Russia Ukraine Crisis: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने रक्षा प्रमुखों को देश की न्यूक्लियर डेटरेंट फोर्स को हाईअलर्ट पर रखने का आदेश दिया है। उन्होंने पश्चिमी देशों पर आरोप लगाया है कि वो रूस के साथ ‘अनफ्रेंडली’ कदम उठा सकते हैं।

वहीं यूक्रेन ने दावा किया है उसने रूस की सेना से वापस अपने महत्वपूर्ण शहर खार्किव को ले लिया है। वहां यूक्रेनी सेना का पूर्ण नियंत्रण हो गया है। वहीं रूस के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए यूक्रेन के लोग विदेशों से अपने घरों को लौट रहे हैं, ताकि वो अपने देश की सेना का मदद कर सकें। इसेस पहले यूक्रेन ने दावा किया था कि रूस ने अबतक की लड़ाई में 4300 लोगों को खो दिया है। साथ ही दर्जनों टैंक, हेलीकॉप्टर भी रूस के नष्ट हो गए हैं। हालांकि इन आंकड़ों को लेकर अभी रूस की तरफ से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

वहीं यूक्रेन को बमबारी और अपने हमलों से लगातार चार दिनों तक दहलाने के बाद रूस अब वार्ता के लिए तैयार हो गया है। रूसी मीडिया के हवाले से कुछ खबरों में बताया गया कि पुतिन बेलारूस में यूक्रेन से बातचीत को रेडी हैं। उन्होंने इसके लिए एक प्रतिनिधिमंडल भी भेजा है। हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि वह बातचीत को राजी हैं, पर बेलारूस में नहीं। इससे पहले, रविवार को यूक्रेन के अफसर के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि रूसी सेना वहां के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में दाखिल हुई, जबकि सड़कों पर घमासान जारी है।

संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने यूक्रेन में चल रही लड़ाई में कम से कम 240 आम नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है जिनमें से कम से कम 64 लोगों की मौत बृहस्पतिवार को हुई। हालांकि, उसका मानना है कि ‘‘वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है’’ क्योंकि मारे गए लोगों की कई खबरों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। यूएन के मानवीय मामलों के समन्वय के लिए बने कार्यालय (ओसीएचए) ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय से शनिवार देर रात आंकड़ा जारी किया। यह कार्यालय किसी संघर्ष में मारे गए लोगों की पुष्टि के लिए सख्त सत्यापन प्रक्रियाओं का पालन करता है।

ओसीएचए ने यह भी कहा कि असैन्य ढांचों को नुकसान पहुंचने से हजारों लोग बिजली या पानी की सुविधाओं से वंचित हो गए हैं और इससे यूक्रेन में खासतौर से उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में मानवीय संकट की स्थिति पैदा हो गयी है। इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि रूस की सेना ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में एक गैस पाइपलाइन बम धमाके से उड़ा दी। ‘स्टेट सर्विस ऑफ स्पेशल कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन प्रोटेक्शन’ ने आगाह किया कि इस विस्फोट से ‘‘पर्यावरणीय आपदा’’ आ सकती है और उन्होंने निवासियों को सलाह दी कि वे अपनी खिड़कियों को गीले कपड़ों से ढक दें और काफी तरल पदार्थ पीएं।

उसने बताया कि यह विस्फोट मशरूम के बादल की तरह लग रहा था। यूक्रेन की शीर्ष अभियोजक इरिना वेनेदिकतोवा ने कहा कि रूसी सेना खारकीव पर कब्जा नहीं कर पाई है और वहां भीषण लड़ाई चल रही है। करीब 15 लाख लोगों की आबादी वाला यह शहर रूसी सीमा से 40 किलोमीटर की दूरी पर है। हालांकि, इस बीच यूक्रेन का दावा है कि उसने एक रूसी टुकड़ी को तबाह कर दिया है। बता दें कि रूस और यूक्रेन की जंग का आज (27 फरवरी, 2022) चौथा दिन है। यूक्रेन की राजधानी में दोनों मुल्कों के बीच संघर्ष फिलहाल तेज ही है। कीव के करीब तक रूसी सैनिकों की आमद और बाहरी इलाके में झड़पों के बीच वहां के निवासियों ने शनिवार को बेसमेंट्स, सबवे और बंकर में एक और रात बिताने की तैयारी कर ली।

