का आदेश दिया गया है।

21:14 (IST) 26 Feb 2022
रूस ने यूक्रेन में भेजे और सैनिक

एक अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया है कि रूस ने पिछले 24 घंटों में हजारों सैनिकों को यूक्रेन भेजा है। अधिकारी ने कहा कि पुतिन ने लड़ाई के लिए रिजर्व सैनिकों को भी बुला लिया है।

20:39 (IST) 26 Feb 2022
हमने बातचीत करने से इनकार नहीं किया- यूक्रेन

यूक्रेन ने इस बात से इनकार किया है कि उसने रूस के साथ बातचीत से इनकार कर दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के कार्यालय के प्रमुख मिखाइल पोडोलीक ने कहा कि क्रेमलिन का बयान असत्य था।

बता दें कि रूसी सैनिकों ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर शुक्रवार को हमला कर दिया। सरकारी इमारतों के निकट गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें गूंज रही थी। रूस की इस कार्रवाई से यूरोप में व्यापक युद्ध की आशंकाएं पैदा हो गई है और साथ ही उसे रोकने के लिए दुनियाभर में प्रयास भी शुरू हो गए हैं। युद्ध से सैकड़ों लोगों के हताहत होने की सूचनाओं के बीच कीव में इमारतों, पुलों और स्कूलों के सामने भी गोलीबारी और विस्फोटों की घटनाएं हुई हैं। इस बात के भी संकेत बढ़ रहे थे कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश कर रहे हैं।

पश्चिमी देशों के नेताओं ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई और यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ऐसे हमलों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार लगाई है क्योंकि उन्हें आशंका है कि रूस लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई उनकी सरकार को बेदखल कर सकता है। यूक्रेन में बड़े पैमाने पर लोग हताहत हो सकते हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता है। रूस के आक्रमण का दूसरा दिन यूक्रेन की राजधानी पर केंद्रित था, जहां ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के पत्रकारों ने तड़के से पहले विस्फोट की आवाजें सुनीं और कई क्षेत्रों से गोलियां चलने की सूचना भी है।