Russia Ukraine Crisis: संकटग्रस्त यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस की सेना सीजफायर का सही से पालन नहीं कर रही है। वह मारियोपाल में लगातार गोलीबारी कर रही है। ऐसे में सुरक्षा कारणों से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम नहीं हो सकता। यह काम अगले दिन यानी छह मार्च को किया जाएगा।
इससे पहले, संकटग्रस्त यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के जंग के बीच बड़ा दावा किया है। उनका कहा है कि यूक्रेन और वहां के लोग हार नहीं मानने वाले हैं। यूक्रेनी नागरिक देश के लिए जंग लड़ रहे हैं, जबकि अब तक 10 हजार रूसी सैनिक मारे गए हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बोले हैं कि यूक्रेन पर रूस का हमला महज एक देश पर हमला नहीं है। यह यूरोप और वैश्विक शांति पर हमला है।
रूसी मीडिया ने कहा है कि रूस ने युद्धग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को निकालने के लिए अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की है। जानकारी के अनुसार संघर्ष विराम आज (स्थानीय समयानुसार) सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक घोषित किया गया है। वहीं फ्रांस ने कहा है कि वो यूक्रेन के परमाणु संयंत्रों को सुरक्षित करने के लिए काम करेगा।
वहीं यूक्रेन में राष्ट्रपति भवन के पास हमले की कोशिश की गई है। अंग्रेजी न्यूज चैनल इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति जेलेंस्की के आवास (राष्ट्रपति भवन) के पास मिसाइल दागी गई थी। चूंकि, वहां आसपास एंटी-मिसाइल सिस्टम एक्टिव था, लिहाजा वह नष्ट हो गई।
इस बीच, कीव में कई धमाकों की खबर है, जबकि सुमी में जमीनी जंग तेज हो चली है। वहीं, मारियोपोल भी चारों ओर से घेर लिया गया है। कहा जा रहा है कि तीसरे दौर की बातचीत रविवार तक संभव है। इससे पहले, 28 फरवरी को पहले दौर व तीन मार्च को दूसरे दौर की वार्ता हुई, जो कि बेनतीजा रहीं।
Russia-Ukraine Conflict: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर यहां पर पाएं पल-पल के ताजा अपडेट्स:
अमेरिकी सीनेटरों के साथ बातचीत के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति ने विमानों की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इसकी सख्त जरूरत है।
मायकोलाइव ओब्लास्ट के गवर्नर विटाली किम के अनुसार यूक्रेनी सेना ने दोबारा से शहर पर नियंत्रण कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस हमले में नागरिक भी हताहत हुए हैं, लेकिन उनकी संख्या अभी स्पष्ट नहीं है।
यूक्रेन के साथ जारी जंग के बीच तुर्की ने कहा कि वो रविवार को रूस से बात करेगा। ये बातचीत रूसी राष्ट्रपित पुतिन के साथ तुर्की के राष्ट्रपति फोन पर करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युद्ध प्रभावित यूक्रेन की स्थिति और अपने नागरिकों को वापस लाने के भारत के प्रयासों पर चर्चा करने के लिए शनिवार शाम एक और उच्च स्तरीय बैठक बुलाई।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी जे ब्लिंकेन ने पोलैंड की तारीफ करते हुए कहा है कि पोलैंड यूक्रेन संकट से निपटने के लिए अहम काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पोलैंड ने यूक्रेन को सुरक्षा सहायता प्रदान करने के लिए बहुत कुछ किया है।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने जानकारी दी है कि यूक्रेन में रूसी आक्रमण शुरू होने के बाद से 351 नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं 707 नागरिक घायल हुए हैं।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि रूस के खिलाफ प्रतिबंध युद्ध की घोषणा के समान हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर नो-फ्लाई ज़ोन लगाने का कोई भी प्रयास रूस के खिलाफ युद्ध माना जाएगा।
