Putin Talked Jinping: रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine War) को अगले साल फरवरी में एक साल पूरा हो जाएगा। ऐसे में न ही रूस पीछे हटना चाहता है और न ही यूक्रेन हथियार डालने के पक्ष में हैं। इसी बीच रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) ने शुक्रवार (30 दिसंबर, 2022) को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Chinese President Xi Jinping) से कहा कि वह सैन्य सहयोग बढ़ाने के इच्छुक हैं। इस दौरान पुतिन ने पश्चिमी प्रभाव का मुकाबला करने के लिए दोनों देशों के प्रयासों की सराहना की।

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध ((Russia Ukraine War) के बीच पुतिन ने चीन के साथ राजनीतिक और सैन्य संबंधों को मजबूत करने की उम्मीद की है। बता दें, यूक्रेन में रूस का आक्रमण बीजिंग के लिए एक संवेदनशील मुद्दा है। चीन ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर खुद को तटस्थ रखने की कोशिश की है, लेकिन अपने रणनीतिक सहयोगी रूस को राजनयिक समर्थन देने की पेशकश की है।

पुतिन ने चीनी राष्ट्रपति को डियर फ्रेंड कहकर किया संबोधित

पुतिन और जिनपिंग की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत हुई। बातचीत की शुरुआत में पुतिन ने चीनी नेता को डियर फ्रेंड कहकर संबोधित किया। रूसी नेता ने कहा कि हमारा उद्देश्य रूस और चीन के सशस्त्र बलों के बीच सहयोग को मजबूत करना है।

पुतिन ने मास्को और बीजिंग के प्रयासों की सराहना की

रूसी प्रेसिडेंट व्लादिमीर इस दौरान पश्चिमी दबाव और उकसावे का मुकाबला करने के लिए मास्को और बीजिंग के प्रयासों की भी सराहना की। पुतिन ने कहा कि बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच रूसी-चीनी रणनीतिक साझेदारी का महत्व बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम वैश्विक भू-राजनीतिक परिदृश्य के चल रहे परिवर्तन के कारणों, पाठ्यक्रम और तर्क पर समान विचार साझा करते हैं। पुतिन ने इस दौरान चीन को तेल निर्यात को लेकर भी बात कही।

पुतिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने दोनों देशों की बातचीत से पहले संवाददाताओं से कहा था कि सबसे पहले, वे यकीनन रूस-चीनी संबंधों पर बात करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्रीय समस्याओं पर भी बातचीत होगी। ऐसे मामले जो रूस और चीन के लिए महत्वपूर्ण हैं उन पर भी चर्चा होगी।

बता दें, चीन तेल के लिए रूस पर अधिक निर्भर हो गया है। यूरोपीय यूनियन के रूस के तेल पर लगे प्रतिबंधों के बीच चीन ने रूस से अधिक मात्रा में तेल खरीद रहा है। वहीं, रूस ने भी ताइवान मामले पर शी जिनपिंग के रुख का सार्वजनिक तौर पर सपोर्ट किया है।