Russia Ukraine Crisis: संकटग्रस्त यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस की सेना सीजफायर का सही से पालन नहीं कर रही है। वह मारियोपाल में लगातार गोलीबारी कर रही है। ऐसे में सुरक्षा कारणों से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम नहीं हो सकता। यह काम अगले दिन यानी छह मार्च को किया जाएगा।

इससे पहले, संकटग्रस्त यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के जंग के बीच बड़ा दावा किया है। उनका कहा है कि यूक्रेन और वहां के लोग हार नहीं मानने वाले हैं। यूक्रेनी नागरिक देश के लिए जंग लड़ रहे हैं, जबकि अब तक 10 हजार रूसी सैनिक मारे गए हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बोले हैं कि यूक्रेन पर रूस का हमला महज एक देश पर हमला नहीं है। यह यूरोप और वैश्विक शांति पर हमला है।

रूसी मीडिया ने कहा है कि रूस ने युद्धग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को निकालने के लिए अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की है। जानकारी के अनुसार संघर्ष विराम आज (स्थानीय समयानुसार) सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक घोषित किया गया है। वहीं फ्रांस ने कहा है कि वो यूक्रेन के परमाणु संयंत्रों को सुरक्षित करने के लिए काम करेगा।

वहीं यूक्रेन में राष्ट्रपति भवन के पास हमले की कोशिश की गई है। अंग्रेजी न्यूज चैनल इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति जेलेंस्की के आवास (राष्ट्रपति भवन) के पास मिसाइल दागी गई थी। चूंकि, वहां आसपास एंटी-मिसाइल सिस्टम एक्टिव था, लिहाजा वह नष्ट हो गई।

इस बीच, कीव में कई धमाकों की खबर है, जबकि सुमी में जमीनी जंग तेज हो चली है। वहीं, मारियोपोल भी चारों ओर से घेर लिया गया है। कहा जा रहा है कि तीसरे दौर की बातचीत रविवार तक संभव है। इससे पहले, 28 फरवरी को पहले दौर व तीन मार्च को दूसरे दौर की वार्ता हुई, जो कि बेनतीजा रहीं।

Live Updates

Russia-Ukraine Conflict: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर यहां पर पाएं पल-पल के ताजा अपडेट्स:

15:49 (IST) 4 Mar 2022
पूर्वी यूक्रेन में फंसे छात्र

पूर्वी यूक्रेन के सुमी शहर में एक विश्वविद्यालय में फंसे सैकड़ों भारतीय मेडिकल छात्रों को रूसी सीमा के पार बसों के माध्यम से संभावित निकासी मार्ग मिल सकता है। रूस के अधिकारियों ने सीमा पार बसों की व्यवस्था कर रखी है, लेकिन छात्रों को वहां तक पहुंचना होगा।

15:46 (IST) 4 Mar 2022
एक और रूसी सुखोई एसयू-25 नष्ट

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को यूक्रेन के वोल्नोवाखा के पास एक और रूसी Su-25 को मार गिराया गया है। इससे पहले भी कई रूसी लड़ाकू विमानों को यूक्रेनी सैनिक निशाना बना चुके हैं।

15:25 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेनी सेना ने डुबोया अपना ही शिप

यूक्रेन की नौसेना ने अपने ही एक फ्लैगशिप को डुबो दिया है ताकि यह रूसी सेना के हाथों में जाने से बच सके। द कीव इंडिपेंडेंट के अनुसार इस यूक्रेनी शिप की मरम्मत हो रही थी। तभी रूसी नौसेना के आने की खबर मिली और इसे डुबाने का आदेश दे दिया गया।

15:00 (IST) 4 Mar 2022
सेना के बारे में ‘फर्जी’ जानकारी फैलाने पर रूस में होगी जेल की सजा

