रूस और यूक्रेन के बीच जंग अभी भी जारी है। इस बीच रूस से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बड़ा बयान सामने आया है। इसमें NATO देशों को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए कहा गया कि अगर गैर-परमाणु देश किसी न्यूक्लियर पावर वाले देश का साथ लेकर हमला करता है तो उसे रूस के खिलाफ जंग माना जाएगा। पुतिन ने चेतावनी देते हुए कहा कि रूस के खिलाफ बैलिस्टिक मिसाइल का जवाब परमाणु हमले से दिया जाएगा।

तो किया जाएगा परमाणु हमला – पुतिन

पुतिन ने कहा कि कोई भी देश जो परमाणु शक्ति नहीं है, वह अगर रूस के खिलाफ हमला करता है तो उसे सीधे तौर पर जंग माना जाएगा। इतना ही नहीं पुतिन ने साफ कहा कि किसी देश ने अगर रूस पर बैलिस्टिक मिसाइल से भी हमला किया तो उसका जवाब परमाणु हमले से दिया जाएगा। बता दें कि अमेरिका समेत कई यूरोपीय देशों यूक्रेन को कई अत्याधुनिक हथियार दिए हैं। इनमें लंबी दूरी की मिसाइल भी शामिल है।

रूस ने क्या किया बदलाव

रूस ने परमाणु हमले को लेकर अपनी पॉलिसी में अहम बदलाव किया है। इसके मुताबिक अगर किसी न्यूक्लियर ताकत वाले देश की मदद से रूस की जमीन पर कन्वेंशनल मिसाइल हमला होता है तो वह ऐसी स्थिति में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के लिए स्वतंत्र होगा। रूस में इस बदलाव को लेकर प्रक्रिया पिछले काफी समय से जारी थी। रूस का यह फैसला अमेरिका के उस कदम के बाद आया है जिसमें जो बाइडेन ने यूक्रेन को लंबी दूरी वाली अमेरिकी मिसाइलों को रूस के खिलाफ इस्तेमाल को मंजूरी दी है। इतना ही नहीं रूस ने अहम बदलाव करते हुए फैसला लिया है कि अगर रूस को ऐसा लगा कि उसके देश को और लोगों को खतरा है तो वह न्यूक्लियर मिसाइल और मिसाइल डिफेंस सिस्टम को भी तैनात कर सकता है।

रूस ने यह फैसला सिर्फ बैलिस्टिक मिसाइल को लेकर भी नहीं लिया है। अगर उसकी सीमा में कोई ड्रोन या एयरक्राफ्ट आता है तो भी उसे रूस पर खतरे के तौर पर देखा जाएगा। रूस ने पॉलिसी में बदलाव करते हुए कहा कि ऐसा आक्रमण, अगर किसी गठबंधन के सदस्य देश की ओर से होता है तो मॉस्को इस आक्रमण को पूरे गठबंधन की ओर से किया गया हमला मानेगा। इसका मतलब हुआ कि अमेरिकी हथियारों से हमले के लिए वह पूरे नाटो देशों को इसके लिए जिम्मेदार मानेगा और अपने न्यूक्लिर हथियारों का इस्तेमाल उनके खिलाफ करेगा।