Russia Ukraine Crisis: संकटग्रस्त यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस की सेना सीजफायर का सही से पालन नहीं कर रही है। वह मारियोपाल में लगातार गोलीबारी कर रही है। ऐसे में सुरक्षा कारणों से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम नहीं हो सकता। यह काम अगले दिन यानी छह मार्च को किया जाएगा।

इससे पहले, संकटग्रस्त यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के जंग के बीच बड़ा दावा किया है। उनका कहा है कि यूक्रेन और वहां के लोग हार नहीं मानने वाले हैं। यूक्रेनी नागरिक देश के लिए जंग लड़ रहे हैं, जबकि अब तक 10 हजार रूसी सैनिक मारे गए हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बोले हैं कि यूक्रेन पर रूस का हमला महज एक देश पर हमला नहीं है। यह यूरोप और वैश्विक शांति पर हमला है।

रूसी मीडिया ने कहा है कि रूस ने युद्धग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को निकालने के लिए अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की है। जानकारी के अनुसार संघर्ष विराम आज (स्थानीय समयानुसार) सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक घोषित किया गया है। वहीं फ्रांस ने कहा है कि वो यूक्रेन के परमाणु संयंत्रों को सुरक्षित करने के लिए काम करेगा।

वहीं यूक्रेन में राष्ट्रपति भवन के पास हमले की कोशिश की गई है। अंग्रेजी न्यूज चैनल इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति जेलेंस्की के आवास (राष्ट्रपति भवन) के पास मिसाइल दागी गई थी। चूंकि, वहां आसपास एंटी-मिसाइल सिस्टम एक्टिव था, लिहाजा वह नष्ट हो गई।

इस बीच, कीव में कई धमाकों की खबर है, जबकि सुमी में जमीनी जंग तेज हो चली है। वहीं, मारियोपोल भी चारों ओर से घेर लिया गया है। कहा जा रहा है कि तीसरे दौर की बातचीत रविवार तक संभव है। इससे पहले, 28 फरवरी को पहले दौर व तीन मार्च को दूसरे दौर की वार्ता हुई, जो कि बेनतीजा रहीं।

Live Updates

Russia-Ukraine Conflict: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर यहां पर पाएं पल-पल के ताजा अपडेट्स:

09:50 (IST) 5 Mar 2022
तीन बार राष्ट्रपति जेलेंस्की को मारने के किए जा चुके प्रयास

रूसी सेना यूक्रेन पर लगातार बमबारी कर रही है। यूक्रेन के कई शहर बमबारी के कारण तबाह हो चुके हैं। यूक्रेन ने अपना ही एक शिप रूस के डर से डुबा दिया। ये शिप मरम्मत के लिए बंदरगाह पर खड़ा था, तभी रूसी सैनिकों के कब्जे के डर से इसे डुबाने का आदेश दे दिया गया। दि टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को मारने के लिए कम से कम तीन बार प्रयास किए जा चुके हैं। हालांकि तीनों प्रयास नाकाम रहे हैं।

09:49 (IST) 5 Mar 2022
राष्ट्रपति जेलेंस्की देश छोड़कर भाग गए- रूस का दावा

रूसी मीडिया के अनुसार यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की देश छोड़कर भाग गए हैं। उनके पोलैंड जाने का दावा किया जा रहा है। भारत ने यूक्रेन में फंसे छात्रों को निकालने के लिए युद्धविराम की मांग की है। वहीं रूस और यूक्रेन के बीच जारी इस जंग के कारण अबतक 12 लाख यूक्रेनी लोग देश छोड़ जा चुके हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को पड़ोसी देशों से यूक्रेन संकट पर तनाव नहीं बढ़ाने का आग्रह किया। वहीं यूएनएसआरसी में रूस के हमले को लेकर एक स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जांच आयोग की स्थापना पर हुए मतदान से भारत ने खुद को दूर रखा है।

07:58 (IST) 5 Mar 2022
यूक्रेन संकट: भारत अपने नागरिकों को निकालने के लिए स्थानीय संघर्ष विराम चाहता है

