यूक्रेन में रूसी सेना की तरफ से जबरदस्त बमबारी जारी है। जिसके कारण उसके कई शहर तबाह हो चुके हैं। यूक्रेन के आरोप के मुताबिक सुमी शहर पर रूस ने 500 किलो का बम गिराया है। जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई है। इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मंगलवार को रूस के गैस, तेल और ऊर्जा के सभी आयातों पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को पड़ोसी देशों से निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा के तहत सुशिवा से दो विशेष नागरिक विमानों के जरिए 410 भारतीयों को एयरलिफ्ट किया गया है। 22 फरवरी को विशेष उड़ानों की शुरुआत के बाद से अब तक 18 हजार भारतीयों को देश वापस लाया जा चुका है।

भारत सरकार ने जानकारी दी है कि सुमी में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने का सिलसिला अब शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने मंगलवार को बताया कि सुमी में फंसे हुए छात्रों को वहां से निकालकर दूसरी जगह ले जाया जा रहा है।

वहीं युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि मैं कहीं गया नहीं हूं कीव में ही हूं। उन्होंने वीडियो संदेश में कहा है कि हम युद्ध जीतने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। दरअसल रूसी मीडिया की तरफ से दावा किया जा रहा था कि जेलेंस्की यूक्रेन छोड़कर भाग गये हैं। ऐसे में अब उन्होंने अपना एक वीडियो जारी कर कहा कि मैं कहीं छुपा नहीं हूं और कीव के बोनकोवा में हूं।

बेलारूस में रूस और यूक्रेन के बीच हुई तीसरे दौर की वार्ता में कोई अहम परिणाम नहीं निकल सका। यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य मायखाइलो पोडोलीक ने कहा कि इस बातचीत में यूक्रेन में मानवीय गलियारों के लॉजिस्टिक्स में सुधार को लेकर थोड़ी बहुत प्रगति हुई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के कार्यालय प्रमुख के सलाहकार पोडोलीक ने कहा कि युद्धविराम और सुरक्षा गारंटी के साथ समझौते के मुख्य राजनीतिक ब्लॉक पर गहन परामर्श जारी है।

उत्तर पूर्वी यूक्रेन में सोमवार को सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी में लगभग 600 भारतीय छात्रों को निकालने पर अंतिम समय पर रोक लगा दी गई थी। इसको लेकर भारतीय दूतावास ने कथित तौर पर कॉलेज को जानकारी दी थी कि रोमानिया सीमा पर सुरक्षा कारणों से यात्रा शुरू करना सुरक्षित नहीं होगा।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने यूएनएससी बैठक में कहा, “भारतीयों के लिए निकासी अभियान में स्वदेश लाने के लिए 80 से अधिक निकासी उड़ानें भरी जा चुकी हैं। इस दौरान भारतीयों की सुविधा में यूक्रेन और उसके पड़ोसी देशों के अधिकारियों द्वारा प्रदान की गई सहायता की हम प्रशंसा करते हैं।”

इसके अलावा भारत की तरफ से भी यूक्रेन को मानवीय सहायता भेजी जा रही है। सोमवार को यूएनएससी की बैठक में भारत के प्रतिनिधि टी.एस. तिरुमूर्ति ने बताया कि भारत पहले ही यूक्रेन और उसके पड़ोसी देशों को मानवीय सहायता भेज चुका है। इनमें दवाएं, टेंट, पानी के भंडारण टैंक, अन्य राहत सामग्री शामिल हैं। हम अन्य आवश्यकताओं की पहचान करने और उन्हें भेजने की प्रक्रिया में हैं।

तिरुमूर्ति ने कहा कि हमने भारतीयों सहित सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित मार्ग की अपनी अति-आवश्यक मांग को दोहराया है। हम इस बात से बहुत चिंतित हैं कि दोनों पक्षों से बार-बार आग्रह करने के बावजूद सुमी में हमारे छात्रों के लिए एक सुरक्षित मार्ग नहीं बन पाया।

Live Updates

Russia Ukraine Crisis Live Updates: यूक्रेन के सुमी से भारतीय छात्रों को निकालने के लिए एक टीम पोल्तावा शहर में डेरा डाले हुए है ताकि पोल्तावा के रास्ते पश्चिमी सीमा पहुंचा जा सके।

15:05 (IST) 7 Mar 2022
यूक्रेन ने अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में पेश की अपनी दलीलें

अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट में यूक्रेन के मामले को लेकर आज से कार्रवाई शुरू हो गई है। यूक्रेन ने अंतर्राष्ट्रीय न्यायलय के समक्ष अपनी दलीलें रखते हुए कहा कि यूक्रेन आक्रामकता का सामना कर रहा है। रूसी बम और मिसाइलें तबाही मचा रही हैं। लाखों लोगों की जिंदगी खतरे में है। यूक्रेन पर रूस के हमले के परिणामस्वरूप 1.5 मिलियन लोग देश छोड़कर भाग गए हैं।

15:02 (IST) 7 Mar 2022
दक्षिण कोरिया ने रूस के केंद्रीय बैंक के साथ लेनदेन निलंबित किया

कोरिया के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि दक्षिण कोरिया, रूस के खिलाफ अतिरिक्त प्रतिबंधों के रूप में रूस के केंद्रीय बैंक के साथ लेनदेन को निलंबित करने का फैसला किया है। वहां की सरकार ने कहा कि वह संबंधित सरकारी एजेंसियों के साथ परामर्श के बाद प्रतिबंधों के और विवरण की घोषणा करेगी। इससे पहले, दक्षिण कोरिया ने सात प्रमुख रूसी बैंकों के साथ वित्तीय लेनदेन पर प्रतिबंध लगा दिया था।

15:00 (IST) 7 Mar 2022
यूक्रेन संकट पर अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय की सुनवाई से रूस हटा

रूस ने यूक्रेन संकट पर अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय की सुनवाई में भाग नहीं लेने का फैसला किया है। आईसीजे मामले के तथ्यों और रूस द्वारा की जा रही सैन्य कार्रवाई को तत्काल निलंबित करने के यूक्रेन के आवेदन की जांच कर रहा है।

14:28 (IST) 7 Mar 2022
रूस में बढ़ रहा पुतिन के फैसले का विरोध

रूस में यूक्रेन पर हमले के पुतिन के फैसले का विरोध बढ़ता जा रहा है। रविवार को 5000 रूसी नागरिकों को यूक्रेन पर हमले के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर हिरासत में ले लिया गया।

14:27 (IST) 7 Mar 2022
चीन बोला- रूस के साथ रिश्‍ते चट्टान की तरह मजबूत

यूक्रेन पर चल रहे ताबड़तोड़ रूसी हमलों के बीच चीन का बयान आया है। ड्रैगन ने कहा कि चीन और रशिया की दोस्‍ती एकदम रॉक सॉलिड है। साथ ही चीन के विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि वह यूक्रेन और रूस के बीच चल युद्ध को रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।

14:23 (IST) 7 Mar 2022
मोदी से फोन पर बातचीत के बाद जेलेंस्‍की बोले- भारत ने हमारी सराहना की है

यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने पीएम मोदी से फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि रूसी हमले के मुकाबले के बारे में भारतीय प्रधानमंत्री मोदी को सूचित किया है। युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता और उच्चतम स्तर पर शांतिपूर्ण वार्ता के लिए यूक्रेन की प्रतिबद्धता की भारत ने सराहना की है।

14:16 (IST) 7 Mar 2022
रूस के राष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री पर न्‍यूजीलैंड ने लगाया बैन

न्‍यूजीलैंड ने व्‍लादिमीर पुतिन समेत 100 महत्वपूर्ण रशियन नागरिकों पर प्रतिबंध लगा दिया है। न्‍यूजीलैंड की लिस्‍ट में रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन, रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और विदेश मंत्री सर्गेई लावारोव भी हैं।

14:08 (IST) 7 Mar 2022
अमेरिका और अन्‍य नाटो देशों ने यूक्रेन को दिए 17000 से ज्‍यादा एंटी टैंक वेपन

अमेरिका और नाटो के अन्‍य सदस्‍य देशों में रूस के खिलाफ जंग में यूक्रेल को अब तक दिए 17000 से ज्‍यादा एंटी टैंक वेपन। न्‍यूयॉर्क टाइम्‍स की रिपोर्ट में यह दावा किया है। इस बीच अमेरिकी रक्षा विभाग ने बेहद अहम जानकारी साझा की है। पेंटागन के मुताबिक, यूक्रेन पर रूस अब तक 600 से मिसाइल हमले कर चुका है।

12:50 (IST) 7 Mar 2022
पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्‍ट्रपति से फोन पर की बात

पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्‍की से फोन 35 मिनट तक बात की। इस दौरान पीएम मोदी सुमी में फंसे भारतीयों छात्रों को निकालने के लिए सहायता देने की बात कही। साथ ही भारतीय नागरिकों को युद्धग्रस्‍त इलाकों से निकालने के लिए मदद देने के लिए धन्‍यवाद भी किया।

10:56 (IST) 7 Mar 2022
रूस के खिलाफ इंटरनेशनल कोर्ट गया यूक्रेन

यूक्रेन ने यूएन कोर्ट से रूसी हमले रुकवाने की मांग की है। यूक्रेन ने इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में कहा कि रूस झूठ का सहारा लेकर यूक्रेन में नरसंहार कर रहा है। रूसी हमलों को तुरंत रोका जाना चाहिए।

10:41 (IST) 7 Mar 2022
न्‍यूजीलैंड लगाने जा रहा रूस पर बेहद कड़े प्रतिबंध

न्‍यूजीलैंड ने रूस पर बेहद कड़े प्रतिबंध लगाने के लिए कमर कस ली हैं। न्‍यूजीलैंड जल्‍द ही एक विधेयक लाने जा रहा है। इनमें रूस पर प्रतिबंध के लिए कई तरह के प्रावधान किए गए हैं। न्‍यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा अरडर्न ने कहा कि न्‍यूजीलैंड अपने देश में मौजूद रूस का सारी संपत्ति जब्‍त करेगा। साथ ही अपने देश की कंपनी और लोगों को रूस में निवेश करने से रोकेगा। न्‍यूजीलैंड सभी शिप और हवाई जहाजों को रूस के वायु और जल सीमा में जाने से भी रोकेगा।

10:15 (IST) 7 Mar 2022
पोलैंड पहुंचे यूक्रेन में घायल हुए भारतीय छात्र हरजोत सिंह

यूक्रेन में गोलीबारी के बीच फंसे भारतीय छात्र हरजोत सिंह अस्‍पताल में इलाज कराने के बाद पोलैंड बॉर्डर पहुंच गए हैं। उन्‍हें एंबुलेंस में पोलैंड तक लाया गया। उन्‍हें बॉर्डर पर भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने रिसीव किया और अब उन्‍हें रेजेजॉ एयरपोर्ट की तरफ ले जाया जा रहा है। हरजोत सिंह को दो गोलियां लगी थीं। अब वह खतरे से बाहर हैं।

10:09 (IST) 7 Mar 2022
यूक्रेन ने उस ब्रिज को उड़ाया जिस पर खड़ी थी रूसी सेना

खारकीव में यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने उस ब्रिज को बम से उड़ा दिया है, जिस पर रूसी सैनिक खड़े थे। यूक्रेन ने दावा किया है कि 6 मार्च को विनीसिया में रूस ने 8 मिसाइल दागीं। इस हमले में विनीसिया का एयरपोर्ट तबाह हो गया। इसके अलावा यूक्रेन के लुशांक में भी विस्‍फोट के चलते यहां के ऑइल डिपो में आग लग गई। यूक्रेन ने क्रामर्तोस्‍क में रिहाइशी बिल्डिंग पर रूसी मिसाइल हमले का दावा किया है, जिसमें दो आम नागरिकों के मारे जाने की खबर है। यूक्रेन ने खारकीव में एक रूसी फाइटर जेट को मार गिराने का भी दावा किया है।

10:00 (IST) 7 Mar 2022
राजनाथ सिंह ने की तीनों सेना प्रमुखों से मुलाकात

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इंडियन आर्मी, इंडियन एयर फोर्स और इंडियन नेवी के प्रमुखों के साथ मुलाकात की है। इस दौरान उन्‍होंने रूस पर अमेरिका समेत अन्‍य पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों के चलते भारत पर पड़ने वाले असर की समीक्षा की। भारत के जितने भी वेपन सिस्‍टम हैं उनका 50 प्रतिशत हिस्‍सा रूस से ही आता है।

09:53 (IST) 7 Mar 2022
अब तक 10 लोगों ने छोड़ा यूक्रेन

यूक्रेन के पड़ोसी देश पोलैंड की एजेंसी पोलिश बॉर्डर गार्ड ने दावा किया है कि युद्धग्रस्‍त से अब तक 10 लाख लोग बॉर्डर क्रॉस करके पोलैंड आ चुके हैं।