वहीं, दूसरी ओर यूक्रेन के नेता ने दावा किया कि देश की सेनाओं ने रूसी हमलों का मुकाबला किया है और संघर्ष जारी रखने की शपथ ली है और दुनिया के देशों से और अधिक मदद देने की अपील की। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने वहां से निकल जाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया। साथ ही जोर दिया कि वह राजधानी में ही रुकेंगे। एक वीडियो संदेश में जेलेंस्की ने रूस पर अवसंरचनाओं और नागरिकों को निशाने बनाने का आरोप लगाया और कहा, ‘‘यहां जंग जारी है और हम जीतेंगे।’’

हालांकि, कीव के मध्य क्षेत्र में शनिवार को शांति रही। हालांकि छिटपुट गोलियों की आवाज सुनी गई। दो दिनों के घमासान के बाद हुई झड़पों में सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं और पुलों, विद्यालयों और अपार्टमेंट की इमारतों को भारी नुकसान हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना ​​​​है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने और इसे अपने शासन के अधीन करने को दृढ़ हैं।

Live Updates

रूसी हमले के बीच संकट में यूक्रेन में अब कैसे हैं हालात? यहां जानें पल पल के LIVE Updates:

05:46 (IST) 28 Feb 2022

पुतिन के एलान पर भड़का अमेरिका

व्लादिमीर पुतिन की ओर से परमाणु सेना को अलर्ट करने को लेकर संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत लिंडा थॉमस ग्रीनफील्ड ने एक समाचार कार्यक्रम में बयान दिया। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति पुतिन इस युद्ध को जिस तरीके से बढ़ा रहे हैं वह पूरी तरह अस्वीकार्य है।” उन्होंने कहा, “हमें उनकी इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करनी चाहिए।” पुतिन के आदेश का व्यावहारिक अर्थ क्या है यह अभी तक स्पष्ट नहीं है।

05:02 (IST) 28 Feb 2022

हंगरी, पोलैंड, रोमानिया की सीमा से निकलने वाले भारतीयों के लिए सहायता केंद्र स्थापित

विदेश मंत्रालय ने बताया है कि उसकी तरफ से पोलैंड, रोमानिया, हंगरी और स्लोवाक गणराज्य के साथ सीमा पार करने वाले बिंदुओं के माध्यम से भारतीय नागरिकों को निकालने में सहायता के लिए 24x7 नियंत्रण केंद्र स्थापित किए गए हैं। मंत्रालय ने इससे पहले एलान किया था कि उसने यूक्रेन में फंसे भारतीयों की मदद के लिए एक ट्विटर हैंडल भी बनाया है।

04:26 (IST) 28 Feb 2022

यूक्रेन से छात्रों को निकालने के लिए पीएम मोदी की उच्चस्तरीय बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यूक्रेन की स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय बैठक में हिस्सा लिया। इसमें उनके साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर और विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला भी शामिल हुए। बैठक में यूक्रेन में फंसे छात्रों को जल्द से जल्द भारत लाने पर चर्चा हुई। 

02:29 (IST) 28 Feb 2022

यूक्रेन के बंदरगाहों पर कब्जे की कोशिश में जुटा रूस

यूक्रेन के कई हवाई अड्डों, ईंधन केंद्रों और अन्य प्रतिष्ठानों पर हमले के बाद रविवार को रूसी सेना ने दक्षिण क्षेत्र में स्थित रणनीतिक बंदरगाहों पर भी नियंत्रण करन का प्रयास किया लेकिन शहरों में उसे जबरदस्त प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। राजधानी कीव सुबह धमाकों से दहल उठी। अधिकारियों ने एक हवाई अड्डे पर विस्फोट की सूचना दी है। शहर की सुनसान पड़ी मुख्य सड़कों पर गिनती की कारें ही दिखीं। कीव में 39 घंटे के कर्फ्यू के कारण लोग सड़कों से दूर रहे।

01:27 (IST) 28 Feb 2022

यूरोपीय संघ ने रूस पर लगाए वृहद प्रतिबंध

यूरोपीय संघ ने रूस के ऊपर प्रतिबंधों को और कड़ा कर लिया है। ईयू के अध्यक्ष ने कहा है कि 27 सदस्य देशों वाले इस गठबंधन ने रूसी विमान सेवाओं के लिए अपने हवाई मार्ग को बंद कर लिया है। इसके अलावा रूस के सरकारी मीडिया चैनलों को भी यूरोप में बैन करने का फैसला किया गया है। ईयू ने बयान जारी कर कहा कि रूस के हमले के बीच वह यूक्रेन को हथियार पहुंचाना जारी रखेगा।