भारत ने पूर्वी यूक्रेन में रूस और यूक्रेन के सैनिकों के बीच स्थानीय संघर्ष विराम का आग्रह किया है, ताकि संघर्ष वाले क्षेत्रों में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने में आसानी हो। साथ ही, भारत ने कहा कि आम आदमी की निकासी के लिए सुरक्षित गलियारे बनाने के बारे में दोनों पक्षों (रूस और यूक्रेन) द्वारा लिये गये फैसले को मूर्त रूप लेते देखना अभी बाकी है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि युद्धग्रस्त देश को लेकर प्रथम परामर्श जारी होने के बाद करीब 20,000 भारतीय सुरक्षित रहने के लिए यूक्रेन की सीमा छोड़ चुके हैं। वहीं, ऐसी खबरें आ रही है कि दिल्ली के एक छात्र को कई गोलियां लगी, लेकिन वह हमले में करिश्माई तरीके से बच गया।

07:45 (IST) 5 Mar 2022
भारत ने परमाणु केंद्रों पर हमलों के खिलाफ आगाह किया

यूक्रेन में जोपोरिज्जिया परमाणु संयंत्र पर रूस के हमले के बाद भारत ने शुक्रवार को आगाह किया कि परमाणु केंद्रों से संबंधित किसी भी दुर्घटना के जन स्वास्थ्य और पर्यावरण पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं। साथ ही उसने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को यूक्रेन में पैदा हो रहे मानवीय संकट को ‘‘समझना चाहिए’’।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी एस तिरुमूर्ति ने कहा, ‘‘भारत परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को सर्वोच्च महत्ता देता है क्योंकि परमाणु केंद्रों से जुड़ी किसी भी दुर्घटना के जन स्वास्थ्य और पर्यावरण पर गंभीर असर हो सकते हैं।’’ संयुक्त राष्ट्र की 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने आपात बैठक की थी।

तिरुमूर्ति ने कहा कि भारत यूक्रेन में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और केंद्रों की सुरक्षा से संबंधित घटनाक्रम पर सावधानीपूर्वक नजर रख रहा है और साथ ही कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के उसकी सुरक्षा तथा निगरानी गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

06:23 (IST) 5 Mar 2022
यूक्रेन चाहता है कि पुतिन के खिलाफ जांच विशेष न्यायाधिकरण करे

यूक्रेन की सरकार और एक पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री इस बात पर जोर दे रहे हैं कि यूक्रेन पर हमले के मामले में एक विशेष अपराध न्यायाधिकरण में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके सहयोगियों पर मुकदमा चलाया जाए। ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन ने कहा कि ‘‘हमलों के अपराध’’ की जांच के लिए एक अधिकरण बनाने की मांग द्वितीय विश्व युद्ध के बाद नाजियों पर न्यायाधिकरणों में मुकदमा चलाये जाने के मामलों पर आधारित है।

04:43 (IST) 5 Mar 2022
यूक्रेन से लौटे मेडिकल छात्रों को भारतीय कॉलेज में समायोजित किया जाए: आईएमए

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने यूक्रेन से स्वदेश लौटे मेडिकल छात्रों के भविष्य के बारे में चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सिफारिश की है कि उन्हें एकमुश्त उपाय के तौर पर भारत के मेडिकल स्कूलों में समायोजित किया जाए। आईएमए ने शुक्रवार को मोदी को लिखे एक पत्र में कहा कि ऐसे छात्रों को एक ‘‘उचित वितरण’’ के माध्यम से उनके शेष एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए भारतीय मेडिकल कॉलेजों में जाने की अनुमति दी जानी चाहिए, लेकिन इसे वार्षिक समायोजन क्षमता वृद्धि के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

04:38 (IST) 5 Mar 2022
कीव में गोलीबारी में घायल छात्र की आपबीतीः मैने सोचा कि अंत समय आ गया

यूक्रेन में युद्ध प्रभावित कीव से सुरक्षित निकलने के प्रयास में 31 वर्षीय भारतीय छात्र हरजोत सिंह गोलीबारी का शिकार हो गया और एक गोली सीने में लगने समेत शरीर पर चार गोलियां झेलने के बाद भी खुद के जीवित बचने को उसने खुशनसीबी बताया है। दिल्ली निवासी हरजोत ने 27 फरवरी के घटनाक्रम को याद करते हुए कहा, ‘‘हम लीव जाने के लिए कैब में बैठे थे। हमें एक बैरिकेड पर रोका गया और तभी गोलियां चलने लगीं। मुझे लगा कि अब अंत समय आ गया है। भगवान की कृपा से मैं जीवित बच गया।’’ हरजोत का कीव के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुछ दिन के बाद हरजोत के होश में आने पर यहां उसके परिजनों ने राहत की सांस ली, जब उन्हें बताया गया कि वह चमत्कारिक तरीके से गोलियों से बच गया।