रूस की संसद ने शुक्रवार को सशस्त्र बलों के बारे में जानबूझकर 'फर्जी' जानकारी फैलाने के लिए 15 साल तक की जेल की सजा का कानून पारित किया है। रूसी अधिकारियों ने कहा है कि रूस के दुश्मनों जैसे कि संयुक्त राज्य अमेरिका और उसके सहयोगियों द्वारा कलह बोने और रूस के लोगों को विभाजित करने के प्रयास में झूठी सूचना फैलाई गई है। इसी से निपटने के लिए अब यह कानून लाया गया है।

14:32 (IST) 4 Mar 2022
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री देंगे यूक्रेन से लौटने वाले छात्रों के दिल्ली-अगरतला विमान का किराया

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने वेतन से राज्य के यूक्रेन से आने वाले छात्रों के लिए अगरतला-दिल्ली उड़ान के हवाई किराए में योगदान देंगे। उन्होंने ट्वीट कर कहा- “मैं त्रिपुरा के लोगों के बिना शर्त, आशीर्वाद और स्नेह के लिए हमेशा ऋणी हूं। कृतज्ञता के एक विनम्र प्रतीक के रूप में, मैंने यूक्रेन से लौटने वाले छात्रों के लिए दिल्ली-अगरतला उड़ानों के हवाई किराए के लिए अपने वेतन से योगदान करने का फैसला किया है।”

14:13 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की तीन बार बचे!

द टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार पिछले एक सप्ताह में राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की पर हत्या के कम से कम तीन प्रयास हुए हैं। कथित तौर पर दो अलग-अलग संगठनों को यूक्रेनी राष्ट्रपति को मारने के लिए भेजा गया था।

14:11 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन में रूसी सेना ने स्कूल पर की बमबारी- मेयर

यूक्रेन के ज़ाइटॉमिर शहर के मेयर सेरही सुखोमलिन ने कहा कि रूसी सेना ने ज़ाइटॉमिर में एक स्कूल पर बमबारी की है। उन्होंने कहा कि आधा स्कूल नष्ट हो गया है, पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बचाव कार्य जारी है।

13:38 (IST) 4 Mar 2022
‘न खाना, न बिजली…सुपरमार्केट में सामान खत्म’, यूक्रेन में फंसी छात्रा का दर्द

सुमी में फंसी बिहार में पटना की रहने वाली छात्रा श्वेता ने हिंदी न्यूज चैनल एबीपी न्यूज को वहां के ताजा हालात के बारे में बताया। रोते हुए उन्होंने कहा- बाहर भारी बर्फबारी हो रही है। हमारे पास न तो बिजली है और न ही हॉस्टल में पीने का पानी है। बीच-बीच में धमाकों की आवाज भी सुनाई देती है।

बकौल श्वेता, “जिनके पास कुछ नहीं है, वे जान जोखिम में डालकर सुपरमार्केट तक जा रहे हैं। वहां भी आइटम खत्म हो रहे हैं। मेरे फंसे होने की वजह से घर वालों का बुरा हाल है। पिता जी मेरी हालत सुनकर बेहोश हो जाते हैं। भाई एक हफ्ते से सोया भी नहीं है।”

13:07 (IST) 4 Mar 2022
युद्ध के बीच यूक्रेन ने किया यह दावा

9166 रूसी सैनिक मारे

33 जेट विमान मार गिराए

37 चॉपर तबाह

251 टैंक नष्ट किए

12:59 (IST) 4 Mar 2022
अमेरिका ने क्रेमलिन के प्रवक्ता, रूसी कुलीन वर्ग के 50 लोगों पर प्रतिबंध

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने रूस के दिग्गज कारोबारियों और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निकट सहयोगियों पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। अमेरिका ने यूक्रेन पर आक्रमण का आदेश देने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को निशाना बनाने के नवीनतम प्रयास में क्रेमलिन के प्रेस सचिव दमित्री पेस्कोव समेत रूसी कुलीन वर्ग के 50 लोगों और उनके परिवारों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि प्रतिबंध उन लोगों को लक्षित करेंगे, जो रूसी कारोबारियों के साथ अवैध तरीके से संबद्ध हैं। बाइडन ने व्हाइट हाउस में बृहस्पतिवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘आज, मैं घोषणा कर रहा हूं कि हम सूची में दर्जनों और नाम जोड़ रहे हैं, जिसमें रूस के सबसे धनी अरबपति भी शामिल हैं। मैं, 50 से अधिक रूसी कुलीन वर्गों के लोगों, उनके परिवारों और उनके करीबी सहयोगियों के अमेरिका की यात्रा करने पर भी प्रतिबंध लगा रहा हूं।’’