00:04 (IST) 28 Feb 2022

रूस के राजदूत ने की भारतीय विदेश सचिव से मुलाकात

भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने बताया कि उनकी विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला के साथ सौहार्दपूर्ण प्रारंभिक बैठक हुई। सामयिक द्विपक्षीय, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और यूक्रेन में भारतीय छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के तरीकों पर चर्चा की। इसके लिए अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। माना जा रहा है कि रूसी राजदूत यूएनएससी में आज होने वाली बैठक को लेकर भारत का समर्थन जुटाने के लिए विदेश सचिव से मिलने पहुंचे।

22:50 (IST) 27 Feb 2022
अभी शुरू नहीं हुई बातचीत

रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अभी बातचीत शुरू नहीं हुई है। रूसी प्रतिनिधिमंडल के अनुसार पार्टियों ने अभी बातचीत के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना शुरू किया है।

22:48 (IST) 27 Feb 2022
यूरोपीय संघ ने रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों की घोषणा की

यूरोपीय संघ ने रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। उसने अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया और रूसी राज्य मीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया है।

21:59 (IST) 27 Feb 2022
यूरोपीय संघ के मंत्री यूक्रेन के सैनिकों की मदद पर कर रहे हैं चर्चा

यूरोपीय संघ के विदेश मंत्री यूक्रेन के सशस्त्र बलों को रूसी आक्रमण के खिलाफ लड़ने में मदद करने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए रविवार को आपातकालीन वार्ता कर रहे हैं।

21:30 (IST) 27 Feb 2022
अमेरिका ने की पुतिन के फैसले की आलोचना

द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन के परमाणु प्रतिरोध बलों को हाई अलर्ट पर रखने का आदेश पर अमेरिका ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अमेरिका ने इसे "अस्वीकार्य" वृद्धि बताया है।

21:26 (IST) 27 Feb 2022
भारत ने नियंत्रण केंद्र स्थापित किया

विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है है कि यूक्रेन से पोलैंड, रोमानिया, हंगरी और स्लोवाक गणराज्य भारतीय नागरिकों को निकालने में मदद के लिए 24x7 नियंत्रण केंद्र स्थापित किए गए हैं।

https://twitter.com/ANI/status/1497961983651774464

21:14 (IST) 27 Feb 2022
जॉर्जिया, यूक्रेन के साथ

भारत में जॉर्जिया के राजदूत ने कहा है कि जॉर्जिया यूक्रेन के साथ खड़ा है और हमेशा ऐसा ही करेगा। उन्होंने कहा कि अंत में यूक्रेन की जीत होगी। निर्दोष लोगों की हत्या करना मानवता के खिलाफ अपराध है और जिसने भी ऐसा किया वह जवाबदेह होगा। उम्मीद है, यह युद्ध जल्द ही खत्म हो जाएगा।

20:57 (IST) 27 Feb 2022
कनाडा ने रूसी विमानों के लिए हवाई क्षेत्र बंद किया

रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के कारण कनाडा ने रूसी विमान ऑपरेटरों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। कनाडा के परिवहन मंत्री ने ये जानकारी दी है।

20:08 (IST) 27 Feb 2022
अमेरिका की मानवीय सहायता

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा है कि अमेरिका यूक्रेन के लोगों को करीब 5.4 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त मानवीय सहायता मुहैया करा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सहायता मानवीय संगठनों को यूक्रेन के नागरिकों को पहले से ही ज़रूरतमंद और रूस के अकारण और अनुचित हमले से प्रभावित लोगों का समर्थन करने में सक्षम बनाती है।

19:46 (IST) 27 Feb 2022
बातचीत के लिए यूक्रेन हुआ तैयार

यूक्रेन का कहना है कि वह रूस के साथ बेलारूस के साथ अपनी सीमा पर - चेरनोबिल अपवर्जन क्षेत्र के पास - राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की और बेलारूसी नेता अलेक्जेंडर लुकाशेंको के बीच एक फोन कॉल के बाद बातचीत करेगा।

19:33 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन संकट पर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे पीएम मोदी