04:26 (IST) 5 Mar 2022
रिजिजू ने यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के लिए स्लोवाकिया के पीएम से की मुलाकात

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री एडुअर्ड हेगर से मुलाकात की। रिजिजू युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारतीयों को स्लोवाकिया के रास्ते निकालने के अभियान की निगरानी कर रहे हैं। स्लोवाकिया में भारतीय दूतावास ने ट्वीट कर इस मुलाकात की जानकारी दी। रिजिजू उन चार केंद्रीय मंत्रियों में से एक हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन गंगा के तहत भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए अपने विशेष दूत के तौर पर यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजा है।

04:24 (IST) 5 Mar 2022
रोमानिया से 170 लोगों को लेकर रवाना हुआ एयर एशिया का विमान

किफायती सेवा देने वाली विमानन कम्पनी एयर एशिया ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन से भारतीयों को विमान के जरिये वापस लाने के लिए वह रोमानिया के सुचिवा शहर से एक उड़ान का परिचालन कर रही है। एयरलाइन ने शुक्रवार को कहा कि ऑपरेशन गंगा के तहत, एयर एशिया की पहली उड़ान सुचिवा से 170 लोगों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई है।

04:20 (IST) 5 Mar 2022
अहमदाबाद जिले के 200 से अधिक छात्र यूक्रेन में फंसे हैं: अधिकारी

गुजरात के अहमदाबाद जिले के 205 छात्र अभी भी युद्धग्रस्त यूक्रेन और उसके पड़ोसी देशों में फंसे हुए हैं। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को दी। अहमदाबाद के कलेक्टर संदीप सागले ने आज ऐसे ही एक छात्र शिवम शर्मा के माता-पिता से मुलाकात की और उसकी स्थिति के बारे में जानकारी जुटायी। शिवम के अभिभावकों से यहां राणिप स्थित उनके आवास पर मिलने के बाद सागले ने कहा, “यूक्रेन में फंसे कुल 259 छात्रों में से 54 वापस आ गए हैं और शेष छात्रों को वापस लाने के प्रयास जारी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने फंसे भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा शुरू किया है।” गुजरात के विभिन्न हिस्सों से करीब 220 छात्र यूक्रेन से निकाले जाने के बाद पिछले एक सप्ताह में दिल्ली और मुंबई से यहां पहुंचे हैं।

03:17 (IST) 5 Mar 2022
पुतिन को यूक्रेन को सीरिया में न बदलने दें

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने अपने नाटो समकक्षों से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन को सीरिया में बदलने से रोकने के लिए कहा है। उन्होंने कहा- “इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, अभी कार्रवाई करें। पुतिन को यूक्रेन को सीरिया में बदलने न दें। हम लड़ने के लिए तैयार हैं। हम लड़ाई जारी रखेंगे। लेकिन हमें ठोस, दृढ़ और तेज कार्रवाई में मदद करने के लिए भागीदारों की जरूरत है।”

01:22 (IST) 5 Mar 2022
पुतिन को रूस के पड़ोसी देशों से यूक्रेन संकट पर तनाव नहीं बढ़ाने का आग्रह

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को रूस के पड़ोसी देशों से यूक्रेन संकट पर तनाव नहीं बढ़ाने का आग्रह किया। वहीं यूएनएसआरसी में रूस के हमले को लेकर एक स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जांच आयोग की स्थापना पर हुए मतदान से भारत ने खुद को दूर रखा है।

00:46 (IST) 5 Mar 2022
रूस के निशाने पर यूक्रेन का परमाणु प्लांट

रूसी राष्ट्रपति पुतिन और वहां की सेना का जो मौजूदा रुख है, वह बताता है कि वह अपने मकसद को लेकर साफ है। रूस के निशाने पर वहां का परमाणु प्लांट और चेर्निहीव (कीव और खारकीव के बाद) है। वहीं, संकटग्रस्त यूक्रेन में एक भारतीय छात्र को गोली भी लगी है। यह जानकारी वीके सिंह की ओर से दी गई।

22:41 (IST) 4 Mar 2022
सभी रूसी मांगें’ पूरी हुईं तो यूक्रेन से वार्ता के लिए तैयार- पुतिन