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि बड़ी संख्या में भारतीय छात्र यूक्रेन छोड़ चुके हैं। दूतावास उन लोगों से संपर्क करने का प्रयास करेगा जो अभी भी पीछे छूट गए हैं। सूमी और कुछ क्षेत्रों के अलावा बहुत अधिक लोग नहीं बचे हैं। लगभग सभी भारतीय खारकीव शहर छोड़ चुके हैं।
रूस ने अमेरिका से लिखित आश्वासन की मांग की है कि प्रतिबंध ईरान के साथ उसके सहयोग को प्रभावित नहीं करेंगे। TASS ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का हवाला देते हुए ये जानकारी दी है।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कहना है कि मारियुपोल के अधिकारी शहर के निवासियों को निकलने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खेरसॉन के अधिकारियों ने "रूस से मानवीय सहायता स्वीकार करने से इनकार कर दिया है"।
यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को 10 दिन हो गए हैं। इस बीच, रूस की सरकारी मीडिया ने खबर दी है कि सेना यूक्रेन के दो इलाकों में अस्थायी संघर्ष विराम का पालन कर रही है ताकि आम नागरिकों को वहां से निकाला जा सके।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की यूक्रेन में ''नो फ्लाई जोन'' घोषित करने से 'नाटो' के इनकार के एक दिन बाद शनिवार को एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये अमेरिकी सीनेटरों को हालात की जानकारी देने वाले हैं। वहीं दूसरी ओर यूक्रेन में कई स्थानों पर रूसी मिसाइल और तोप हमले जारी हैं।
रूस के रक्षा अधिकारियों ने यूक्रेन के दो शहरों में अस्थायी तौर पर संघर्ष विराम की घोषणा की है, ताकि लोगों को वहां से निकाला जा सके। लेकिन एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि शनिवार को उनके इलाके में गोलाबारी जारी रही।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह दक्षिण पूर्व में स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बंदरगाह मारियूपोल और पूर्व में स्थित वोलनोवाखा शहर में लोगों को निकालने के लिए रास्ता देने को सहमत है। हालांकि, इस बयान में यह स्पष्ट नहीं था कि वे मार्ग कब तक खुले रहेंगे।
पिछले कई दिनों से मारियूपोल में रूसी सेनाएं गोलाबारी कर रही हैं और बर्फीली सर्दी में वहां फंसे सैकड़ों लोगों के लिए बिजली, फोन, भोजन और पानी का संकट पैदा हो गया है। डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स नामक संस्था ने कहा कि शहर में दवाओं की भी कमी हो गई है।
अंतरराष्ट्रीय प्रवास संगठन ने कहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन छोड़ कर जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 14.5 लाख पहुंच गई है। यूक्रेन से लोग जिन देशों में पहुंचे हैं, वहां की सरकारों से प्राप्त आंकड़ों का हवाला देते हुए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने शनिवार को कहा कि उनमें से 7,87,300 लोग पोलैंड गए हैं। इसके अलावा करीब 2,28,700 लोग मोल्डोवा, 1,44,700 लोग हंगरी, 1,32,600 लोग रोमानिया और 1,00,500 लोग स्लोवाकिया गये हैं। एजेंसी ने कहा कि 138 देशों के नागरिक यूक्रेन की सीमा पार कर पड़ोसी राष्ट्रों में गये हैं।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का आज (पांच मार्च, 2022) 10वां दिन है। यूक्रेन के अखबार दि कीव इंडिपेंडेंट (The Kyiv Independent) ने पेंटागन के अफसर के हवाले से बताया कि रूस ने इस हफ्ते 500 से अधिक मिसाइलें दागीं, क्योंकि वह पूरे यूक्रेन को कब्जाने की ओर बढ़ चुका है। रूस एक दिन में दो दर्जन के हिसाब से हर किस्म की मिसाइलें लॉन्च कर रहा है।
उधर, रूस के दावों (कीव छोड़ने के आरोप) पर पलटवार करते हुए यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने साफ किया है कि कोई कहीं नहीं भागा है। वह कहीं नहीं गए हैं, जबकि वह आखिरी वक्त तक देश की रक्षा करेंगे। उन्होंने इसके साथ ही चेताते हुए यह भी कहा है कि यूक्रेन अगर खत्म हुआ, तो यूरोप खत्म हो जाएगा। उन्होंने इस दौरान यूरोप से चुप न रहने की अपील की।
विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन में भारतीय छात्रों को सुरक्षा सावधानी बरतने और अनावश्यक जोखिम से बचने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्विटर पर लिखा- "अपने छात्रों को सुरक्षा सावधानी बरतने, सेल्टर होम के अंदर रहने और अनावश्यक जोखिमों से बचने की सलाह दी है। मंत्रालय और हमारे दूतावास छात्रों के साथ नियमित संपर्क में हैं"।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के कार्यालय ने कहा है कि फ्रांस जल्द ही यूक्रेन के पांच प्रमुख परमाणु स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस उपाय प्रस्तावित करेगा। सुरक्षा उपायों को अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के मानदंडों के आधार पर तैयार किया जाएगा।
यूक्रेन में भारत के दूतावास का कहना है कि उन्होंने खारकीव से 298 भारतीय छात्रों को निकालने के लिए बसों की व्यवस्था की है। इन्हीं बसों के जरिए छात्रों को यूक्रेन से बाहर निकाला जाएगा।
यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव ने शनिवार को कहा कि 66,224 यूक्रेनियन रूस के खिलाफ जंग में शामिल होने के लिए विदेशों से लौट आए हैं।
यूक्रेन की राजधानी कीव के पास एक गांव पर हवाई हमले में एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई। रूसी वायुसेना के इस हमले में कई लोग घायल भी हो गए हैं।
यूक्रेन की द कीव इंडिपेंडेंट के अनुसार मानवीय गलियारों को स्थापित करने के लिए मारियुपोल और वोल्नोवाखा में अस्थायी युद्धविराम शुरू हो गया है। ये गलियारे नागरिकों को निकालने और दुनिया से कटे हुए शहरों में भोजन और दवा पहुंचाने का काम करेंगे।
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने शनिवार को कहा कि वह पूर्वी यूक्रेनी शहर सुमी से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव कोशिश रहा है। दूतावास ने कहा कि वह भारतीयों को बाहर निकालने के लिए निकास मार्गों की पहचान करने के लिए रेड क्रॉस समेत तमाम संबंधित पक्षों के साथ संपर्क में है।
रूसी मीडिया स्पुतनिक के अनुसार रूस ने यूक्रेन में फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए कुछ समय के लिए युद्ध विराम की घोषणा की है।
रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को सूचित किया है कि रूसी बसें पूर्वी यूक्रेन के खारकीव और सूमी शहरों में फंसे भारतीय छात्रों और अन्य विदेशी नागरिकों को निकालने के लिए क्रॉसिंग पॉइंट पर तैयार हैं। संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि वसीली नेबेंजिया ने कहा कि रूसी सेना यूक्रेन में फंसे विदेशी नागरिकों की शांतिपूर्ण निकासी सुनिश्चित करने के लिए सब कुछ कर रही है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शनिवार को कहा कि पिछले सप्ताह यूक्रेन में मारे गए मेडिकल छात्र नवीन शेखरप्पा के शव को वापस लाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा- ""हम भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं, इस मामले पर विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी बात की है।"
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने यूरोपीय देशों के प्रदर्शनकारियों से बात की है। ये लोग रूस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शनकाियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस जंग वो लोग यूक्रेन का साथ दें।