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को यूक्रेन संकट पर एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। उनके उत्तर प्रदेश से लौटने पर तुरंत बैठक की अध्यक्षता करने की उम्मीद है। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से बड़ी संख्या में भारतीय, जिनमें ज्यादातर छात्र हैं, यूक्रेन में फंसे हुए हैं। हालांकि भारत ने उन्हें निकालना शुरू कर दिया है और शनिवार से अब तक 900 से अधिक लोगों को वापस लाया जा चुका है।

19:18 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन की दुनिया से अपील

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने दुनिया से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस की मतदान शक्ति को खत्म करने का आग्रह किया और कहा कि रूसी कार्रवाई 'नरसंहार' पर आधारित है।

19:05 (IST) 27 Feb 2022
पुतिन ने सेना को अलर्ट पर रखा

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने रक्षा प्रमुखों को देश की न्यूक्लियर डेटरेंट फोर्स को हाईअलर्ट पर रखने का आदेश दिया है। उन्होंने पश्चिमी देशों पर आरोप लगाया कि ये देश यूक्रेन के साथ जंग के बीच रूस के खिलाफ "अनफ्रेंडली" कदम उठा सकते हैं।

19:02 (IST) 27 Feb 2022
रूसी मीडिया के दावे को यूक्रेन ने किया खारिज

राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन, रूस के साथ बातचीत करने को तैयार है, लेकिन उन्होंने इसके लिए जगह के रूप में बेलारूस को चुनने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि बेलारूस का इस्तेमाल मास्को अपने आक्रमण के लिए लॉन्चपैड के रूप में कर रहा था।

18:38 (IST) 27 Feb 2022
बेलारूस में बातचीत के लिए यूक्रेन तैयार

रूसी मीडिया के अनुसार यूक्रेन बेलारूस में रूस के साथ बातचीत करने के लिए सहमत है। इससे पहले रूस के प्रस्तार को यूक्रेन ने ठुकरा दिया था। यूक्रेन का कहना था कि वो बातचीत करेगा लेकिन बेलारूस में नहीं करेगा।

18:19 (IST) 27 Feb 2022
संघर्ष से पहले करीब 4000 भारतीयों ने यूक्रेन छोड़ा: श्रृंगला

विदेश सचिव हर्ष वी श्रृंगला ने रविवार को कहा कि कीव में भारत के दूतावास और विदेश मंत्रालय ने जंग से पहले कई परामर्श जारी किए थे। जिसके बाद भारत के लगभग 4000 नागरिक संघर्ष से पहले ही यूक्रेन ले चले गए थे।

17:57 (IST) 27 Feb 2022
खार्किव पर फिर से यूक्रेन का कब्जा

न्यूज एजेंसी एएफपी ने यूक्रेन के खार्किव गवर्नर के हवाले से कहा कि उनके देश की सेना ने फिर से इस शहर पर कब्जा कर लिया। इससे पहले यूक्रेन के इस दूसरे सबसे बड़े शहर में रूसी सैनिकों ने कब्जा कर लिया था।

17:54 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन साबित करेगा कि पुतिन 'युद्ध अपराधी' है: अभियोजक जनरल

यूक्रेन एक निष्पक्ष अदालत में साबित करेगा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 21 वीं सदी के "एक मुख्य युद्ध अपराधी" हैं, अभियोजक जनरल इरीना वेनेडिक्टोवा ने यूक्रेनी टीवी को बताया। इससे पहले यूक्रेन ने कहा था कि उसने रूस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में एक आवेदन जमा किया है।

17:39 (IST) 27 Feb 2022
अंतर्राष्ट्रीय न्यायलय पहुंचा यूक्रेन

रूस के खिलाफ यूक्रेन अब अंतर्राष्ट्रीय न्यायलय पहुंच गया है। वहां के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने इसकी जानकारी देेते हुए बताया कि यूक्रेन ने रूस के खिलाफ अपना आवेदन आईसीजे को सौंप दिया है। रूस को इस नरसंहार के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। हम रूस के सैन्य गतिविधि को बंद करने के आदेश देने के लिए एक तत्काल निर्णय का अनुरोध करते हैं।

17:36 (IST) 27 Feb 2022
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारतीय नागरिकों को निकालने में समर्थन के लिए हंगरी के एफएम को धन्यवाद दिया