उन्होंने कहा कि अमेरिका लगातार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके सभी करीबी लोगों पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा रहा है, जिससे उनकी प्रौद्योगिकी और वैश्विक वित्तीय प्रणाली तक पहुंच बंद हो गई है।

12:51 (IST) 4 Mar 2022
यूरोप के सबसे बड़े परमाणु प्लांट में रूस की गोलाबारी से लगी आग बुझाई गई

रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी को युद्ध शुरू हुआ था। आज दोनों मुल्कों के बीच जारी जंग का नौवां दिन है। इस बीच, एपी की खबर में बताया गया कि यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र में रूस की गोलाबारी से लगी आग को बुझा दिया गया है।

12:49 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन संकट : गो फर्स्ट का विमान बुडापेस्ट से 177 भारतीयों को लेकर नयी दिल्ली पहुंचा

निजी विमानन कंपनी गो फर्स्ट का एक विमान हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट से 177 भारतीयों को लेकर शुक्रवार को नयी दिल्ली पहुंचा। ये सभी भारतीय नागरिक युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे हुए थे। एयरलाइन कंपनी का कहना है कि यूक्रेन में फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत 10 मार्च तक प्रत्येक दिन दो उड़ानों का संचालन किया जाएगा।

एयरलाइन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक गो फर्स्ट के विमान ने 177 यात्रियों के साथ बुडापेस्ट से बृहस्पतिवार को स्थानीय समयानुसार शाम पांच बजकर 58 मिनट पर उड़ान भरी और शुक्रवार को पूर्वाह्न नौ बजकर 20 मिनट पर नयी दिल्ली पहुंच गया।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कौशिक खोना ने कहा, “यह एक बड़ा मानवीय संकट है। गो फर्स्ट फंसे हुए भारतीयों को स्वदेश वापस लाने और उन्हें उनके प्रियजनों से मिलवाने में मदद करने के लिए और उड़ानों का संचालन करेगा।” एयरलाइन ने कहा कि वह विदेश मंत्रालय की आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त उड़ानें प्रदान करने का भी प्रयास करेगी।

12:24 (IST) 4 Mar 2022
‘17,000 भारतीयों को अभी तक वहां से निकाला जा चुका’

युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे 17,000 भारतीयों को अभी तक वहां से निकाला जा चुका है। यह जानकारी अटॉर्नी जनरल के के वेणुगोपाल ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को दी।

12:03 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन में स्थिति की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री कर रहे हैं उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

यूक्रेन में जारी रूसी सैन्य कार्रवाई और वहां से भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को एक और उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, कैबिनेट सचिव राजीव गौबा और प्रधानमंत्री कार्यालय के शीर्ष अधिकारी मौजूद हैं।

सूत्रों ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री यूक्रेन से संबंधित स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।’’ यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब रूसी बलों ने यूक्रेन के एनेर्होदर शहर में हमले तेज कर दिए हैं और इसी क्रम में यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हुई गोलाबारी के बाद आग लग गई है। संयंत्र में आग लगने के बाद वहां से विकिरण फैलने का खतरा पैदा हो गया है। इस बीच, भारतीयों को यूक्रेन से निकालने के प्रयासों को और तेज कर दिया गया है। भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान भी भारतीयों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए चलाए जा रहे ‘‘ऑपरेशन गंगा’’ में शामिल किए गए हैं।

11:56 (IST) 4 Mar 2022
द.अफ्रीका ने कहा कि कूटनीति, वार्ता, मध्यस्थता के लिये अनुकूल माहौल नहीं बनाता प्रस्ताव

दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर हमले के लिये रूस की निंदा करने वाले प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में मतदान न करने की वजह बताते हुए कहा कि प्रस्ताव “कूटनीति, संवाद और मध्यस्थता के लिए अनुकूल वातावरण नहीं बनाता है।”

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा बुधवार को बुलाए गए एक आपातकालीन सत्र के दौरान, 193 सदस्यों में से 141 सदस्यों ने रूस के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव का समर्थन किया, जबकि दक्षिण अफ्रीका सहित 35 सदस्यों ने इसमें भाग नहीं लिया । रूस, सीरिया और बेलारूस सहित पांच अन्य ने इसके खिलाफ मतदान किया था। इस प्रस्ताव में “यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की निंदा की गई थी।”

अंतरराष्ट्रीय संबंध और सहयोग विभाग ने एक बयान में कहा, “आज हमने जिस प्रस्ताव पर विचार किया है, वह कूटनीति, संवाद और मध्यस्थता के लिए अनुकूल माहौल नहीं बनाता है।”

11:24 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी की अहम मीटिंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन संकट पर अहम मीटिंग ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह एक किस्म की रिव्यू मीटिंग है। इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और एनएसए अजित डोभाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

10:50 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन ने फीफा से स्कॉटलैंड के खिलाफ विश्व कप प्ले आफ मुकाबला स्थगित करने को कहा

फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा ने कहा है कि यूक्रेन ने स्कॉटलैंड के खिलाफ विश्व कप क्वालीफाइंग मुकाबला स्थगित करने की मांग की है। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद देश में घरेलू फुटबॉल टूर्नामेंट बंद हो गए हैं। फीफा ने गुरुवार को कहा, ‘‘फीफा पुष्टि कर सकता है कि उसे आज यूक्रेन फुटबॉल संघ से मार्च में होने वाले उनके मुकाबलों को स्थगित करने का निवेदन मिला है।’’

यूक्रेन को 24 मार्च को ग्लास्गो में स्कॉटलैंड से भिड़ना है। इस मैच का विजेता पांच दिन बाद वेल्स और आस्ट्रिया के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेगा जिससे कतर में इस साल होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली टीम का फैसला होगा।

10:10 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन में परमाणु ऊर्जा संयंत्र में आग लगने पर बाइडन ने की जेलेंस्की से बातचीत

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने ‘जपोरिजिया परमाणु संयंत्र’ में आग लगने पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बातचीत की और रूस से प्रभावित क्षेत्र में अपनी सैन्य गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने तथा आपात बचाव दल को वहां जाने की अनुमति देने की मांग की है। व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी।

यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र के प्रवक्ता ने बातया है कि दक्षिणी यूक्रेन के एनेर्होदर शहर में रूस के ऊर्जा संयंत्र पर हमला करने के बाद प्रतिष्ठान में आग लग गयी है। व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ मिलकर रूस से प्रभावित क्षेत्र में अपनी सैन्य गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने तथा आपात बचाव दल को वहां जाने की अनुमति देने की मांग की है।’’

10:09 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन में रूसी हमले का शिकार बने परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कोई विकिरण परिवर्तन नहीं : आईएईए

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का कहना है कि यूक्रेन में रूसी सेना के हमले का शिकार हुए परमाणु ऊर्जा संयंत्र में विकिरण के स्तर में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। आईएईए ने यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा नियामक के हवाले से ट्वीट कर शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आईएईए ने टि्वटर पर कहा कि उसके महानिदेशक मारियानो ग्रॉसी जपोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र की मौजूदा स्थिति को लेकर यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्मीगल और यूक्रेनी परमाणु ऊर्जा नियामक और संचालक के लगातार संपर्क में बने हुए हैं। आईएईए के महानिदेशक ने दोनों पक्षों से गोलाबारी बंद करने की अपील करते हुए कहा कि यदि परमाणु ऊर्जा को निशाना बनाया गया तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के कार्यालय के एक अधिकारी ने पहचान गुप्त रखे जाने की शर्त पर कहा कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र अभी तक क्षतिग्रस्त नहीं हुआ है और विकिरण का स्तर सामान्य है।