उत्तर कोरिया ने शनिवार को समुद्र में एक संदिग्ध बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया। यह जानकारी उसके पड़ोसी देश की सेना ने दी। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने बताया कि उत्तर कोरिया ने राजधानी प्योंगयांग से संभावित बैलेस्टिक मिसाइल देश के पूर्वी समुद्र की ओर दागी है। यह नहीं पता चला है कि वह कितनी दूरी पर जाकर गिरी है। जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी जोर देकर कहा कि संभावित हाथियर बैलेस्टिक मिसाइल हो सकती है।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सुह हून इस परीक्षण पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की आपात बैठक करेंगे। परीक्षण पर अमेरिका या उसकी सेना द्वारा तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। नवीनतम परीक्षण दक्षिण कोरिया और जापान के उस दावे के करीब एक सप्ताह बाद किया गया है जिसमें कहा गया था कि उत्तर कोरिया ने रविवार को बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया जो करीब 300 किलोमीटर की दूरी तक और करीब 600 किलोमीटर की ऊंचाई तक गई।
यूपी के पूर्व सीएम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि यूक्रेन में मारे गये छात्र (नवीन) के शव को लाने के मामले में संवेदनहीन भाजपा विधायक का ये बयान (जहाज़ में जितनी जगह में एक शव आएगा उतने में आठ लोग आ सकते हैं) घोर निंदनीय है। सरकार शव को ससम्मान लाए व स्पष्ट करे कि जिन छात्रों का कोर्स यूक्रेन में अधूरा रह गया है वो अब पूरा कैसे होगा।
रूस और यूक्रेन के बीच आज जंग का 10वां दिन है। इस बीच, द कीव इंडिपेंडेंट (यूक्रेन) की ओर से बताया गया कि कीव में हवाई हमले की चेतावनी दी गई है, जबकि स्थानीय लोगों से आसपास के शेल्टर्स में जाने के लिए कहा गया है।
भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के तीन विमान यूक्रेन के पड़ोसी देशों से 629 भारतीयों को लेकर शनिवार सुबह दिल्ली के हिंडन वायु सैनिक अड्डे पर पहुंचे। वायुसेना ने यह जानकारी दी। दरअसल, रूसी सेना के हमले के मद्देनजर यूक्रेन का हवाई क्षेत्र 24 फरवरी को ही बंद कर दिया गया था। इसके बाद यूक्रेन के पड़ोसी देश रोमानिया, हंगरी, स्लोवाकिया और पोलैंड से विशेष उड़ानों के जरिए फंसे हुए भारतीय नागरिकों को वापस लाया जा रहा है।
भारतीय वायु सेना ने एक बयान में कहा, ‘‘यूक्रेन में फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत अब तक वायु सेना की 10 विशेष उड़ानों के जरिए 2,056 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है। इसके अलावा यूक्रेन के पड़ोसी देशों को 26 टन राहत सामग्री भी पहुंचाई गयी है।’’ बयान में कहा गया है कि भारतीयों को वापस लाने के लिए आईएएफ के तीन सी-17 मालवाहक विमान शुक्रवार को हिंडन वायु सैनिक अड्डे से रवाना हुए थे, जो 629 भारतीय नागरिकों को लेकर शनिवार की सुबह वापस लौटे।
यूक्रेन के सुमी में फिलहाल जमीनी जंग तेज हो चली है। इस बीच, लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की गई है। अन्य शहरों में भी रूस की ओर से मिसाइल हमले किए जाने की खबर है।
बता दें कि 'ऑपरेशन गंगा' (इवैक्युएशन प्रोग्राम) चलाए जाने के बाद भी सूमी से बड़ी संख्या में भारतीय छात्र फंसे हैं। शनिवार को यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने बताया कि वह पूर्वी यूक्रेन के शहर सूमी से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव तरीके तलाश रहा है। वह यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए निकासी मार्गों की पहचान के वास्ते रेड क्रॉस सहित सभी संबंधित वार्ताकारों के संपर्क में है।
सूमी उन संघर्ष क्षेत्रों में से एक है, जहां रूसी और यूक्रेनी सेनाओं के बीच भीषण लड़ाई देखने को मिल रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को बताया था कि सूमी में करीब 700 भारतीयों के फंसे होने की जानकारी है। बागची ने यूक्रेन और रूस, दोनों पक्षों से खारकीव और सूमी सहित संघर्ष वाले अन्य क्षेत्रों से भारतीयों की निकासी के लिए ‘स्थानीय स्तर पर युद्ध विराम’ का भी आग्रह किया था।