क्रेमलिन ने शुक्रवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक टेलीफोन कॉल में जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ से कहा कि रूस यूक्रेन पर बातचीत के लिए तैयार है, अगर उसकी सभी मांगें पूरी होती हैं तब।

क्रेमलिन ने एक बयान में कहा- “पुतिन ने पुष्टि की कि रूस, यूक्रेनी पक्ष के साथ-साथ यूक्रेन में शांति चाहने वाले सभी लोगों के साथ बातचीत के लिए तैयार है। लेकिन इस शर्त के तहत कि सभी रूसी मांगें पूरी हों।”

21:37 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन सोमवार को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में रूस से भिड़ेगा

रूस को सैन्य हमलो को बंद करने का आदेश देने के लिए यूक्रेन द्वारा मांगे गए आपातकालीन उपायों पर सुनवाई में यूक्रेन और रूस सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) में आमने-सामने होंगे। इस सुनवाई से पहले रूस की कानूनी टीम एक प्रमुख वकील के इस्तीफे से कमजोर हो गई।

21:35 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन इस सप्ताह के अंत में रूस के साथ तीसरे दौर की वार्ता करने की योजना बना रहा है

एएफपी ने शुक्रवार को बताया कि यूक्रेन इस सप्ताह के अंत में रूसी अधिकारियों के साथ तीसरे दौर की बातचीत करने की योजना बना रहा है।

21:07 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने देश छोड़ा- रूसी मीडिया

रूसी मीडिया ने दावा किया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की देश छोड़कर भाग गए हैं। दावे के अनुसार राष्ट्रपति पोलैंड चले गए हैं।

20:47 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन को सीरिया न बनने दें: यूक्रेन के विदेश मंत्री ने नाटो समकक्षों से कहा

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने अपने नाटो समकक्षों से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन को सीरिया में बदलने से रोकने के लिए कहा है। उन्होंने कहा- “इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, अभी कार्रवाई करें। पुतिन को यूक्रेन को सीरिया में बदलने न दें। हम लड़ने के लिए तैयार हैं। हम लड़ाई जारी रखेंगे। लेकिन हमें ठोस, दृढ़ और तेज कार्रवाई में मदद करने के लिए भागीदारों की जरूरत है।”

20:34 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 331 हुई: UNHRC

यूएनएचआरसी कार्यालय ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन में 24 फरवरी को रूस के आक्रमण शुरू होने के बाद से 331 नागरिक मारे गए हैं। वहीं 675 लोग घायल हुए हैं।

20:33 (IST) 4 Mar 2022
परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमला युद्ध अपराध है: यूक्रेन में अमेरिकी दूतावास

यूक्रेन में अमेरिका के दूतावास ने कहा है कि रूस द्वारा परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमला करना एक युद्ध अपराध है। अमेरिकी दूतावास ने कहा- “यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र पर पुतिन के सेना की गोलाबारी उसके आतंक के शासन को एक कदम आगे ले जाती है”।

19:19 (IST) 4 Mar 2022
भारत ने की युद्धविराम की मांग

विदेश मंत्रालय ने कहा कि रेस्क्यू युद्धविराम के बिना मुश्किल लग रहा है। हम संबंधित पक्षों- यूक्रेन और रूस से आग्रह करते हैं कि कम से कम एक स्थानीय युद्धविराम हो, ताकि हम अपने लोगों, छात्रों को निकाल सकें।

19:05 (IST) 4 Mar 2022
रूस के आक्रमण के बाद से 12 लाख से अधिक लोग यूक्रेन से भागे: यूएन

संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार रूस के हमले के बाद से 1.2 मिलियन से अधिक लोग यूक्रेन से पड़ोसी देशों में भाग चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी यूनिसेफ का अनुमान है कि उनमें से लगभग आधा मिलियन युवा हैं। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (यूएनएचसीआर) ने अनुमान लगाया है कि चार मिलियन से अधिक यूक्रेनी शरणार्थियों को अंततः सुरक्षा और सहायता की आवश्यकता हो सकती है।

18:33 (IST) 4 Mar 2022
20,000 से ज्यादा भारतीय देश लौटे

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि पहली एडवाइजरी जारी होने के बाद से 20,000 से अधिक भारतीय नागरिक यूक्रेन से देश लौट चुके हैं। ऑपरेशन गंगा के तहत 48 उड़ानें अब तक यूक्रेन से लगभग 10,348 भारतीयों को लेकर भारत पहुंच चुकी हैं। वहीं अगले 24 घंटों में 16 और फ्लाइट शेड्यूल है।

उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में 16 फ्लाइट भारत पहुंचने के बाद लगभग ऐसे सभी भारतीय छात्र भारत पहुंच जाएंगे जो यूक्रेन बॉर्डर पार करके पड़ोसी देशों में पहुंचे हैं। हालांकि अभी भी कुछ लोग यूक्रेन में फंसे हैं। जिन्हें रेस्क्यू करने की कोशिशें जारी हैं।

18:05 (IST) 4 Mar 2022
यूक्रेन की राजधानी कीव में घुसे रूसी सैनिक

रूसी अधिकारियों द्वारा जारी एक वीडियो में रूसी सैनिकों को यूक्रेन की राजधानी कीव में प्रवेश करते हुए दिखाया गया है। रूसी सैनिक अपने काफिले के साथ रूस में घुस गए हैं।

17:45 (IST) 4 Mar 2022
रूस के पड़ोसियों को यूक्रेन संकट पर तनाव नहीं बढ़ाना चाहिए- पुतिन

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस के पड़ोसियों को यूक्रेन संकट पर तनाव नहीं बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा- “हमारे पड़ोसियों के प्रति कोई बुरा इरादा नहीं है। मैं उन्हें सलाह भी दूंगा कि वे स्थिति को न बढ़ाएं, कोई प्रतिबंध न लगाएं। हम अपने सभी दायित्वों को पूरा करते हैं और उन्हें पूरा करना जारी रखेंगे।

17:41 (IST) 4 Mar 2022
UNHRC में यूक्रेन के मुद्दे पर हुए मतदान में भारत अनुपस्थित

भारत यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद एक स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जांच आयोग की स्थापना पर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में मतदान से अनुपस्थित रहा है।

16:35 (IST) 4 Mar 2022
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने यूक्रेन के शरणार्थियों की सहायता के लिए दान किया

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने यूक्रेन के शरणार्थियों की सहायता के लिए कोष में एक बड़ा दान दिया है। एकत्रित धन यूक्रेनी शरणार्थियों को भोजन, पानी, दवाएं, कपड़े और आवास प्रदान करने के लिए भेजा जाएगा है। बकिंघम पैलेस ने दान की राशि के बारे में जानकारी नहीं दी है।

16:34 (IST) 4 Mar 2022
परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर रूसी हमले में 3 यूक्रेनी सैनिक मारे गए: रिपोर्ट

यूक्रेनी की परमाणु कंपनी ने कहा कि परमाणु संयंत्र पर रूसी हमले में 3 यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं और 2 घायल हो गए हैं। हालांकि संयंत्र सुरक्षित है।

16:32 (IST) 4 Mar 2022
ज़ेलेंस्की ने परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमले के बाद जापानी प्रधानमंत्री से की बात

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से ज़ापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र हमले पर बात की। हालांकि यह संयंत्र सुरक्षित है। जेलेंस्की चाहते हैं कि इस हमले के लिए रूस पर और प्रतिबंध लगे।

15:52 (IST) 4 Mar 2022
परमाणु रिएक्टर को रूसी हमले में नुकसान नहीं: IAEA

अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल एम ग्रॉसी ने यूक्रेन के ज़ापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र की स्थिति पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि रूसी हमले में 6 परमाणु रिएक्टरों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

बता दें कि ‘ऑपरेशन गंगा’ (इवैक्युएशन प्रोग्राम) चलाए जाने के बाद भी सूमी से बड़ी संख्या में भारतीय छात्र फंसे हैं। शनिवार को यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने बताया कि वह पूर्वी यूक्रेन के शहर सूमी से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव तरीके तलाश रहा है। वह यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए निकासी मार्गों की पहचान के वास्ते रेड क्रॉस सहित सभी संबंधित वार्ताकारों के संपर्क में है।

सूमी उन संघर्ष क्षेत्रों में से एक है, जहां रूसी और यूक्रेनी सेनाओं के बीच भीषण लड़ाई देखने को मिल रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को बताया था कि सूमी में करीब 700 भारतीयों के फंसे होने की जानकारी है। बागची ने यूक्रेन और रूस, दोनों पक्षों से खारकीव और सूमी सहित संघर्ष वाले अन्य क्षेत्रों से भारतीयों की निकासी के लिए ‘स्थानीय स्तर पर युद्ध विराम’ का भी आग्रह किया था।