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हंगरी के विदेश मंत्री पीटर स्ज़िजार्तो से बात करते उनका आभार प्रकट किया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इसके बारे में जानकारी देते हुए एक ट्वीट में कहा- "अब तक प्रदान की गई सहायता के लिए धन्यवाद। हंगरी-यूक्रेन सीमा पर और सहयोग का अनुरोध किया।"

17:07 (IST) 27 Feb 2022
इस्राइल ने यूक्रेन को भेजी सहायता

इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार कीव और मॉस्को के साथ अपने संबंधों का परीक्षण करने वाले संघर्ष पर 'संयम और जिम्मेदारी के साथ' आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इज़राइल यूक्रेन को 100 टन मानवीय सहायता भेज रहा है, जिसमें चिकित्सा उपकरण और टेंट शामिल हैं।

16:43 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन के लिए और रक्षा सहायता को मंजूरी देगी चेक सरकार: पीएम

चेक के प्रधानमंत्री पेट्र फियाला ने रविवार को कहा रूस की आक्रामकता का सामना कर रहे यूक्रेन के लिए चेक सरकार और रक्षा सामग्री सहायता को मंजूरी देगी। फियाला ने कहा कि वह शिपमेंट पर कोई विवरण नहीं दे सकते। चेक सरकार ने शनिवार को मशीन गन, असॉल्ट राइफलें, अन्य हल्के हथियार और 188 मिलियन क्राउन (8.57 मिलियन डॉलर) के गोला-बारूद भेजे हैं।

16:40 (IST) 27 Feb 2022
बेलारूस से कीव पर दागी गई क्रूज मिसाइल को मार गिराया गया- यूक्रेन का दावा

एक ट्वीट में, यूक्रेन के सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ ने बताया कि कुछ मिनट पहले, एएफयू की वायु सेना ने बेलारूस गणराज्य के क्षेत्र से यूक्रेन की राजधानी पर दागी गई एक क्रूज मिसाइल को मार गिराया है।

16:27 (IST) 27 Feb 2022
200,000 से अधिक लोगों ने किया यूक्रेन से पलायन

संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी का कहना है कि सीमा पार करने पड़ोसी देश आने वाले यूक्रेनियन की संख्या अब 200,000 से अधिक है। शनिवार को एजेंसी का अनुमान था कि कम से कम 150,000 लोग यूक्रेन से पोलैंड और हंगरी और रोमानिया सहित अन्य देशों में भाग गए हैं। वहीं पोलैंड की सरकार ने शनिवार को कहा कि पिछले 48 घंटों में 100,000 से अधिक यूक्रेनियन पोलिश-यूक्रेनी सीमा पार कर चुके हैं

16:12 (IST) 27 Feb 2022
यूक्रेन के मंत्री का दावा है कि रूस ने आक्रमण में लगभग 4,300 लोगों को खो दिया

यूक्रेन के उप रक्षा मंत्री हन्ना मलयार ने रविवार को कहा कि यूक्रेन पर आक्रमण के दौरान रूसी सेना ने लगभग 4,300 सैनिकों को खो दिया है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर यह भी कहा कि रूस के लगभग 146 टैंक, 27 विमान और 26 हेलीकॉप्टर भी नष्ट हो गए हैं।

बता दें कि रूसी सैनिकों ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर शुक्रवार को हमला कर दिया। सरकारी इमारतों के निकट गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें गूंज रही थी। रूस की इस कार्रवाई से यूरोप में व्यापक युद्ध की आशंकाएं पैदा हो गई है और साथ ही उसे रोकने के लिए दुनियाभर में प्रयास भी शुरू हो गए हैं। युद्ध से सैकड़ों लोगों के हताहत होने की सूचनाओं के बीच कीव में इमारतों, पुलों और स्कूलों के सामने भी गोलीबारी और विस्फोटों की घटनाएं हुई हैं। इस बात के भी संकेत बढ़ रहे थे कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश कर रहे हैं।

पश्चिमी देशों के नेताओं ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई और यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ऐसे हमलों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार लगाई है क्योंकि उन्हें आशंका है कि रूस लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई उनकी सरकार को बेदखल कर सकता है। यूक्रेन में बड़े पैमाने पर लोग हताहत हो सकते हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता है। रूस के आक्रमण का दूसरा दिन यूक्रेन की राजधानी पर केंद्रित था, जहां ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के पत्रकारों ने तड़के से पहले विस्फोट की आवाजें सुनीं और कई क्षेत्रों से गोलियां चलने की सूचना भी है।