09:18 (IST) 7 Mar 2022
पीएम मोदी करेंगे यूक्रेन के राष्‍ट्रपति से फोन पर बात

सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी फोन पर यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमिर जेवेंस्‍की के साथ बातचीत भी करेंगे। संभव है कि इस बातचीत के बाद भारत अपने बचे हुए सभी नागरिकों को यूक्रेन से निकालने में सफल हो जाए।

08:55 (IST) 7 Mar 2022
हमले तभी रुकेंगे, जब कीव शत्रुता समाप्त करे: पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस के हमलों को ‘‘केवल तभी रोका जा सकता है, जब कीव शत्रुता समाप्त कर दे।’’ राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने बताया कि कीव के बाह्य इलाकों में, उत्तर में चेर्निहिव, दक्षिण में मायकोलाइव और देश के दूसरा सबसे बड़े शहर खारकीव में रविवार देर रात गोलाबारी की गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, खारकीव के रिहायशी इलाकों में तोपों से गोले दागे गए और गोलाबारी में एक टेलीविजन टॉवर भी क्षतिग्रस्त हो गया।

08:44 (IST) 7 Mar 2022
ईयू के रक्षा समझौते में शामिल होने पर जनमत संग्रह करेगा डेनमार्क

यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच डेनमार्क जून में इस बात को लेकर जनमत संग्रह करेगा कि उसे यूरोपीय संघ (ईयू) के रक्षा समझौते में शामिल होना चाहिए या नहीं। देश की पिछले 30 साल से ईयू की साझा सुरक्षा नीतियों से अलग रहने की नीति रही है। डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने रविवार देर रात कहा, ‘‘ऐतिहासिक समय में ऐतिहासिक फैसले करने पड़ते हैं।’’ उन्होंने कोपेनहेगन में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ‘‘नया समय, नई वास्तविकता की शुरुआत की है। यूक्रेन का संघर्ष केवल यूक्रेन का नहीं है। हम यूरोप के साथ एकजुट होकर खड़े हैं।’’ ईयू की साझा सुरक्षा नीति (सीएसडीपी) में शामिल होने को लेकर जनमत संग्रह एक जून को होगा। यह पूछे जाने पर कि ईयू के संबंध में डेनमार्क की सुरक्षा नीतियों में इतना बड़ा बदलाव इस समय क्यों आवश्यक है, फ्रेडरिक्सन ने कहा, ‘‘अब समय आ गया है कि पश्चिमी दुनिया में हर कोई खुद को तैयार करे ले।’’

भारत अपने नागरिकों को रोमानिया, पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया और मोल्दोवा के रास्ते वापस ला रहा है। ये भारतीय नागरिक यूक्रेन की जमीनी सीमा बिंदुओं को पार करके इन देशों में पहुंचे हैं। पहली उड़ान 26 फरवरी को फंसे भारतीयों को बुखारेस्ट से लेकर वापस आई थी। रूस द्वारा सैन्य अभियान शुरू किये जाने के बाद यूक्रेन ने नागरिक विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। अधिकारियों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 13 उड़ानों में करीब 2,500 भारतीयों को निकाला गया। उन्होंने कहा कि हंगरी, रोमानिया और पोलैंड से फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए अगले 24 घंटों में सात उड़ानें निर्धारित हैं। बुडापेस्ट से पांच उड़ानें होंगी, पोलैंड में रेज़ज़ो और रोमानिया में सुचेवा से एक-एक उड़ान संचालित की जाएगी। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ऑपरेशन गंगा के तहत, अब तक 76 उड़ानें 15,920 से अधिक भारतीयों को भारत वापस ला चुकी हैं। इन 76 उड़ानों में से 13 उड़ानें पिछले 24 घंटों में भारत लौटी हैं।’’ हंगरी में भारतीय दूतावास ने ट्विटर पर एक “महत्वपूर्ण घोषणा” पोस्ट की, जिसमें भारतीय छात्रों से कहा गया है कि वे भारत लौटने के लिए निर्दिष्ट संपर्क बिंदुओं पर रिपोर्ट करें। हंगरी में स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, ‘‘महत्वपूर्ण सूचना: भारतीय दूतावास ऑपरेशन गंगा के तहत अंतिम चरण की निकासी उड़ानों की आज शुरुआत कर रहा है। जो भी छात्र (दूतावास के अलावा) खुद से किये गए प्रबंध में रह रहे हैं, उन्हें बुडापेस्ट स्थित यूटी 90 रकोजी हंगरी सेंटर में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक पहुंचने का अनुरोध किया जाता है।’’