10:08 (IST) 4 Mar 2022
कीव में एक भारतीय छात्र गोली लगने से हुआ घायल- वीके सिंह

नागर विमानन राज्य मंत्री वी के सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यूक्रेन की राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र कथित तौर पर गोली लगने से घायल हो गया है। मंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ आज, हमें पता चला है कि कीव छोड़कर जा रहे एक छात्र को गोली लग गई है। उसे वापस कीव ले जाया गया है। युद्ध में ऐसा होता है।’’ सिंह, इस समय युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए उसके पड़ोसी देश पोलैंड में हैं।

सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें। भारत, रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते स्वदेश ला रहा है। बता दें कि एक मार्च को यूक्रेन के खारकीव में गोली लगने से कर्नाटक के छात्र नवीन एसजी की मौत हो गई थी। वह घटना के वक्त अपने और साथी छात्रों के लिये भोजन लेने बाहर निकला था।

10:06 (IST) 4 Mar 2022
परमाणु ऊर्जा संयंत्र को रूसी सेना ने बनाया निशाना

यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र के प्रवक्ता ने कहा कि दक्षिणी यूक्रेन के एनेर्होदर शहर में ऊर्जा संयंत्र पर रूसी सेना के हमले से प्रतिष्ठान में आग लग गयी है। एक सरकारी अधिकारी ने ‘द एसोसिएटेडेट प्रेस’(एपी) को बताया कि ‘जपोरिजिया परमाणु संयंत्र’ के आस-पास के क्षेत्र में विकरण का स्तर बढ़ा हुआ पाया गया है। इस स्थान पर देश की करीब 25 प्रतिशत बिजली का उत्पादन होता है।

अधिकारी ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि सूचना को अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। संयंत्र के प्रवक्ता एन्ड्री तुज ने यूक्रेनी टेलीविजन को बताया कि आग को बुझाने के लिए लड़ाई रोकी जानी बेहद जरूरी है। रूसी सेना यूक्रेनी शहर एनेर्होदर पर नियंत्रण के लिए बृहस्पतिवार से लड़ाई लड़ रही है, जहां यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र है और उन्होंने देश को समुद्र मार्ग से काटने के लिए भी काफी मशक्कत की है।

देश के नेताओं ने नागरिकों से आक्रमणकारियों के खिलाफ छापामार युद्ध करने का आह्वान किया है। एनेर्होदर में देश का एक-चौथाई बिजली उत्पादन होता है। वहां लड़ाई ऐसे वक्त हो रही है, जब रूस और यूक्रेन के बीच दूसरे दौर की बातचीत में नागरिकों को निकालने और मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए एक सुरक्षित गलियारा बनाने के संबंध में एक अस्थायी समझौता हुआ है।

बता दें कि ‘ऑपरेशन गंगा’ (इवैक्युएशन प्रोग्राम) चलाए जाने के बाद भी सूमी से बड़ी संख्या में भारतीय छात्र फंसे हैं। शनिवार को यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने बताया कि वह पूर्वी यूक्रेन के शहर सूमी से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव तरीके तलाश रहा है। वह यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए निकासी मार्गों की पहचान के वास्ते रेड क्रॉस सहित सभी संबंधित वार्ताकारों के संपर्क में है।

सूमी उन संघर्ष क्षेत्रों में से एक है, जहां रूसी और यूक्रेनी सेनाओं के बीच भीषण लड़ाई देखने को मिल रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को बताया था कि सूमी में करीब 700 भारतीयों के फंसे होने की जानकारी है। बागची ने यूक्रेन और रूस, दोनों पक्षों से खारकीव और सूमी सहित संघर्ष वाले अन्य क्षेत्रों से भारतीयों की निकासी के लिए ‘स्थानीय स्तर पर युद्ध विराम’ का भी आग्रह किया था।